सोमवार, 3 जुलाई 2017

परिवर्तन,,

                          (चित्र संभार इन्टरनेट)

मेरी प्रथम लघुकथा,,"परिवर्तन" ,,,एक शुरूवात, एक प्रयास,,,,

कभी कभी कैसे बुलबुले उठते हैं मन मे,,कुछ बड़े तो कुछ छोटे,,,जैसे मन मे कुछ खौल रहा हो,,तमाम तरह के वैचारिक बुलबुल उभरते और फटते हुए। कहीं पढ़ रही थी कि मनुष्य चाहे जितना भी व्यस्त क्यों ना हो एक निश्चित समय उसे खुद के साथ बिताना चाहिए,,, अच्छा लगता है खुद मे डूबना। अपनी ही कही और की गई क्रियाओं का अवलोकन करना। अपनी अदालत मे जज भी मै और अभियुक्त भी मै,और वकील भी मै,,।  
    अक्सर खो जाया करती थी नीलिमा ऐसी अदालतों की न्यायिक कार्यवाहियों में। बहुत अंदर तक गोता मारना पड़ता था,क्योंकी न्यायालय के सभी किरदार उसे ही निभाने पड़ते थे, निष्पक्ष न्याय की अपेक्षा सभी किरदारों को होती थी।
     रोज़ एक नया मुक्दमा । आज का केस था ,, आकाश का कल रात नियमानुसार बात करके ना सोना। अक्सर दोनो मोबाइल पर सोने से पहले कुछ बातें करते और फिर 'गुडनाइट' कह कर सोने की तैयारी।
     हलांकि दोनो की प्रेम कहानी के शुरूवाती दौर मे ये बाते अंतहीन और समय सीमा से परे होती थीं। चूँकि अब एक लम्बा अरसा तय कर चुका है इन दोनों का प्रेम, अब वह उन्मादीपन नही है।एक दूजे के लिए तड़प अभी भी उतनी ही है, परन्तु एक दूजे की परिस्थियों और जीवन की प्राथमिकताओं की समझ अब परिपक्व होने लगी है। हालात्  मजबूर भी बना देते हैं और इंसान को धीरे धीरे परिपक्व भी। नीलिमा के मन मे जिरह चालू है। आइए अब आज के मुक्दमे की पैरवी शुरू करते हैं।
       इतवार था कल ,झमझमाती बारिश थी,, मतलब ये कि मौका भी और मौसम भी। आकाश और नीलिमा ने एक लम्बे अरसे बाद इस इतवारी सुबह को भरपूर जिया। 
   दोनो अलग अलग शहरों मे रहते हैं। दोनो के बीच सम्पर्क का एक मात्र साधन 'मोबाइल'। क्या अद्भुत आविष्कार है मानव मस्तिष्क का!! कभी दूरियों का पाट देता है,तो कभी दूरियां बना देता है यह अद्भुत यंत्र।
     खैर दोनो की सारी दुनिया इन्ही दो लम्हों की बातों पर चलती थी।ईश्वर की कृपा दृष्टि ही थी जो कल मौके मिलते गए और आत्मिक संतुष्टिदायक बातें दोनों के बीच होती रही सुबह के अलावा भी। 
      पर आदत तो आदत है,,असमय जितना भी मिल जाए,,परन्तु अपने निर्धारित समय पर खुराक़ ना मिले तो तड़प और बेचैनी उत्पन्न होने लगती है। और मामला प्रेम का हो,,,,फिर तो कुछ कहने ही नही।।
       आदतन रात साढ़े नौ बजे तक नीलिमा ने आकाश को मैसेज भेज दिया- "जानेमन डिनर हो गया?"
और हर दो तीन मिनट के बाद उत्तर की जाँच करती रही।
फिर खुद डिनर की तैयारी मे जुट गई। तब तक आकाश का कोई जवाब नही आया था।
  एक घंटे बाद नीलिमा ने यह सोचते हुए या यूँ कहिए खुद को समझाते हुए फिर मैसेज भेजा - सो गए क्या?
'गुडनाइट',,! और अपनी अदालत खोलकर बैठ गई जिरह,सबूत,बयांन ,,,,आज सुबह अच्छी बात हुई,,शाम को भी तो कितनी सुखद और सन्तुष्टिदायक वार्तालाप हुआ,,, चलो कोई नही जो अभी हमारी 'निर्धारित शुभरात्रि' चैट नही हुई।
        इतना सब समझने समझाने के बावजूद भी मन नही मान रहा था,,,बार बार आकाश के रिप्लाई की अपेक्षा मे फोन पर हाथ चला ही जाता था। आकाश का मैसेज आया,,देखते ही चेहरा खिल उठा कि दो बातें कर के सो जाएगी वह ,सुबह उठना था जल्दी।
      जवाब था,, 
"ओ सजनी
सताए रजनी
रवि भर मदमस्त
आ जा कामिनी"

 हाँ डिनर हो गया प्रिये।
"मेरा प्यार"
"गुडनाइट"।
 पुरूष कितने सरल और संतोषी होते हैं,,,कभी प्रेम कर के देखिए यह तथ्य स्पष्ट हो जाएगा । 
    जवाब देखते ही नीलिमा ने एक सांस मे कई मैसेज भेज डाले

" थे कहाँ?
 बिना बतियाए जा रहे हैं सोने।
 बता कर जाइए कहाँ थे?
 सुनिए,,
 सुनिए,,
 देखिएगा मत,,
 दिल दुखा कर गए,,,।"

परन्तु कोई जवाब पलट कर नही आया,,फोन भी किया पर व्यर्थ क्योंकि महाशय 10 मिनट के अंदर ही निद्रादेवी की आगोश मे जा चुके थे।
नीलिमा रात एक बजे तक इधर-उधर करती रही फिर ना जाने कब उसकी भी आंख लग गई।

      "ओह, सो गया था। तुम गुडनाइट कर दी थी इसलिए"
आकाश के  गुडमार्निंग के साथ यह जवाब आया रात के मैसेजों का,,,। 
    बस फिर क्या था,,,एक तरफ नारी मन का गहन मंथन और उससे उपजे तरह-तरह के गम्भीर निर्णय,,और दूजी तरफ सहज-सरल और संतोषी पुरूष मन,,तीक्ष्ण हृदयभेदी प्रहारों को झेलता हुआ। 
     एक छोटी सी गलती कैसे जीवन दर्शन तक का चिन्तन करवा देती है यह विचारणीय एंव दर्शनीय है,,, और यदि आपने प्रेम किया है तब तो ऐसे 'दार्शनिक तर्क-वितर्क" आए दिन झेलने पड़ सकते हैं।

    नीलिमा ने खुद का आत्ममंथन इतनी देर मे कर लिया था। उसके मन की अदालती जिरह बाज़ी ने यह परिणाम निकाले थे-"कभी कभार बिना टाइम बात लम्बी कर लूँ तो मन मान ले की होगया कोटा पूरा अब अपना काम कर नीलिमा" 

   बिचारे आकाश ने अपने बचाव मे भोली सी दलील रखी-" "देखी न एक दिन तुम्हारे goodnight के कारण गफलत हो गयी तो कैसे पटखनी दे रही हो मुझे।"
 पर कहाँ नीलिमा की अदालत अंतिम निर्णय ले चुकी थी,,, "अब से गुडनाइट और गुडमार्निंग बंद,, कोई बंधन नही
 सब उन्मुक्त आत्मा की तरह"।

आकाश की कोमल गुहार- "उफ़्फ़,,,!! इतनी नाराज़गी
 मेरी तो सोचो कुछ क्या बीतेगी,,?
उन्मुक्त तुम्हारे बिना ?
बावली"

नीलिमा- "नाराज़ नही हूँ,, उतार रही हूँ सब"।
आकाश- "दोनों आत्मा एक।
 अलग की बात कितनी निरर्थक
 समझो हम हैं"। 

नीलिमा-"वही तो समझ रही हूँ,,अब कहाँ पहले जैसे करती हूँ
 फोन नही आता था तब कितना आफत करती थी,,।"
आकाश-"संयुक्त भी नहीं,एक ही आत्मा दो शरीर में स्पंदनों को संचालित कर रही हैं। हमारे बीच तेरा-मेरा की कोई संभावना नहीं।"

नीलिमा- "बस यही फिलोसफी उतार रही हूँ
पर आपकी स्थिति तक आने मे थोड़ा और समय लगेगा"।
  
     आकाश-"यह बताओ हमारी बातें कब बंद रहती हैं? कौन सा पल है जिसमें हम एक दूजे से पल भर को अलग हों। बता दो ज़रा?"
नीलिमा-" कभी नही,,होता"
 हमेशा ख्यालों मे रहते हैं,हवा के भांति।"
आकाश-"तो यह फोन कहां से आ गया??
 सही बोली। हवा की तरह"
नीलिमा-"वही तो बोल रही हूँ, फिर फोन आए ना आए कोई फरक ही नही पड़ेगा, पर उस स्थिति तक आने मे मुझे समय लगेगा,,,। उसी की तैयारी चल रही।"

आकाश-"पर फिर भी फोन जरूरी है। आवाज से स्पंदनों से छूटे भाव सुनने को मिलते हैं।"

नीलिमा- "एक बार आपका फोन खराब हुआ था ,,आपसे दो दिन कोई बात नही हो पाई थी,,कैसी हालत हो गई थी,,पर अब वैसा नहीं करना"।(एक पुरानी घटना का संदर्भ देते हुए)

आकाश-"फोन को नकारा नहीं जा सकती है। सम्पूर्ण सम्प्रेषण हो सके ऐसी कोई अभिव्यक्ति नहीं है। इसलिए अभिव्यक्ति के कई साधनों का उपयोग लाजिमी है।"

 नीलिमा-( कटाक्ष मारते हुए)" यह अभिव्यक्ति भी एहसासों मे हो जाएगी।"

आकाश- "एक दिन फोन न आए तो शाम तक हालात बिगड़ जाएंगे। अब तो और बुरी हालत होगी। दो दिन तो प्राण ले लेगा।
 अभी  मैन कि फोन करूं?"
नीलिमा- " नही अभी नही बात करनी" मुँह फुलाते हुए जवाब दी।
आकाश -" फिलॉसॉफी की ऐसी की तैसी"।

नीलिमा -"ना , ऐसी की तैसी क्यों,,,?यह अपनानी बहुत ज़रूरी है
 वरना जीवन काटना भारी"।

आकाश- "आज फोटो की मांग नहीं की? (यह भी एक नियम था रोज़ तैयार होकर आकाश अपनी फोटो नीलिमा को भेजता था, और नीलिमा सारा दिन उस फोटो को जाने कितनी बार निहारती थी,,बातें करती थी, आकाश के चेहरे के भावों को पढती रहती थी)
दो शब्दों का खींजा सा जवाब नीलिमा का-"आपने भेजी नही"।
आकाश-"तो पूछ तो सकती थी कि क्यों न भेजी ?
 कितनी दूर करती जा रही हो मुझे,,।
 जैसे कोई अजनबी हूँ,,।
 इत्तफाक से मिल गया था,,।"
  उफ्फ एक छोटी सी चूक के घातक परिणाम झेलता आकाश,,,। एक तो उमस भरा मौसम ,पसीने से खस्ता हाल,,उस पर प्रेमिका के बिगड़े मिजाज़ की गर्म हवाएं,,, ऐसा दंड,,,,,! राम बचाएं ,,,!!

'मियां की जूती मियां के सर' को सिद्ध करता उत्तर दिया  नीलिमा ने -"सोचा आप व्यस्त होंगें।"

मौसम और माशूका के वार को सहता हुए आकाश बोला- "देखो देखो दुनियावालों
मेरी प्रिये बदल रही"।

माशूका से जीतना इतना आसान नही,, दनदनाता हुआ उत्तर  आया-"आपमे ढल रही हूँ।"

सीमा पर तैनात जवान के भांति हर वार को वीरता के साथ झेलता आकाश,,,,, बोला-"तर्क हर गलती को छुपा लेता है।
 ढल रही,,
शानदार जवाब,वाह!!
 ये मारी।"
दार्शनिकता के समन्दर मे डूबती नीलिमा का निर्णायक जवाब -" आप को दुविधा मे नही डालना कि,,जीवन की प्राथमिकताएं  देखूँ या नीलिमा??
 प्राथमिकता पर ध्यान दें आप।"


आकाश- "प्राथमिकताएं तो चल ही रही हैं, नीलिमा तो मेरी सांस है। 
उसे देखना नहीं उसे तो जिये जा रहा हूँ।
 प्राथमिकता तुम "

नीलिमा के अंदर का वकील मुक्दमे पर अपनी पकड़ बनाता हुआ- "गलत "
आकाश- "क्या गलत। दूर कर रही हो,?"
 नीलिमा-"प्राथमिकताएं विवश करती हैं
मै आपको विवश नही करना चाहती।"

आकाश थोड़ी दृढ़ता के साथ - "विवशता कभी कभी आती है। रोज नहीं"।
नीलिमा -"एकदम भी नाराज़गी नही है।
 बस यह सब बोल देती हूँ तो अपने आप को एक पायदान चढ़ा हुआ पाती हूँ।"
 अपने आप को अब ना ढीगाऊँगीं
 हे प्रियतम तुम रहो कर्मशील कर्तव्यपथ
पर ,मै बाधा बन ना मार्ग अवरोध लगाऊँगीं,, से भाव नीलिमा के मन मे उफान मारने लगे थे ।

आकाश- पूरी चेष्टा के साथ बात को सम्भालने मे लग गया,,, "छोड़ दो फिर कटी पतंग की तरह। यह विवश करना क्या है?
 थोड़ी ज़िद न हो तो मोहब्बत बेरंग हो जाती है।
 तुम्हारे प्यार के पंजे से लटका मैं आसमानों का विचरण कर रहा और तुम विवशता की बात कर रही।"

नीलिमा-"एकदिन आपको  लगेगा की नीलिमा सब समझ जाएगी।"

आकाश-"क्या समझ जाएगी
 बोलो??"

नीलिमा-"कभी किसी कारण बात ना हो पाई,,तो इस तरह की बातें कर के आपको परेशान नही करेगी।
 वह यह समझ जाएगी अवश्य ही कोई कारण रहा होगा।
 अभी भी समझ आता है
 पर समझ कर भी ना समझ बन जाती हूँ।"

आकाश-"अपनी स्वाभाविकता को मत बदलो
 जैसी हो वैसी ही रहो। बेहद प्यारी लगती हो।"

नीलिमा-"पर मुझे खुद को बुरा लगता है, सब समझते हुए भी ऐसे तर्क-वितर्क कर समय नष्ट करती हूँ।"

आकाश-" तो क्या हुआ। हर बात प्यारी और अच्छी हो यह भी तो संभव नहीं।
 सहजता में ही मजा है।
कोई परिवर्तन नहीं।"

नीलिमा-"जो है वह जाएगा थोड़े ही,,,
 मात्रा कम बेशी हो सकती है बस।"

बात का रूख बदलते हुए आकाश ने शरारत भरा प्रश्न पूछा-"
"हमारा बच्चा कब होगा,,,?"
नीलिमा - (मूड मे कोई परिवर्तन नही)
"हो गया,,"
आकाश चौंकते हुए- "कब,??????"
 
नीलिमा- "परिवर्तन नाम रखा है बच्चे का,,,।"
"चलती हूँ नाश्ता बनाना है।
शुभदिन"
आकाश के लिए जवाब की कोई गुन्जाइश ना रखते हुए नीलिमा ने मुक्दमे का फैसला सुना दिया।

आए दिन ऐसे मामले दोनों की अदालत मे आते रहते हैं। निर्णय लिए जाते हैं,,,और दूसरे ही पल,,पुनः एक दूसरे के प्रति उनकी अकुलाहट फिर बांवरी होने लगती है।

********समाप्त*******

शनिवार, 1 जुलाई 2017

आज रंगने का मन कर रहा है,,

                        (चित्र इन्टरनेट से)

रंग को देखकर अक्सर मन उन्मादी हो उठता है,,और कुछ ऐसे एहसास उभर आते हैं,,,,
🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷

आज लिखने का नही,
रंगने का मन कर रहा है।

किसी कोरे कैनवास पर,
रंगों को उड़ेलने का
मन कर रहा है।

हर रंग मे डूबों दूँ
अपनी पूरी हथेलियां,
उन्ही हथेलियों को
कैनवास पर सहलाने का
मन कर रहा है।

कौन सा रंग उठाऊँ पहले?
यह सोच कर नही,,,
बेसुध हो उनकी
चिकनाहट महसूस करने का
मन कर रहा है।

आंखें रंगों की रौनक
मे डूबती रहें,
मुझे बस इस रंगत से
खुद को रंगने का
मन कर रहा है।

रंग उड़ाने का मन
कर रहा है,
रंगों से भिगाने का
मन कर रहा है,,
काश मिला होता
तस्वीर बनाने का हुनर,,
आज मेरे महबूब को कैनवास पर
उतारने का मन कर रहा है।

फिर छूकर तेरी तस्वीर को
उसे हक़ीकत बना देती,
जी भर के चश्म-ए-क़रार को
जीने का मन कर रहा है।

हर तरफ रंग हों,
हर आरज़ू रंग हो,
एहसास रंग हों,
मै भी सतरंगी बन जाऊँ
खुद को ऐसा रंगने का
मन कर रहा है।

लिली मित्रा
#मेरीअभिव्यक्तियों से

शुक्रवार, 30 जून 2017

पहली बारिश,,

                        (चित्र इन्टरनेट से)


बादलों ने घेरा था
मेरे दिल का आसमान,
हल्की सी बूंदा-बांदीं
ने छू लिए तपते अरमान।
आधी सूखी आधी गीली
थी अभी मन की बस्ती,
तभी बादलों की गड़गड़ाहट
ने जारी कर दिया फरमान।

हवाएं थी तेज़,बूँदों ने चूम ली
थी एहसासों की ज़मीन।
एक मीठी सी सिहरन
मुझे आगोश मे ले चली,
प्यार की पहली बारिश
मुझे भिंगोने चली।
चेहरे को चूम अधरों
पर रूकी,एक इन्द्रधनुष
सा खींच वो छूमंतर हो चली।

अंतरमन है तर पहली
 बरसात से,धुली-धुली सी प्रीत
 उज्जवल एहसास से।
अनुभुतियों की शीतलता
अब बहकाने लगी,
प्रीत की पहली बारिश
अधरों पर मुस्कुराने लगी।


बुधवार, 28 जून 2017

मेरी महाभारत,

                        (चित्र इन्टरनेट से)

रणभूमि स्वयं सजाई है,
खुद से ही हाथा-पाई है।
रच डाले कितने चक्रव्यूह,
अभिमन्यु सी स्थिति आई है।

खुद के ही गर्भ से जनितशत्रु,
मुझ पर ही करते तीक्ष्ण प्रहार।
कट-कट कर गिरते अंग-प्रत्यंग,
अन्तर मन लगभग धराशायी है।

मौन भरे हुंकार,आ दुष्ट समक्ष,
क्यों करता छुप छुपकर प्रहार?
कितनो को मार गिराया है,
कितनों की बारी आई है।

अश्रु नही अब रक्त बहे,
कटु सत्यों के घाव सहे।
कोई तो निष्कर्ष मिले अब, 
सांझ भी ढलने को आई है।

संहार हो रहा निर्ममता से,
जो भाव सुकोमल,नर्म सरीखे थे।
पाषण खड़े अब उन जगहों पर,
अभिव्यक्ति बड़ी दुखदाई है।

अभिमन्यु सा तोड़ चक्रव्यूह,
दोनो हस्तों से तलवार उठाई है।
खुद की रचना को भेदूँ कैसे ,
विकट समस्या मुँह बाई है।

अट्टाहासों से गूँज रहा सब ,
विकराल बड़ा भयदायी है।
इस महाभारत से निकलूँ कैसे,
यह ग्रन्थ मुझ से ही जाई है।

सोमवार, 19 जून 2017

महसूस करना कितना सुखद होता है,,,!

           (मेरी खिड़की से झांकती बारिश के बाद की संतुष्टि)

बारिश से धुली-धुली सुबह, ठंडी हवाओं के झोंकें,चाय का कप,मन मे उठते गिरते कितने ख़्याल,,,,और क्या चाहिए एक सुबह को सुहानी होने के लिए।
हाथों मे नोटपैड और तेज़ी से टाइप करती अंगुलियां,,मन मे उठते हर ख़्याल को लपक कर टाइप करती हुईं,,एक पल की भी देरी हुई तो ख़्यालों की चिड़िया एक डाल से दूसरी पर फुदक जाएगी।
   कोई विषय नही है आज,,कोई रूपरेखा नही निर्धारित,,,आज सब आवारा है,,मेरे मन की तरह,,। मौसम के मिजाज़ से तबीयत तर है या कोई और कारण हो भी तो मुझे खुद नही पता,,। कभी-कभी बिन बात के ही सब कुछ रोमानी लगता है,,जैसे जगजीत सिंह जी की प्रेम-गज़ल सुनकर ,, मन तड़प उठता है,, पल मे लगने लगता है हर पंक्ति मेरे लिए है,,भले ही 'प्रेम' का ' प' भी जीवन मे प्रवेश ना पाया हो।
     एक ठंडी हवा का नर्म झोंका टकराया मेरे गालों से,,,,, उँगलियां जगजीत सिंह की गज़ल का विवरण छोड़,,इस झोंके के एहसास पर लपक पड़ी,,कहीं ओझल ना हो जाए। महसूस करना भी कितना सुखद होता है,,,!!! दो विपरीत परिस्थितियों मे रहना और उसको महसूस करना,,,कमरे मे थोड़ी गरमी है,,,और बाहर से आई ठंडी हवा का झोंका जो गालों से टकराया,,, सुखद लगा,,महसूस हुआ,,और लिख गया।
     बारिश फिर से होने लगी,,आज कुदरत रिझाने पर अमादा है,,।जैसे कोई सुन्दर कामिनी,,आंचल मे छुपाए हो दामिनी,हवा के झोंके से जो लहरा जाए आंचल फट पड़े बादल गरज उठे मौसम जामुनी,,,,,। बारिश क्यों रिझाती है??? बिजली के तारों पर बूँदों की वो लड़ियां,,,,!!!! कैसी पंक्तिबद्ध,,,जैसे मुक्ता की माला,,उस पर से सावन जैसे मधुशाला मे हाला,,,!
     गाती भी हैं बूँदें और थिरकती भी हैं,, सुर मे आरोह भी है और अवरोह भी,,लयबद्धता है ,,,,महसूस करना कितना सुखद होता है,,,,,,,! मेरे साथ कर के देखिए। रफ्तार पकड़ती हैं एक साथ कितनी कितनी जलधार ,,सीधी बादलों के अन्तर से निकलती हुई,,तेज़ कभी मद्धम्,,,। क्या बादल रोते हैं,,,? कितने जलकुन्ड और समन्दरों का जल धूप की तपिश मे वाष्पित होकर मेघ बने होंगें,,,!!! कितना लम्बा सफर तय कर ये मेघ पर्वतों से टकराए होंगें,, फिर से मेरे शहर तक आए होंगें,,,,,!! महसूस करना कितना सुखद,,,,,,,,,,,। रोते हैं क्या ,,,? पर क्यों रोते हैं? ये मिलन की सुखद अनुभूति का क्रन्दन है क्या? जल बिन्दुओं का धरती से पुनः मिलन की सुखद अनुभूतियों की अभिव्यक्ति है क्या,,,? पर शायद सभी जल बूँदें भाग्यशाली नहीं। कुछ परम विषाद में हाऊँ-हाऊँ कर के रोती हैं,,। तभी कभी-कभी मुझे तेज़ बारिश मे दर्द की अनुभूति होती है।
         भाग्यशाली नही होतीं???? ऐसा क्यों आया मन में,,?? लगता है मेरा प्रश्न इनके दिल को छू गया,,फिर से एक सौम्य झोंका मेरे चेहरे को छू गया,,। जैसे कह रहा हो,,, बोलो ना क्यों भाग्यशाली नही मैं,,? वो चाहती हैं मुझसे सुनना,,जैसे कुछ बातें हम स्वयं नही कहना चाहते ,पर यह भी चाहते हैं कि सब समझ जाएं,और उसे हमसे ही कहें। आज बूँदें मुझसे कहलवाना चाहती हैं। तो सुन ओ बारिश की बूँदों-" तुम रोती हो परम विषाद में हाऊँ-हाऊँ करके,, और तुम भी अपने आंसुओं को बारिश मे छुपाने की कोशिश करती हो,, थिरकते हुए एक लयबद्ध सुर मे धरती पर गिरती हो। अपने क्रन्दन स्वर को छुपाने के लिए। पर मुझे सुनाई देता है तुम्हारा रोना। तुम अपने भाग्य पर रोती हो,, ना जाने किस जलराशि का अंश हो और किस सूखी धरा पर बरस पड़ी हो,,नियति के नियम से बंधी हो। जहाँ से तुम्हारा उद्गम है वहाँ तुम्हारा मिलन नही। जिसका अंश हो उससे बिछड़ चुकी हो,,कहीं और बरस चुकी हो,,। जहाँ तुम्हारी आवश्यकता है तुमने खुद को समर्पित कर दिया है,,तुम कर्तव्य पथ पर हो। यही तुम्हारा कर्म है नियति लिखित।"
      देखो बंद हो गई बारिश उसके मन की अनकही लिख दी ना मैने,, आंसू रूक गए उसके। अंतर शान्त हो गया उसका। महसूस करना भी कितना सुखद ,,,,,,,!
   अब और नही बरसेगी शायद ,पंक्षियों की चहचहाहट शुरू हो गई है,,।हवाओं ने बिजली के तारों पर सजी पंक्तिबद्ध बूदों की लड़ियों को गिरा दिया है। हल्की हल्की सुबुकने की आवाज़े आ रही हैं रुक-रुक कर,,मकानों के छज्जों पर रुके हुए पानी की कुछ बूँदे टपक रही हैं ,अभी भी।
     विषय सोचा नही था,,आज सब आवारा था ,मतवाला था। बारिश तब नही थी जब लिखना शुरू किया, पर मेरे मन के साथ वह भी बरस पड़ी,,उसको आज अपने मन की मुझसे कहलवानी थी शायद। अब देखो फिर से बंद हो गई। संतुष्टी की महक है हवा के झोंकों मे,,,,,। महक,,,,,,भी आने लगी मुझे हा-हा-हा-हा,,,,,,! महसूस करना कितना सुखद होता हैं,,,,,, है ना! 😊

शुक्रवार, 9 जून 2017

हे राधा!,,,कृष्ण पर क्रोध व्यर्थ,,,,

                        (चित्र इन्टरनेट से)

  राधा रूठ गई कन्हैया से,,कह डारी कितनी ही कड़वीं बतियां मनबसिया से। कहे राधा नयनन् मे भर के आंसुअन की धार, कहो कन्हैया का देखो तुम इन गोपियन मे,,अऊर हो जात हो निढाल? जिया मोर सुलग जाए सुन तुम्हरी रसिली बतियां,, ए कन्हैया! काहे तुम रस बरसाओ इन पर, मै कुढ़ कर नीम्बौरी बन जाऊँ,,सही ना जाए मोह से ऐसी बतियां,,,,,,, ऐसे संवाद राधा और कृष्ण मे अवश्य होते होंगें,,। कृष्ण के चितचोर नयन,,मोहक रूप ,उस पर बांसुरी से मन मोहनी तान छेड़ने का हुनर ने पूरे ब्रज की गोपियों को मोहपाश मे जकड़े हुए था।
     जब कल्पना जगत के फ्लैशबैक मे जाकर राधा-कृष्ण की अमरप्रेम कहानी के किस्से सुनती हूँ तो राधा के प्रति आदर से भी बढ़कर यदि कोई भाव हो ,तो मन मे आता है। कैसे एक स्त्री होते हुए वह अपने प्रेमी कृष्ण को अन्य गोपियों के साथ छेड़-छाड़ को सह पाती थीं? राधा आप शायद इसीलिए पूज्ययनीय हो। कृष्ण पर क्रोध करती होंगीं कुछ पल के लिए फिर मुहँ फुलाकर दूर भी चली जाती होंगीं।पर मन मे कृष्ण के प्रति अनन्त अनुराग,,अथाह प्रीत उनको बहुत देर तक क्रोध की अगन मे जलने नही देती होगी। अन्तरमन से संवाद कर राधा फिर से मुस्कुरा उठती होंगीं,, यह सोचकर की असंख्य गोपियों के साथ छेड़-छाड़,थोड़ी चुहलबाज़ी करने के बाद भी कृष्ण के एकान्त भावनात्मक पलों की संगीनी सिर्फ राधा ही हैं।
    अब कृष्ण भले ही भगवान हों परन्तु पृथ्वी पर मानव अवतार हैं, और 'पुरूष' हैं। पुरूष यानि संसार को चलाने वाला,,चट्टान सा सख़्त दिखने वाला,,अपने अहम् को अपना आभूषण मानने वाला,,अपने भुजबल से युद्धों पर विजय प्राप्त करने वाला। उसके शरीर के बाई तरफ भी एक धड़कता हुआ दिल होता है जिसमे रक्त का संचार सतत् प्रवाहशील इसलिए है ताकि वह जीवन की कठोरता को बिना टूटे सहन करता रहे। अपने कर्मक्षेत्र और अपने दायित्वों का निर्वाह कठोरता के साथ करता रहे। उसका 'पुरूषत्व' अंहकार से भरा होता है। वह लचीला नही होता। उस पर आघात् लगे तो वह तिलमिला उठता है। अपने पौरूष को बनाए रखने के लिए उसे नारी का साथ चहिए होता है। पुरूष भी भावुक होते हैं पर नारी की तरह अपनी भावनाओं का प्रदर्शन नही करते। हृदय की दुनिया को समेटे रखने के लिए सांसारिक कर्तव्यों को कुशलता से निभाते जाने के लिए उन्हे शक्ति एंव उर्जा की आवश्यकता पड़ती है। अब हंसी आ रही है मुझे लिखते हुए- कि नारियां पुरूष रूपी चूल्हे का 'ईर्धन' हैं,,,,जिसको जलाकर वे जीवन कर्तव्यों का भोजन पकाते हैं। एक ईर्धन समाप्त हुआ दूसरा डाला जाता है। दूसरा खत्म तीसरा,,,,,,,,,,,,पर एक लकड़ी बहुत मोटी वाली होती है जो अंत तक साथ देती है,शेष सहयोगिनियां होती हैं।
     मै अब मन ही मन  राधा से बोल पड़ी,,, हे राधा! कृष्ण पर क्रोध व्यर्थ था। उनको अपने चूल्हे को जलाए रखने के लिए16100 रानियों+8पटरानियों को पत्नियों स्वरूप, एक राधा जैसी प्रेमिका, और मीरा जैसी साधिका की आवश्यकता पड़ी(हो सकता है और भी नाम हों,पर प्रसिद्धि इन दोनो को ही मिली)। कृष्ण का कर्मक्षेत्र भी गौर तलब है,,, स्वम् ही गीता मे बोला है-
"यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारतः
अभयुत्थानम् अधर्मस्य तदात्मानम् सृजाम्यहम्।"
पूरी पृथ्वी को पाप से मुक्ति और धर्म संस्थापना उनका कर्म था। इतने बड़े जीवनअभियान के लिए कई हज़ार पत्नियां,प्रेमिका,साधिका का जीवन मे होना उनकी आवश्यकता थी,,,इसे विलासिता कहना अनुचित होगा। धर्म के विरूद्ध होगा।
     यह कृष्ण का चारित्रिक दोष कतई नही था।
    इसके विपरीत जब 'रामावतार' पर सोचने बैठती हूँ ,,तो पाती हूँ आजीवन एक स्त्रीव्रता बन कर बिचारे राम को क्या मिला,,,,? जीवनभर सीता के सानिध्य को तरसते रहे,,। एक पत्नी मिली उसको भी रावण हरण करके लेगया। युद्ध करके वापस लाए तो एक धोबी के कहने पर गर्भवती पत्नी को घर से बाहर भेजना पड़ा । अंत मे सीता मइयां ही धरती मे समा गईं। राम का जीवन विलाप बनकर ही रह गया। यही कारण है कि, आज भी कृष्ण की जीवन यापन शैली व्यवहारिक मानी जाती है,,जबकि राम की जीवन शैली एक 'आदर्श' मात्र है। मतलब कि- कृष्ण जैसी जीवन शैली अपनाई तो पूरा जीवन रसपूर्ण और जीवन के सभी कर्तव्य रचनात्मकता के साथ पूरे हो जाएगें। यदि राम जैसी जीवन शैली अपनाई तो भइय्या,,,, रोते रह जाओगे और आदर्श का प्रतीक बना दिए जाओगे।
       मैने जो सोचा जो वैचारिक मंथन किया शायद यही मंथन राधा भी करती होंगी,,, जब वह कृष्ण के छलिया रूप से क्रुद्ध हो जाती रही होंगीं। इस निष्कर्ष पर आकर मुस्कुरा उठती होंगीं,,, कृष्ण पर क्रोध व्यर्थ,,कृष्ण का व्यवहार नियति निर्धारित। कृष्ण छलिया नही कृष्ण सच्चे पुरूष जिसे अपने विशाल जीवन लक्ष्य को पूरा करने के लिए ऊर्जा का एक विशाल भंडार चाहिए। इसके लिए उन्हे नारियों के विशाल सानिध्य की दरकार थी। हर एक की अलग विशिष्टता, अलग प्रकार की ऊर्जा देती है। परन्तु राधा,रूक्मणी,मीरा में विशिष्टताओं का बाहुल्य था इसलिए वह उनको अधिक प्रिय थीं। उनके साथ उनका नाम जुड़ गया।
      इसलिए हे राधा तुम रूठियो मत,,यदि कृष्णयुग फिर से आए,,। जो कतई रूठ भी जइयो तो खुद ही मान जइयों ,, अपने संवरियां से लिपट जइयों और कहिओ,, कन्हैयां! मोरे संइय्या जग घूमया थारे जैसा ना कोई!!!!
क्यों रूठ रही राधे तू कन्हैया से
मुरलीधारी वह बनवारी
कर्मक्षेत्र को जुझारी,,,
बात मोरी मान
हिया से लिपट
हे राधा! कृष्ण पर क्रोध व्यर्थ😃

बुधवार, 7 जून 2017

आज का विषय ,,,,'पुरूष'

                             (चित्र इन्टरनेट से)

    प्रतिदिन सोशल मिडिया पर नारी की फटी-चीथड़ी ,,आंखों मे आंसू और गोद मे बिलखते बच्चों की तस्वीरों,,और अत्यन्त दारूण पोस्टों को देखते देखते मै थक चुकी हूँ,,,ऐसा नही की मै समाज मे हो रहे नारी शोषण की पक्षधर हूँ। मै भी एक नारी हूँ ,,,और इस तरह कि नारी के प्रति हो रही सामाजिक विद्रुपताओं से मेरा हृदय छलनी नही होता,,। पर इस सबसे अधिक हृदय  विक्षिप्त तब होता है जब लोग मात्र प्रसिद्धि के लिए इन विषयों पर बड़ी नग्नता के साथ चर्चा करते दिखते हैं।
   सोशल मीडिया पर अपनी पोस्टों पर ढेरों लाइक्स की मंशा से खोज-खोजकर विचित्र लेख और तस्वीरें पोस्ट करते हैं । भाषा और विषय इतना शर्मसार कर देता है कि,,लगता है,,,हे ईश्वर हमे स्त्री क्यों बनाया??? अंतर मन रोष से विद्रोहित हो उठा है।
    सोचा क्यों ना आज पुरूषों को विषय बनाया जाए,,,लोगों मे बड़ी जिज्ञासा होती स्त्री रहस्यों को सुलझाने की,शोध करने की,,,आज मेरा मन कर रहा है मै पुरूषों के जीवन पर शोध करूँ उनके जीवन की व्यथाओं को जानूँ,,,कुछ प्रश्न हमेशा उठते हैं मेरे मन मे,,,


1# क्या पुरूषों का जन्म नारी जीवन पर शोध करने के लिए हुआ है? जब देखो जहाँ देखो चर्चा का एक ही विषय 'नारी' सड़कों पर,,सार्वजनिक स्थलों पर,ऑफिस, सोशल मीडिया ,,सब जगह,,ऐसा क्यों???

2# हम महिलाएं घर सम्भालती हैं पति सम्भालती हैं,,पुत्र सम्भालती हैं,,टीफिन ,खाना घर बाहर,,सब,,,उफ्फ जब सब हम ही कर लेती हैं तो आप पुरूष क्या करते हैं,,,???? आपकी भी तो कोई दिनचर्या होती होगी,,?? आप भी तो सारा दिन घर से बाहर ,,लू धूप एवं अन्य प्राकृतिक विपदाओं को सहन कर अपने परिवार के आर्थिक सहयोग मे लगे रहते हैं। इस पर कोई पोस्ट क्यों नही आती?

3# महिलाओं की बायोलाॅजिकल समस्याओं को लेकर( पीरियड्स से लेकर गर्भधारण और उसके पश्चात भी) को लेकर कई दर्दनाक पोस्टें आती हैं। पुरूष की इस तरह की बायोलाॅजिकल समस्याओं को लेकर कोई पोस्ट नही आती,,,क्या वे हाड़-मांस के बने नही होते,,हाॅरमोनल समस्याएं उनमे नही होती,,,इनको विषय क्यों नही बनाया जाता?

4# स्त्रियों के परिधानों को लेकर आए दिन चर्चा गवेषणाएं बुद्धिजीवी वर्ग या सामान्यजन करते रहते हैं।,,,,,,, ये पुरूष जो हाफ पैंट और बनियान या और भी अजीबो-गरीब अंगप्रदर्शित करते परिधान पहन कर घूमते रहते हैं ,,उनको क्यों नही मुद्दा बनाया जाता,,ऐसे अर्द्ध नग्न पुरूषों को देखकर नारी मन मे विकार उत्पन्न हो सकते हैं। क्यों नही पुरूषों को मशवरे दिए जाते,, कायदे के कपड़े पहनों,,।

5# खुले मे शौंच ना करें,, महिलाओं के लिए शौंचालय बनवाएं,,,, पर कोई इन पुरूषों के लिए 'मूत्रालय' बनवाने का कष्ट करेगा,,? यत्र-तत्र सर्वत्र मूत्रालय,,, !!!  मूत्रालय होते हुए भी खुले मे मूत्रदान ,,।इस को विषय क्यों नही बनाया जाता????

6# बलात्कार,,,, क्या केवल नारी का होता है,? ऑफिसों मे क्या केवल महिलाओं का दैहिक शोषण होता है,?? पुरूषों का भी होता है,,, फिर मात्र महिलाओं के साथ हुए बलात्कारों का पूरे क्रमबद्ध तरीके से विस्तृत वर्णन करती पोस्टें लिखी जाती हैं और प्रचारित की जाती हैं?? पुरूषों के साथ हुए बलात्कारों पर लिख कर क्यों नही प्रचारित किया जाता,,। इसे क्यों नही विषय बनाया जाता??

7# नाबालिक लड़कियों के साथ ही दुरव्यवहार नही होता साहब,,नाबालिक लड़कों को भी इस हैवानी अमानुषिक यतना का जहर पीना पड़ता है,, इसको विषय क्यों नही बनाया जा सकता,,?

8# बिस्तर पर केवल महिलाओं का पति द्वारा इच्छा के विरूद्ध शारीरिक शोषण नही होता,,, महिलाओं द्वारा भी अपने पतियों पर जबरदस्ती करने की वारदातें होती हैं,,उन्हे प्रकाश मे क्यों नही लाया जाता,,?

9# घरेलू हिंसा की शिकार क्या केवल महिला ही हैं,,?? जी नही बहुत से ऐसे पुरूष भी हैं,,जो घरेलू हिंसा का शिकार हैं,,और उनकी सुनवाई कहीं नही होती,,,यहाँ तक की न्यायालयों मे भी गुहार नही सुनी जाती,, क्योंकि न्यायव्यवस्था ने "नारी सशक्तिकरण" के अन्तर्गत कानून महिलाओं के पक्ष मे अधिक कर रखे हैं। ऐसी स्थिति मे चाह कर भी प्रताड़ित पुरूषों को न्याय नही मिल पाता। ऐसे तत्थों का उद्घाट्य बहुतायत मे क्यों नही?

     हो सकता है और भी कई ऐसे विषय हैं जिनसे मैं अनभिज्ञ हूँ। परन्तु जितने बिन्दु मैने ऊपर लिखे,,शायद यह भी कम नही हैं,, सोशल मीडिया पर विषय बनाकर चर्चा करने के लिए।
    अंत मे बस इतना ही निवेदन नारी हो या पुरूष दोनो ही ईश्वर की बनाई रचना हैं दोनो को 'मनुष्य' की श्रेणी मे रखिए। उनके मानवीय गुणों को समझिए ना की उनकी प्रदर्शिनी लगाइए। ईश्वर द्वारा रचित उनकी शारीरिक विभिन्नताओं का सम्मान कीजिए,,,उनको विषय मत बनाइए। यदि मै कुछ अनुचित और अवांछनीय कह गई तो क्षमा प्रार्थिनी हूँ। एक रोष था एक पीड़ा थी जो बह निकली। आशा है आप इन्हे समझने का प्रयास करेंगें।
धन्यवाद!!