गुरुवार, 12 अक्टूबर 2017

पर्यावरण सुरक्षा सर्वोपरि


           
    (2016 की दीपावली के बाद दिल्ली का आसमान, चित्राभार इन्टरनेट)


 सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार दिल्ली में पटाखों पर बैन ने केवल दिल्ली ही नही पूरे भारतवर्ष में हाहाकार मचा दिया है। लोग क्षुब्द हैं, रोष से भरे पड़े हैं, के बिना पटाखे कैसी दिवाली,,???
     व्हट्सऐप पर इस आदेश के विरोध में तमाम कटाक्ष कसे जा रहे हैं ,,हिन्दू धर्म और संस्कृति पर कुठाराघात सा बताया जा रहा है।तमाम तर्कपूर्ण अकाट्य तथ्य प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
     नासा के परमाणु परिक्षण से लेकर 365 दिन यातायात के साधनों द्वारा फैलने वाले प्रदूषणों पर भी विचार करने की सलाह सुझाई जा रही।
       मै दिल्ली एन सी आर मे 16 साल से रहती हूँ और अपने कुछ व्यक्तिगत अनुभव या आंखों देखी आपके सामने रखना चाहती हूँ।
    चकरी और फुलझड़ी से मुझे भी कोई आपत्ति नही मै भी दो पैकेट फुलझड़ी अपने छोटे बेटे को लाकर देती हूँ। परन्तु 300,500 ,1000 लड़ियों वाली देर तक धमाकेदार आवाज़ और धुआं करने वाले चटाई बम चलाना किस बात का प्रदर्शन करना होता है,,? अथवा किस प्रकार का आनंद प्राप्त होता है ? यह समझ नही आया मुझे।
        यदि आपके घर में कोई बड़े बुज़ुर्ग हैं और वह अस्वस्थ हैं,,कभी सोचा है आपने कि उनके लिए दीपावली का दिन कितना कष्ट प्रद होता है? आतिशबाज़ी शुरू होने के घंटेभर बाद, लाख खिड़की दरवाज़े आप बंद कर लिजिए आपके घर दमघोटूँ धुओं से भर चुके होते हैं।
         दीवाली के पश्चात कितने दिनों तक दिल्ली के आसमान पर प्रदूषण की धुंध छाई रहती है,,जो कि नानाप्रकार की श्वास सम्बन्धी बिमारियों को जन्म देती है।
       हमारे नन्हे-मुन्ने बच्चे जिनके 'बचपन' पटाखे बैन होने की वजह से  छिनते हुए देखे जाने की दुहाई दी जा रही है,,,वही बच्चे इन पटाखों से फैले प्रदूषण के सबसे अधिक शिकार होते हैं क्योंकि उनमे वयस्कों सी प्रतिरोधक क्षमता नही होती। वातावरण में फैले प्रदूषण से एलर्जी ,सर्दी,खांसी, बुखार भोगते हैं। दीपावली की मिठाइयों के बाद कठोर एंटीबायॅटिक सेवन करने पर मजबूर हैं। सोच कर देखिए उस समय जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं को हम क्या परिवेश दे रहे हैं?
      कुछ तर्क ऐसे भी उठे,,, बारूद की गंध से कीट पतंगें मरते हैं,,। हर त्योहार के मनाए जाने के पीछे धार्मिक सदभावना के पीछे एक वैज्ञानिक तथ्य भी होता है। दीपावली में दीप जलाने का एक प्रमुख कारण यह भी है। परन्तु आजकल बिजली की झालरों से सजाए जाने की प्रथा के कारण कीट पंतगें खत्म तो नही होते बल्कि उनकी संख्या में बढोतरी हो रही है। पटाखे चलाने के बजाय यदि झालरों कम और अधिक दीप जलाएं तो कीट-पतंगें भी मरेगें और गरीब कुम्हारों की भी आमदनी होगी। मोमबत्तियों जैसे लघु उद्योगों को भी प्रश्रय मिलेगा।
       लोगो को पटाखे वालों के जमा स्टाॅकों के बेकार जाने की चिन्ता खाए जा रही है,,,,पर यदि कोर्ट के आर्डर ना आते तो क्या वे लोग केवल चकरी और फुलझड़ियां चलाकर संतुष्ट हो जाते,,,जिनके लिए महगी अतिशबाजियों का प्रदर्शन करना अपने वैभव और प्रतिष्ठा का प्रतीक लगता है?
        नियम कानूनों का पालन यदि हर नागरिक अपना कर्तव्य समझ कर करता तो शायद ऐसे जनमानस को आन्दोलित कर देने वाले अप्रत्याशित हुक्मनामे जारी करने की नौबत ना आती।
         विदेशों में नववर्ष पर पटाखे अवश्य चलाए जाते हैं पर वह हमारे देश में बनने वाले अत्यधिक धुएंदार और हृदय कंपा देने वाली आवाज़ों वाले नही होते। विदेशों के नागरिकों को अपने घर के साथ-साथ अपने आस-पड़ोस और पर्यावरण का भी ख्याल होता है।
         सरकारियों नीतियों मे ढीलापन, बाजारीकरण,और उद्योगपतियों की स्वार्थपरता से आंखे नही मुंदी जा सकती । परन्तु दोस्तों अगर वह हमारे हित और संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं तो हम तो देख सकते हैं। दिल्ली में रहने वाले लोग दीपावली के बाद होने वाले स्वास्थ को हानि पहुँचाने वाले वातावरण को देखते हैं दुष्परिणाम भी भुगतते हैं। आंखों मे जलन, स्वास सम्बन्धी कठिनाइयां,खांसी, बुखार ,सीने की जलन,दम अटकना जैसी कठिनाइयां हमे ही सहनी पड़ती हैं।  जो लोग अन्य प्रांत से हैं,,,और बिना देखे अपनी जगहों पर बेकार की जिरहबाज़ी कर रहे हैं,,उनके लिए यह एक पूर्व चेतावनी है,,,पर्यावरण केवल दिल्ली का ही नही प्रभावित हो रहा आपका शहर भी आज नही तो कल चपेट में आएगा।
           अतः कोर्ट के फैसले की निन्दा नही स्वागत कीजिए ,वह चाहे 10 दिन पहले आया हो,,या एक महीने पहले,,,,आपके और मेरे स्वस्थ हित के लिए शुभ ही है। नासा परमाणु परिक्षण और 365 दिन होने वाले कारकों को रोक पाना हमारी पहुँच से दूर हो शायद पर पटाखों को ना चला कर हम एक छोटा सा योगदान अवश्य दे सकते हैं।
     



मंगलवार, 10 अक्टूबर 2017

कहानी एक एहसासी लम्हे की,,,,,,,,,,

                         (चित्राभार इन्टरनेट)

नरम हरी घास,रात की शबनम से धुली धुली,,,,। सरदियों की शुरूवाती गुनगुनाहट लिए इतराता सूरज,,,,,माहौल में एक अलसाया पन,,,,। परिंदों की चहचहाहट जैसे कह रही हो उठ जाओ,,पर दिल नही चाहता नरम घास के बिछौने को तजना।
      ऊहूँऽऽऽऽऽऽ का एक अनमना सा जवाब दे तीन-चार ढुलकियों के साथ बदन को बिस्तर पर लुढ़का कर,,, फिर से स्थिर हो कुछ पल औंधे मुँह पड़ा रहता है। आंखों की पलकें बार बार झपकती हुई,,,,, मन कुछ सोचता हुआ,,, अचानक नलिनी एक स्पूर्ति का अनुभव कर बाईं हथेली पर अपने चेहरे को टिका,, खिड़की के बाहर निहारने लगती है,,,,।  विनोद का एहसास कुछ ऐसी ही प्रभाती मुलायमियत लिए नलिनी के चेहरे पर एक सौम्य मुस्कुराहट बिखेर जाता था।

                        ।। 2।।
         नलिनी का जीवन विनोद से जुड़ने के बाद एक रोमांचक उपन्यास सा बन गया है। जिसकी हर पंक्ति खिलखिलाती सुबह सी,, हर परिच्छेद चिलचिलाती तपती दोपहरी ,,हर पृष्ठ सुबकती रात सा और हर अध्याय एक कौतूहल पूर्ण नवीनता लिए हुए है।
        जीवन से लेकर मृत्यु तक एक समग्र निश्चित सफर के बीच में भी हम कितने छोटे बड़े सफर तय करते हैं,,,,,,,। हर सफर का एक निश्चित पड़ाव भी होता है। परन्तु विनोद और नलिनी के सफर का कोई पड़ाव स्थूल रूप में नज़र तो नही आता,,,परन्तु दो किनारों के बीच बहती नदिया सा एक जुड़ाव अवश्य है। सब कुछ है भी और नही भी,,,,,,।
     जब कभी नलिनी विनोद से अपने इस अद्भुत रिश्ते का आधार पूछती है तो विनोद इसे आत्मिक मिलन का नाम दे देता है,,,,।
     नलिनी इस रिश्ते का रूप,गुण,आकार-प्रकार पूछती है तो,,,विनोद कहता है,,,-" नदी उद्गम के बाद जब पहाड़ों में रहती है तो चट्टानों को तोड़ फोड़ नया रास्ता बना लेती है पर जब मैदान में आती है तब ढर्रे पर चलती है। बस तटबंध तोड़ती है। हम मैदानी नदी हैं। " बड़ा अद्भुत,,,,बड़ा अनोखा,,अदृश्य परन्तु दृश्यमान,,,,,,,,,,,,।
 
                       ।। 3 ।।
  बहाव के साथ एक ठहराव लिए,,, हर क्षण में एक छोटी कहानी बन जाती है। कई छोटी-छोटी कहानियां मिल एक उपन्यास बन जाता है।
     अभी नलिनी और विनोद के जुड़ाव के इस सफर में छोटी छोटी कहानियां जन्म ले रही हैं। जैसे कि आज ,, एक अलसाई सुबह ने ,, नरम घास के बिछौने पर पड़े नलिनी ने आपको सुनाई।
       जानती हूँ आप भी पूरा उपन्यास पढ़ने को आतुर हो गए होगें,,,,,,,ठीक मेरी तरह,,,,,,। मै क्या नलिनी भी कभी-कभी बहुत बेकल हो जाती है,, अपने और विनोद के रिश्ते का भविष्य जानने को,,,,,। पर यह उसके बस में नही,, क्योंकि दोनो को मिलकर रचना है आगे का अध्याय,,,, ।
      यह कहानी शुरू तो कर दी मैने,,,,पर अंजाम तक पहुँचाने के लिए मुझे अपने पात्रों संग सम्पर्क साधे रखना होगा।
एक राज़ की बात बताऊँ तो मैं चाहती नही इस कहानी को कोई अंजाम देना,,,,,,,,नलिनी और विनोद भी नही चाहते,,क्योकि उनकी नित निर्मित अनेकों कहानियां उन्हे संबल प्रदान करती हैं। जीवन संघर्ष में ऊर्जा का संचार करती हैं।
                              ।।4।।
  बहुत देर तक हथेली पर अपने चेहरे को टिकाए रहने से, कलाई में हुए हल्के से दर्द ने नलिनी की तन्द्रा भंग कर दी। उसने देखा कि सूरज बड़ी चौड़ी तपन लिए चमक रहा था। घड़ी कि सुइयां टिकटिका कर यह कह रही थीं अब तो उठना ही पड़ेगा। अतः नलिनी ने विनोद के एहसास को अपने खुले बालों में लपेट एक क्लचर से अटका लिया । और एक नए जोश के साथ उठ पड़ी,,,,,।
          मै भी अपनी लेखनी को विराम दे रही हूँ इस आस के साथ , कि ,,,,,,,, कल कुछ नये एहसास लिखूँ और 'एक क्षण' के इन जज्बातों को एक छोटी कहानी में समेट सकूँ,,,,,।


        *********************************
     
   

 
 
       

मंगलवार, 3 अक्टूबर 2017

तकिए,,

                        (चित्राभार इन्टरनेट)
 
दिल के भेदों को पहले
शब्दों मे ठूँसती है
फिर शब्दों को रचनाओं
के लिहाफ मे ठूँसती है
हाशिए,विराम के चिन्ह
लगा किनारों को मजबूती
से सी देती है,,,,,,,,,,,,,,,,
हाय री किस्मत कुछ दर्द
छुपाने को तू कितने तकिए
सी ती है,,,,,,,,????

इन तकियों को अपने
सिरहाने लगाती है
अकेली रातों में अश्कों
से भिगोती है,,,,
गीले तकियों पर ही
रात सुबककर सोती है,,
कोई सुन ले सुबकियां
इसलिए मुँह दबा के
रोती है,,,,,,,।

दर्द से दुखते बदन को
इन मसनदी सहारे पर
टिकाती है,,,,,,,,,
दोनो बाहों में भींच
दिल के दर्द को दबाती है
बैचैनी को मुस्कान से छुपाती है
ऐ ज़िन्दगी !तू दर्द के साथ
उन्हे दबाने के नुस्खे
भी बताती है,,,,,,,।
~लिली 😊

मुझे पाओगे,,,,

(चित्राभार इन्टरनेट)

बालों की सफेदी
 से उजली चांदनी 
रातों में,जब अपनी 
स्टडी टेबल पर बैठ, 
अपनी ही लिखी
रचनाओं के पन्ने 
उलटाओगे,देखना कंधे 
पर अचानक मेरे हाथों की 
गरमाहट पाओगे,,

भौंवें उठाकर 
नाक पर अटकी
ऐनक से नज़रे घुमा 
कर देखोगे,,
मेरे मुस्कुराते चेहरे 
पर ठहर जाओगे
तुम्हारे शब्द फिर 
एकबार मुझे
तुम तक ले जाएगें,
गुज़रे ज़माने के अक्स 
मेरी आंखों में छलक जाएगें,,,

मेरी तलाश से
लेकर मुझे पाने का,
मुझे पाकर मुझे जीने
तक का हर लम्हा 
गुनगुनाएगा
मेरी सांसों में तुम्हारे
प्यार का समन्दर
तब भी वैसे ही 
लहराएगा,,,,

एक आलिंगन की 
चाह हर कविता 
में बाजुएं फैलाएगीं
और मैं कांधों से हट
तुम्हारी बाहों में
सिमट जाऊँगीं,,,।

मौन का वो संवाद
ना जाने कब तक
हमें उलझाएगा
और पता नही कब
कितना वक्त
 गुज़र जाएगा,,,
मै तुमसे अपनी हर 
प्रिय रचना को
पढ़वाऊँगीं,
तुम पढ़ोगे और मैं
वैसे ही शरमाऊँगीं,,

सुनो ! तुम अपनी
रचनाओं का संकलन
ज़रूर छपवाना 
हम साथ-साथ ना रहे
तो क्या? तुम्हारे 
काव्य संकलन में
हमारा साथ एक 
पड़ाव पाएगा,,
जब तुम्हे मेरी याद
आएगी मेरा हाथ
हमेशा तुम्हारे 
कांधों को सहलाएगा,,,,,,,

सोमवार, 2 अक्टूबर 2017

किनारे मिलते नही कभी,,

(चित्राभार इन्टरनेट)



नीरव रात में नदी के एक किनारे को सुबकते देखा,,,
सजल नयनों को खुद पर उगी नरम घास पर रगड़ते देखा।
दरिया का पानी रह रह कर टकराता रहा,,
दूसरे किनारे की दिलासी लहरों से भिगोता रहा,,
"एक पुल तो बना दिया है देख, आऊँगा गले लगाने, तू यूँ हौसलाहारी बातें ना फेंक "
हवा के झोंकों से ऐसे कई पैगाम पहुँचाते देखा
नदी को उनकी बातों पर मचलते देखा,,
उसकी लहरों को बेचारगी पर उफनते देखा,,
पुल की पुरजोर कोशिश की मिला दूँ उनको,,
कभी कभी उसकी सख्ती को भी लरजते देखा,,
एक सफीना पर कुछ सवार को देखा,,
पतवार से बहाव हो विपरीत बहाते देखा,,
मैने अपनी आंखों से जद्दोजहद मिलने की होते देखा,
नदी सिकुड़ी नही,ना पुल को मुड़ते देखा,,
दोनो छोरों पर दो किनारों को सुबक कर सोते देखा,,।

लिली😊

शनिवार, 30 सितंबर 2017

शक्ति स्वरूपा नारी,, सुरक्षा की मोहताज,

                      (चित्राभार इन्टरनेट)



शक्ति स्वरूपा नारी की सुरक्षा,सम्मान,और गौरव,,, एंव समाज में उनकी प्रतिष्ठा को प्रतिस्थापित करने की गुहार लगानी है,,,,कलम उठा कर समाज के सभ्य जनों जागरूक बनाना है,,।
बेटी बचाओ ,,बेटी पढ़ाओ का नारा दीवारों ,, गाड़ियों बसों,गली -कूचों में चलते फिरते इश्तेहारों की तरह छापना है। कितना दुर्भाग्यपूर्ण लगता है!!!!!
   नारी को अबला बना कर हर कोई उसका तबला बजाता दिखता है,,, बस एक अति संवेदनशील मुद्दा । द्रवित भावनाओं का प्रवाह,, दयनीय अस्तित्व के चीथड़े उड़ाती रचनाएं। आंसू बहाती महिलाओं के  दारूण चित्र,,,,कभी-कभी लगता है हम जागरूक बना रहे हैं या अपनी नुमाइश लगा रहे हैं।
     हर पुरूष नारी मनोभावों से भली-भांति परिचित दिखता है, नारी की गरिमा के सामने  नतमस्तक है,,फिर भी पुरूषों द्वारा महिलाओं के साथ दुरव्यवहार की खबरों में कमी आती नही दिखती,,। महिला,अन्य महिला के मन को समझती है,, फिर भी सांसे बहुओं को प्रताड़ित और बहुएं सासों की निन्दा करती नज़र आती हैं। महिला दिवस के नाम पर आयोजनो और चर्चाओं का माहौल गर्म रहता है,,,अमल कितने करते हैं उन पर यह भी चर्चा का विषय होना चाहिए। हाथी के दांत सा है यह विषय ,,दिखाने के अलग ,खाने के अलग।
     कैसा विरोधाभास है ये,,,,?????? किसको क्या याद दिलाना है,,,, किसको क्या समझाना है,,,? मन भ्रमित हो जाता है।
    माँ बेटी की सबसे बड़ी हितैषी,,,पर जब वही माँ अपनी बेटी को कुलक्षनी कहती है,,,बेटे और बेटी में भेदभाव करती है,, तो बेटियों का परम हितैषी किसे समझा जाए?
     पिता पुत्री का संरक्षक,,,, पर जब घर के किसी कोने में वही पिता 'भक्षक' बन जाए तो ,,, बाहर समाज मे घूमते भेड़ियों को क्या कहा जाए,,? पैसे के लोभ में अपना ही भाई अपनी बहन को वैश्या बना दे,,तो  बहन की रक्षा की प्रतीक  राखी किसकी कलाई पर बांधी जाय,,? यह भी एक कटु  सत्य है,,,यूँ कहिए तस्वीर का एक रूख यह भी है ।लिखते हुए अच्छा नही लगा,,पर लिखा । घर से बाहर सुरक्षा तो बाद में आती है,,घर की चार दीवारी में कितनी लड़कियां सुरक्षित हैं यह भी विचारणिय है।
     सोशल मीडिया पर बाढ़ की तरह बहते 'नारी के सम्मान और अस्तित्व की सुरक्षा' से सम्बन्धित लेख रचनाएं,, विज्ञापन,कहानियां और ना जाने क्या क्या,, देखने को मिलता है,,, हैरानी होती है ,,, फिर भी नारियों के प्रति समाज का नज़रिया बद से बदत्तर ही होता जा रहा है। दोषी केवल पुरूष वर्ग ही नही ,, महिलाएं भी इसके लिए पूरी तरह जिम्मेवार हैं।
     देश भर मे देवी के नौ रूपों की पूजा पूरी श्रृद्धा और निष्ठा से समपन्न हुई,,,पर देवी का जीता जागता प्रतिरूप नारी कितनी पूजनीय है यह एक ज्वलंत प्रश्न है,,,केवल पुरूष वर्ग के लिए ही नही महिलाओं के लिए भी।

लिली

दुर्गापूजा,,,, एक आनंदोत्सव



       ( मनमोहक सिन्दूरदान चित्र हेतु बहन मिनी को आभार )

दशमी के दिन माँ कि प्रतिमा देखती हूँ तो आंखे भर आती हैं,,,दुर्गा जी के नयन भी छलछलाते से प्रतीत होते हैं। कैसे पांच दिन पहले उनके आगमन के उल्लास से पूरा वातावरण जैसे नाच रहा था,,,और आज जाने का दिन आ गया। यह भाव देवी प्रतिमा के मुखमंडल पर भी झलकता सा प्रतीत होता है।
   पता ही नही चलता पूजा के ये दिन कैसे बीत जाते हैं।
'महालया' की प्रभात माँ की अलौकिक आगमनी प्रकाश से प्रकाशमान हो जाती है। कानों में ढाक और घंटे का नाद,,और नसिका में लोहबान की महक सुवासित हो जाती है। दिनों की गिनती शुरू हो जाती है।
     पूजा पूजा सारा वातावरण,,,मन का नर्तन आंनद से । अश्विन मास का नीला आकाश,,कास के लहलहाते फूल,,और बयार में हरश्रृंगार की महक,,शरद ऋतु की दस्तक का बिगुल बजाती हुई। मौसम संग उत्सवी उमंग,,,,हर मन उल्लासित।
       नव वस्त्र, नव साज, पूजा, पुष्पांजली,भोग,प्रसाद, खेल-विनोद, नाच-गान, नाटिकाएं, रवीन्द्र संगीत,, घूमना-टहलना ,,,टोलियों में बैठ ठहाके लगाना,,खान-पान,,और बेफ्रिक्री दुर्गा पूजा का दूसरा नाम,,।
      संध्या की आरतियां धुनिची नाच, ढाक की ताल पर ताल मिलाना,,और भाव भंगिमाओं की जुगलबंदियां ,,आहाआआआ उस पल तो लगता है जीवन कितना संगीतमय,,,!!! लोहबान की खुशबूँ दिनो बाद भी कपड़ों से जाती नही,,,।
       पंडाल के किसी कोने में चुपचाप बैठ माँ दुर्गा की प्रतिमा को निहारने का भी एक अपना ही आनंद होता है। ऐसा लगता है जैसे हमारे साथ माँ दुर्गा भी अपनी सारी चिन्ताएं और दायित्वों का भार कुछ दिनों के लिए भूल हमारे साथ उत्सवमयी हो रही हैं।
      पंचमी के बोधन(प्रतिमा के मुख से आवरण हटाना) और प्राण प्रतिष्ठा ,आनंद मेला, महाषष्ठी के दिन अपने संतान के मंगल हेतु माताओं का उपवास, महासप्तमी की पूजा, महाअष्टमी की पुष्पांजली, अष्टमी नवमी की मिलन बेला की 'संधि पूजा' 108 दीपदान, 108 कमलपुष्पों की माला बना माँ को पहनाना, नवमी की कुमारी पूजा(बेलूर मठ) और हवन,,,और अंत में दशमी के दिन पूजा के बाद दर्पण विसर्जन के बाद माँ की प्रतिमा को 'सिन्दूर दान' और 'देवी बरण' के लिए रखा जाता है।
     सभी विवाहिताएं ,पान मिष्ठान्न खिला माँ को सिन्दूर लगा कर अपने सुहाग और सौभाग्य की कामना का आशीष मांगती हैं।
उसके बाद होता है 'सिन्दूर-खेला'  सिन्दूर एक दूसरे को लगा कर मुँह मीठा किया जाता है।
    ऐसा माना जाता है कि माँ दुर्गा इस समय अपने मायके आती हैं,,और दशमी के दिन माँ का इसप्रकार वरण कर ससुराल भेजा जाता है इस कामना के साथ कि अगले साल माँ इसी उल्लास और सौभाग्य लिए फिर आएगीं ।
     फिर क्या नाचते गाते,,'दुर्गा माई की जय' ' आशते बोछोर आबार होबे' के जयकारे लगाते हुए माँ की प्रतिमा को नदी घाट पर लेजाकर जल में विसर्जित कर दिया जाता है। एक घट में विर्सजित स्थान का जल एक घट में भर लिया जाता है, जिसे 'शांति जल' कहते हैं। समूचा दल जब विसर्जनोपरान्त वापस पंडाल में आता है,,तब यह 'शांति जल' पुरोहित सभी के सिर पर छिड़क सुख और शांति की कामना मंत्रोच्चारण सह देवी से करते हैं।
       इसके उपरांत सभी गुरूजनों के पैर छूकर छोटे उनसे आशीष प्राप्त करते हैं। एक अन्य को विजयादशमी की शुभ कामनाएं देते हैं। खान-पान मेल-मिलाप का यह अवसर  'बिजोया मिलन' कहलाता है। इसी के साथ सब एक नए जोश लिए,,उत्सव की मीठी-मीठी यादों को मन-मस्तिष्क में भर अपनी दैनिक दिनचर्या में लौट जाते हैं इस कामना के साथ,,,,,, #आशतेबोछोर आबार होबे',,,

🌺शुभो बिजॅया🌺