मंगलवार, 24 अप्रैल 2018

छोटी सी मुनिया👶 बालकविता

                             (मेली प्याली बूबू😘)

👶बालकविता👶

❤मेली पियाली बू बू रनिया❤

छोटी सी मुनिया
चुनमुन चुनिया

लाल बड़ी टिकली
बोल कहाँ निकली?

हरीहरी चुनरी
सुन! मेरी मुनरी

माला-झाल डाल के
छाना-बॅड़ा टाल के

हपुश-गुपुश गाल है
ढुल-मूल   चाल है,,

हप्पा किसे देती?
पियारी सी बेटी!

छुन्दल छी रनिया
चुनमुन चुनिया😘

माशी😘

गुरुवार, 19 अप्रैल 2018

आई मिस यू,,,

                       (चित्राभार इन्टरनेट)

कब खोया तुम्हे
जो तुम्हे 'मिस करूँ'
साथ ही तो रहते हो,
खाते हो,टहलते हो,
सोते हो,,,,
लगता ही नही तुम
अब मुझसे दूर रहते हो!!!!

जब तुम कर गुस्सा
आता है,,
आटा अच्छा गुथ
जाता है,,
जब तुम पर प्यार
आता है,,
सब्जी का स्वाद
बढ़ जाता है,,
जब तुमको
बाहों में कसने
का दिल चाहता है,,
कपड़ों का पानी
खूब अच्छे से
निचूड़ जाता है,,
फिर कैसे कहूँ
के मै तुम्हे 'मिस'
करती हूँ??

सड़के तुम्हारे
दिल की गलियां,,
और
ट्रैफिक जाम
तुम्हारे तमाम
संवादों की
ठेल म ठेल
सी लगती हैं,,
तुम बातें बहुत
करते हो ना
मै इन संवादों
से घिरा महसूस
करती हूँ,,,
फिर कैसे कहूँ
कि मै तुम्हे
मिस करती हूँ??

रूह को छुआ है
तुमने,,,
और तुम्हारी रूह
मेरे घर के हर
सामान में,,
गली-कूचे में
और
आसमान में हर
जगह मेरे साथ
रहती है,,,
मै कभी नही
कह सकती
के मुझे तुम्हारी
याद आती है
मै तुम्हे 'मिस'
करती हूँ,,,,!!!!!!!!

लिली

बुधवार, 18 अप्रैल 2018

वो झूमती,,किसी गाछ सी,,,


  •                         (चित्राभार इन्टरनेट)


वो किसी,
झूमते गाछ सी ,,,पुरवैया
पछुवा के बयारी झोंकों
से अह्लादित,,,,,,,

अपनी शाखा-प्रशाखाओं
संग पनपती सूखती,,,
कितने विहंगम् विहगों
के नीड़ सहेजे खुद में,,,

रोध,वृष्टि,सहती
छाया,फल-पल्लवन
कर्तव्यों को निभाती,,,

जड़ की पकड़ से
बाधित,वह चेतनापूर्ण
किन्तु  अवचेतन सी,,,,

बस प्रेम कर बैठी
एक सावनी मेघ से,,

वह मेघ भी भर लाता था
प्रेम उदधि के उर से
वाष्पित प्रेम जल बिन्दु
असंख्य,,,,

फिर बरस पड़ता था
अपनी प्रिया पर,,
उसकी अविरल वृष्टि
से सिंचित होती रहा,
उसका शीर्ष से मूल
तक,,,

परन्तु वह जड़ बाधिता,
प्रेमातिरेक पोषिता,,
सोच सावनोपरान्त की,
मनकमल कुम्हलान सी,,,,

मन बिछोह शंकित लिए,,
खुद में कई निर्णय किए
वह द्वंद से लड़ती रही,
दीमक हिये भरती गई,,,,

निष्कर्ष से वो आश्वस्त है,
भय में भी वो अलमस्त है
खुद का जाया खुद ही
में ध्वस्त है,,

अंतर का सब है गल रहा
स्वविलय में व्यस्त है,
खोखला तरू अस्तित्व बन
गिर जाएगी वो एकदिन,,,

प्रेम नियम निभ जाएगा
पूर्णता ना पाएगा,,

वो झूमती
 किसी गाछ सी,,
बिम्ब बन रह जाएगी,,
आभास का परिहास बन
प्रेमगीत दोहराएगी,,

लिली🌿

गुरुवार, 12 अप्रैल 2018

आतंक के उदाहरण इतने निशृंस,,,,,!!!!!

                             (चित्राभार इंटरनेट)

आदम ज़ात की एक खूंखार प्रजाति का उद्भव हो चुका है शायद,,!!!,जो दिखने में मात्र आदमियों जैसे हैं,,,,,अंदर का हाड़-मांस #हैवानियत से बना है,,सोच #दरिन्दगी का कचड़ा खाना,,,और रक्त कोशिकाओं में,,#पिशाची द्रव्य,,और आंखों में #हवस और #वहशीपन की भयावह दृष्टि है।
         अपने बर्बरतापूर्ण निशृंस कृत्यों से ये पूरे समाज को आतंकित करने में कामयाब होते जा रहे हैं। नही पता किसी भी प्रकार की सरकार,सत्ता,न्यायव्यवस्था इसके क्रूरता से दहाड़कर चलती चाल को अवरोधित कर पाएगी या नही,,,???
         "सब नियति निर्धारित होता है" यदि मै या आप ऐसी कोई निर्धारित सोच के तहत अपने जीवन को जीते हैं,,,,, तो #8_साल_की_उस_मासूम_बच्ची की #नियति_निर्धारणा के बारे में सोचकर,,,रूह के परखच्चे उड़ जाते हैं!!!!!
हे ईश्वर !!!मंदिर में क्या मात्र तुम्हारी पत्थर की मूरत ही धरी होती है,,,????????
       आए दिन होने वाले ना जाने कितने ऐसे नख से शिख तक अंदर से बाहर तक दहला देने वाले अमानवीय जघन्य कृत्य दावानल की चटपटाती लपटों सें फैलते ही जा रहे,,,,समाधान की गुहार किससे लगाई जाए??? आत्म चिन्तन किस बात पर किया जाए और कितना किया जाए,,?? ईश्वर की तरफ मुख करके कातर दृष्टि से देखा जाए,,?? या अपने घरों के मासूमों के उन्मुक्त उड़ान भरने के लिए उगे पंखों को कतर कर घर की चार दिवारी में कैद कर दिया जाए,,,??? पर क्या वे घर में भी सुरक्षित हैं,,,???? यह खूंखार प्रजाति कहाँ कब किस भेष में छुपी हो,,,कौन जाने,,??? फिर इनकी शक्लें भी तो आदमियों जैसे ही दिखती हैं,,!!!
          यह कैसा आंतकवाद ईश!!! जिसका अंकुर समाज के भीतर अपनी जड़ जमाता जा रहा,,,और धीरे-धीरे इसकी कुलुष कालपाशी जड़ें,,सभ्यता की हर इमारत की नींव को हिलाती जा रहीं,,,। धरातल उखड़ रहे,,,दीवारें चटख रहीं,,,!!
दोष किसको दें??? रोएं,,,मातम मनाएं,,,कलम घिसें,,,,आपस में चर्चा करें,,,,,आखिर करें तो क्या करें,,,???
        बस प्रश्न ही प्रश्न,,,,भगवान तुम भी मंदिरों में अपने 'इमोजी' चिपका कर किसी अन्य लोक चले गए शायद,,,है ना,,??  जब आभासी दुनिया का प्रपंच जाल इतना प्रभावशाली हो चला है तो भगवान कैसे पीछे रहते,,,???
      लिख लिया मैने अपना भीतरी आतंक,,,,अब क्या करूँ,,? प्रतीक्षा फिर कोई नया मामला आए,,???? दुख,भय,आतंक की परिभाषा और उदाहरण इतने निशृंस हो जाएगे,,,,अनुमान नही था,,,,!
     बस इतना ही,,,अधिक कहने को कुछ बचा नही अब,,,,

बुधवार, 11 अप्रैल 2018

अंधकार,,,,,




आज अंधकार से बहुत गहरा सम्बंध पाया,,,,और अपनी इस नई खोज से विस्मृत हूँ या उत्साहित हूँ ?नही मालूम,,,पर हाँ इतना ज़रूर है कि,,उजाले के दाह से जनित पीड़ा को बहुत ठंडक पहुँच रही है।
        जब भ्रूण रूप में मनुष्य माँ के गर्भ में होता है,,,वहाँ भी स्याह अंधकार होता है,,,तो,,,मैने पाया के ये साथ तो जन्मजात है,,,,। गर्भ से बाहर आने पर अचानक जब इस बाहरी दुनिया के प्रकाश में आंखें खुलती हैं नवजात शिशु की तो वे एकदम चौंधिया कर फिर से पलकों की चादर ढांक लेता है।,,,नवजात को समय लगता है इस उजाले का आदी होने में।
     जब माँ उसे सुलाती है तो,,कमरे की सभी प्रकाश माध्यमों को बुझा देती है,,ताकी उसके शिशु को,,वही गर्भ के भीतर का परिवेश अनुभूत हो,,और वो खुद को निश्चिंत समझ सुकून से सो जाए,,।
       यही आदत आजीवन कहीं ना कहीं ,,किसी ना किसी रूप में अपना अस्तित्व बजाए रखती है। स्थूलता भौतिक परिवेश के साथ स्थूलता से और सूक्ष्म संवेदनात्मक परिवेश के साथ बड़ी सूक्ष्मता से यह अंधकार जुड़ा रहता है।
   मानवीय संवेदनाओं का हर पक्ष चाहे वो सकारात्मक हो या नकारात्मक,,अंधकार में सब प्रकाशमान होता है।
हृदय की गहराइयों में अंधकार,,जहाँ कुलुष,कपट,छल,झूठ,विकार,प्रेम,दमित कुंठाएं,आशा,निराशा,दोष,गुण,,,,सब एक ही तरल में तैरते हैं।
विवेक और बुद्धि की छलनी लगी नलियों से होकर हमारे शरीर या मस्तिष्क से बाहर कदम निकालते हैं।
     आक्रोश,भय,पीड़ा,वेदना,,या इन जैसी संवेदनाओं की अन्य समकक्ष भावनाएं केवल एकान्त के अंधकार में प्रकट होकर हमसे खुलकर रू-ब-रू हो पाती हैं। जिन्हे हम कभी शिष्टाचार वश,,तो कभी कई अन्य कारणों से सबके सामने उजागर नही कर पाते।
        तभी तो व्यक्ति जब आन्तरिक रूप से अत्यंत चोटिल
होता है,,तब अंधकार खोजता है,,एकान्त खोजता है,,खुद को खोजता है,,,,या कहें के,,,माँ के गर्भ के भीतर का वहीं सुकूनी परिवेश खोजता है।
       इच्छाएं मत रखो,अपेक्षाएं मत रखो,झूठ मत बोलो,पाप मत करो,अन्याय मत करो,,,ये मत करो,,,वो मत करो,,,मर्यादाओं में रहो,,सामाजिक बनो,,,तमाम जंजीरों में बंधें रहो,,,,,अरे बाबा पर कहाँ से आए इतना संयम,,,??? इतना नियंत्रण,,,??? जब मनुष्य योनि में जन्म लेने के साथ ही सभी अच्छे बुरे मनोविकार से हमारा आत्म भरा है,,,,,!!!!!
     तब कुछ तो करना पड़ेगा,,,,सब थाली में सजाकर दुनिया के सामने परोस दें,,,,,?? यह भी नही सम्भव,,,,।
    शायद इसीलिए दिन बने,,इसीलिए रात बनी,,,!! इसीलिए स्थूल रूप से देखें तो शरीर के भीतर अंधकार,,,और बाहर प्रकाश,,,,, सूक्ष्म रूप से भी आत्म के भीतर अंधकार में ही प्रकाश छुपा रहता है।
       जब हम अपनी दमित ना दिखा पाने योग्य मनोभावों से जी भर के मौन द्वंद कर लेते हैं अंधकार में,,, तभी सशक्त रूप से प्रकाश की सकारात्मकता की चमक हमारी अन्तर और बाह्य आंखें झेल पाने में सक्षम हो पाती हैं।
     अंधकार को आज समझने का प्रयास कर रहा है मेरा अंतर।अंधकार में स्वयं के अवशिष्ट,,विशिष्ट,,और शिष्ट से साक्षात्कार करने का अवसर मिलता है। जीवन में आने वाली चुनौतियों के लिए रसद जुगाड़ करने की योजनाएं बनाई जा सकती हैं। अतः जीवन के अंधकार पक्ष से भी प्रेम करना आना चाहिए,तभी हम प्रकाश की सकारात्मकता का मोल जान पाएगें।

लो हाज़िर हूँ,,,



लो फिर हाज़िर हूँ
वक्त और हालात की
फैक्ट्री में,,,,

तोड़ दो मुझे,,
मरोड़ दो मुझे,,
और,,
एक नया आकार
दे दो,,,

इस बार भी
बोलूँगीं कुछ नही,,
हाँ,,, कुछ आहहह
और कुछ आंसू निकलेगें,,,

विचलित हो
कोई इनसे,,,,
यहाँ,,,,कोई ऐसा नही
आस-पास,,,,,,,
जो हैं सब चपेट में हैं,,
बेरहम पकड़ की
मजबूत जकड़ में,,

मशीनों के शोर
में सब दब जाता है,,,,
कुछ क्षणों बाद,,
एक नया आकार,,
नई 'पैकिंग' के साथ,,
जगमगाता हुआ,,,
बाहर आता है,,,
~लिली🌿

मेरी निराशाओं के प्रिय अंधेरे,,,

मन के आकाश
की ये अंधेरी रातें 
प्यार होने लगा है
,इनसे एकबार फिर

कितना उदार होता है
इनका हृदय
ये छुपा लेती हैं
मेरी पीड़ा,मेरी खुशी,
मेरा विरोध,मेरा समर्पण,

मेरी जीत,मेरी हार,
मेरे कुलुष,मेरे विकार,
मेरा क्रोध,मेरी पुचकार

मेरी आशा,मेरी हताशा,
मेरी जिजिवषा,मेरी कर्मनाशा,

मेरे समग्र व्यक्तित्व को
ओढ़ाकर अपनी,
स्याह चादर
ले जाता है मुझे
प्रकाश की हर उस सूक्ष्म किरण से
परे
जो मुझे मेरी हार के स्मृति-चिन्हों
की झलक दिखलाते हैं

मेरी निराशा के ये अंधेरे
मेरे रीते हाथों के खाली से घेरे
जाओ ! ले जाओ
इन आशाओं की
टिमटिमाती डिबरियां

मेरी महत्वाकाक्षांओं की
प्रतिमा बहुत विशाल है
इस लुकभुकाती सी लौ में
पूरी दिखाई नही देगी
जाओ ले जाओ.. !

आज मेरा 'मैं' जागा है
यह गौरी सा शान्त नही
चंडी सा प्रलयकारी है
इसकी प्रचंडता को
तिनके की ढाल से
रोकने का प्रयास ना करो
जाओ.. !

मुझे खुद में जलने दो
बहुत छला है स्वयं को
छल के उस छद्म को
मुझे इस मोटी अंधेरी
चादर से ढकने दो

शीतलता मिलती है मुझे इस अंधकार से
हल्के से  प्रकाश की ऊष्मा भी अब सह्य नही
मुझे रहने दो मेरे अंधेरों में,,
यही मेरे सच्चे साथी

हे मेरे आशाओं के प्रकाश!
अभी तुम मेरे करीब ना आओ..