रविवार, 26 अप्रैल 2020

लाॅकडाउन


लाॅक_डाउन
🌿🌿🌿🌿🌿

बरामदे में बैठ
आसमान में उड़ते परिन्दों की उड़ान देखना
या फिर,
किसी पेड़ की शाख पर बैठे तोते,बुलबुल,गौरैया आदि
के चहकते संवाद सुनना,
कब एक लहर आ जाए हवा की
और लहरा जाती है पेड़ों पर उगी
हरियाली मुस्कान,,
तो कहीं
लुक छुप कर धूप पड़ रही होती है
किसी पात के चेहरे पर
और वो चमक उठती है शरमा कर , कनक जैसी
और ये गिलहरियाँ तो ,,,,
बहुत बातूनी होती हैं,,
उफ़्फ़ सारा दिन किटिर-किटिर करती,,
एक जगह टिकना तो इन्होने  जैसे सीखा ही नही,
दौड़ती फिरती हैं चारो तरफ़,,
कुछ नही तो,, अनायास ही मेरी
अंगुलियां सहला देती हैं रंगबिरंगे सेरामिक पाॅट मे लगे
कोमल पौध को,,मुस्काते हुए
या फिर चश्मा चढ़ाकर,,
न्यूज़ पेपर में पढ़ने लगती हूँ
देश दुनियां के जाबाज़ों के किस्से
कैसे कोई बाहर लड़ रहा है
पूरी मानवता को बचाने के लिए,,
और कैसे कोई
घर में बंद है उन जाबाज़ों का हौंसला बढाने के लिए,,
जो अब तक खुद को भूल
भटक रहे थे दुनियावी शोरगुल में
आज मिल रहे खुद से,,
और हैरत में हैं,
,खुद में छुपी नायाब प्रतिभाओं
से मिल,,
'लाॅक डाउन' में तो बस मेरा जिस्म कैद है
ईट पत्थरों की दीवारों में,,
मन तो बरामदे में बैठ हर 'लाॅक' को तोड़
दुनिया जहां की सैर कर आता है,,,
लिली😊

बुधवार, 11 मार्च 2020

एक सच



'पांव'
अगर खोल कर
रख दिए जाए,
तो ज़बान से भी चला जा सकता है।
'हाथ'
अगर उतार कर
सहेज लिए जाएं
तो शब्दों को झरा कर
बहुत कुछ इधर से उधर
हटाया बढाया
जा सकता है।
एक सच जाना है,,,,
दुनिया जितनी खूबसूरती से
'ज़ुबान' चलाकर चलाई
जा सकती है,
हाथ-पांव चलाने से नही चलती,,
बस कुछ टाट के पैबन्द
ही लगा पाती है
सपनों की सुनहरी रेशमी चादर पर,,
लिली😊

गुरुवार, 20 फ़रवरी 2020

ॐ नमः शिवाय

                                                                   (चित्राभार इंटरनेट)

🌺🌿ॐ नमः शिवाय 🌿🌺

जो करूँ दुग्ध अभिषेक पहले
दूँ मधु से लेप हौले
फिर मलूँ घृत स्नेहल
धर धतुर के पुष्प उज्जवल
बेल पत्र की माल गुथ कर
उर सजा दूँ भोले शंकर
जड़ को चेतन क्या करोगे?
मुझको अपनी शरण लोगे?

जो समर्पित भाव लेकर
सत अर्पणा का स्राव लेकर
                                     दूँ तपा कई जन्म अपने
                                    तज दूँ सारे स्वार्थ-सपने
                                    बन अघोरी घोर त्याक्ता
                          धर योग तेरी साधना का
                                  सब युग्म बंधन खोल दोगें?
                                  मुझको अपनी शरण लोगे?

                                    मथ रही हूँ भव समन्दर 
                                 उठ रहे मणि अमि बवन्डर
                                 विष का सोता रिस रहा जो
                                 तुम सा उसका पान कर लूँ
                                     छोड़ सारी मोहमाया
                               मैं कंठनील का ध्यान धर लूँ
                                  शव को मेरे शिव करोगे?
                                 मुझको अपनी शरण लोगे?
लिली🌿

बुधवार, 13 नवंबर 2019

बालदिवस विशेष



फूलों में रंग है भरता कौन?

फूलों में रंग है भरता कौन?
क्यों रहता है चंदा मौन?

चिड़ियों के नाम धरे किसने?
आम को आम कहा किसने?

दही का जामन बना कैसे?
आसमान यूँ तना कैसे ?

सही/गलत सब होता है क्या?
वाॅच मैन भी सोता है क्या?

संग रेल के क्यों चलता है सब? 
माँ बोलो-भोलू उड़ता है कब?

हमको उलझाते जटिल सवाल
बाल हृदय के सुलभ बवाल
लिली👼👼


गुरुवार, 10 अक्टूबर 2019

असंतुष्ट प्रश्न


असंतुष्ट प्रश्न

कमरे की हर दीवार,छत, खिड़की दरवाज़े पर
प्रेम बसाया,
एक साथ बैठकर, खिड़की के बाहर दिखने वाले
आभास के आकाश पर
तराशे कल्पनाओं के बादल,
दरवाज़े से होकर गुज़रने वाली अजनबी पदचाप से,
होकर सतर्क
हम मुँह दबा कर हथेलियों से, हँसते रहे एक शरारती हँसीं
मोबाइल पर होते संवादों की नही थी कोई सीमारेखा,
परन्तु अब कुछ अजीब सा हो गया है
हृदय उद्वेलित है भीतरी उथल-पुथल से,
अशान्त मन उसी कमरे  की दीवारों और कोनों
में बसे प्रेम से पूछने लगा है सवाल,
लगाने लगा है आक्षेप,
करने लगा है अपेक्षाएँ
खिड़कियों के बाहर दिखने वाला आभास का आकाश
लगने लगा है सीमेन्ट की पक्की सड़क सा,
जिसपर तैरते नही बादल,
दौड़ रहे हैं वाहन,
जिससे निकलते काले धुएँ बादलों का भ्रम देते हैं
पर तराशे नही जा सकते,
अब संवादों को मिटाते वक्त प्रेम गिन कर बता देता है
वाक्यों की संख्याएँ,
'संवादों' ने बदल लिया है पैराहन
अब वे पहनते हैं 'चर्चा का जामा,
और कहा जाता है पूछने पर -"आदतन,बता दिया,
क्योंकि छुपा नही सकता कुछ''..
कभी-कभी पारदर्शिता का अतिरेक भी
बाधित कर देता है सांसों की अविरल आवाजाही!
इसलिये, बस इसीलिए,भागना चाहता है कमरे में बैठा
प्रेम, खुले मैदानों की ओर,
हाट बाज़ारों की ओर,,
होना चाहता है 'अन्यमनस्क',
बंद कर लेना चाहता है हृदय गुहा के कपाट,
यह कैसा पड़ाव है? यह कैसा विस्तार है?
प्रश्न असंतुष्ट हैं सभी यहाँ,
लिली😊

रविवार, 22 सितंबर 2019

स्याह..भयावह नीला रंग

                    (चित्राभार इन्टरनेट)



अच्छा हुआ किया तुमने
जो सारे बादल अपने साथ ले गए
आसमान अब साफ़ दिख यहा है
अब मै देख पा रही हूँ साफ़-साफ़
के बादलों के पीछे ,दरअसर कोई
गांव नही है, वहाँ कोई दरिया नही बहता
जिसमें तैरती हैं चमकती हुई मछलियाँ
वहाँ कोई पेड़ नही जिसकी शाखाओं
पर चाँद टिका कर बैठता है अपनी ठुड्ढी
वहाँ तो बस गहरा गड्ढा है जो नीले रंग
में रंगा किसी कैनवास सा भ्रम देता है
ब्रश चुबो कर सपनीले रंगों से बनाने
जाओ अपने मन की आकृतियां तो,
खींच कर खुद में घसीट लेता है,
और यह गिरना बहुत भयावह होता है
किसी अंतहीन गुफा में गिरते जाना
जो काली नही नीली है, नीला रंग शायद
काले स्याह से ज्यादा डराता है,इस हालात में ये अब जाना। किसी धरातल पर पटके जाने की प्रतीक्षा में गिरते जाना..गिरते जाना...गिरते जाना... इस नीले डर से जुझते हुए जाना कि- ज़मीन पर गिर कर चोट खाना कितना सरल है। जख़्म कुछ दिनों में सूख जाते हैं। एक निशानी दे जाते हैं स्मृति के तौर पर। लेकिन आसमान पर गिरना- ना ज़ख्म दिखता है खुद को,ना सूख कर कोई निशान दे जाता है। नसों को दबोच कर खून सूखा देता है जिसको बयां नही किया जा सकता।
समझ नही आता मुझे बादलों से इतना बैर क्यों हो गया?
और आसमान से इतना ख़ौफ़?
लिली😊

शुक्रवार, 23 अगस्त 2019

अतृप्ता पर, ताराचन्द शर्मा जी की अनूठी समीक्षा..


कुछ अलग हटके।
आज एक खत कविताओं के नाम
आज कविताओं की एक कविता

लाजवाब कवयित्री लिली मित्रा के कविता संग्रह "अतृप्ता" की सशक्त कविताओं की एक कविता।
यह संग्रह 51 बेशकीमती मोतियों की एक ऐसी माला है जिसका प्रत्येक मोती अपनी एक अलग ही आब लिए हुए है। उन 51 कविताओं के शीर्षकों को क्रमशः गूँथ कर मैंने भी एक माला बनाने की कोशिश की है। पर इनका असली आनन्द तो आपको "अतृप्ता" पढ़कर ही प्राप्त होगा।
***********************************

ऐे मेरे देव!
#मेरी_कविताओं_के_कवित्व
नमन तुम्हें।

#हे_साहित्य_मैं_तुम्हें_आत्मसात_करती_हूँ"
सत्य की तरह।
क्योकि ये
#शिव_सम_साहित्य_मेरा
जो सर्वाधिक सुन्दर है।

मैं अपने भीतर भी
अपनी कविताओं की तरह
#बंधन_मुक्त_कविता" हूँ।
नही चाहती मैं किसी भी तरह की
#सीमाओं_का_बंधन"
न कविता में, न खुद में।

जानती हूँ
#कुछ_यूँ_था_अपना_अफ़साना"
कि
#मैं_गीत_हूँ_उसके_लिए"
उसके प्यार में
#कुछ_शब्द_यूँ_ही_गिर_जाते_हैं
मेरे प्रिय
#तुम्हारी_यादों_की_रजनीगंधा
से महका ये मेरा
#मन_गिलहरी" सा हो गया है।
तुम्हे
याद होगी
#वो_दिसम्बर_की_भोर
जब,
चंद पलों के बिछोह से भी
अनायास निकला था मेरे भीतर से
#आई_मिस_यू

ओ
#मेरे_आत्मसंगी
#सुनो_मेरे_वट
मैं जब भी सोचती हूँ तुम्हे
#समुद्री_लहर_सा_पाती_हूँ
इस
#मैं_और_तुम" में
तुम ही तो हो
जो मैं हूँ।
तुम
#तुम_टेसू_के_जंगल"
मेरे लिए।
मेरा
भूगोल भी
मेरा
#भूडोल" भी।

सुनो देव!
इस
#अपराजिता_की_अभिलाषा" है
जान सकूँ कि
#खुशबू_क्यों_अदृष्यमान?"

#सुनो_सजना
तुम
#यूँ_सताया_न_करो"
तुम
जब भी चाहोगे
जहाँ भी चाहोगे
#मुझे_पाओगे

कहते है
#प्यार_को_पूर्णता_कहाँ?
सच ही कहते है।
ये तो अनन्त है, अपार है।

और
एक सवाल
तुझसे भी
#ऐ_ज़िन्दगी!
तूने ये
#मेरे_हाथों_की_लकीरें"
किस तरह से लिखी हैं?
मुट्ठी में बंद ही नही होती।

तूने तो
मेरा
#मन_गौरैया_बना_डाला
जो
आ जाती है चहकती हुई
शयनकक्ष में
और बैठ जाती है
सिरहाने
#तकिये" पर।
और तकिया
मुझे कहता है
#हौले_से_सरक_जा"

ये
मेरा ममत्व,
#मेरे_मन_का_मधुमासी_कोना"
फिर चल दिया
एक अजाने
"सफ़र" पर।
एक बार
फिर लगा
"न जाने कैसा हो मेरा अवसान"
फिर बन गया
मेरा
"दिल एक अंतहीन मैदान"
जिसमें कोई
"ठहराव" ही नहीं है।
इसलिए
अब
"मुझे विषय मत बनाइए"
मैंने
"निज जीवन तुम पे वारा है..."
तुम्हारे संग
बस ये
"एक ख़्वाहिश" रही है मीत
कि ये
"नदी रूख़ मोड़ लें"
ये
"फुसफुसाती ख़ामोशियाँ"
दोनों मिलकर सुनें।
इसलिए
मेरे देव
"लो फिर हाज़िर हूँ" मैं।
"मेरी निराशाओं के अंधकार"
रौशनी चाहते हैं तुमसे।
मेरे
"दास्तानी परिंदे"
परवाज़ करना चाहते हैं
तुम्हारे खुले आकाश में।
हाँ प्रिय हाँ
"हाँ यह मेरा ही जलाया अग्निकुंड" है
जिस में तप कर
कुंदन होना चाहती हूँ मैं।
तुम्हारी
"वो झूमती, किसी गाछ-सी" लड़की
शिला होना चाहती है
जिसपर तुम जीवन-तप कर सको।
मेरे साथी
ये
"मेरे रोज़नामचे"
कड़ियाँ हैं
तुम्हारे और मेरे बीच की।
सत्य की।
बीच में कोई और
"मुखौटा" नहीं है।
ना ही इनमें कोई
"निष्कर्षविहीन आत्म-मंथन" है।
सब
मेरे "मन की मथनी" का मथा हुआ
नवनीत है।

ये
जो
"एलीफेंटा के भित्तिचित्र"
मेरे वजूद में उभर आए है
मुझे समझने के लिए
"काफी हैं" तुम्हारे लिए।

समझो
तो तुम्हारी
"अतृप्ता"

~~ताराचन्द 'नादान'