सोमवार, 5 मार्च 2018

एक ख्वाहिश❤

                      (चित्राभार इन्टरनेट)

एक ख्वाहिश,,,❤

जब जीवन की
धूप थोड़ी नरम
पड़ जाए,,

तजुर्बों की चाँदनी
हमारे बालों पर
बिखर जाए,,,

और  चेहरे की
झुर्रियां हर तलातुम
की कहानी दुहराएं,,

मेरे कांपते हाथ
तब भी सड़क पार
करते वक्त तुम्हारे
हाथों को करीब लाएं,,

आँखों की पलकें
किसी भारी परदे सी
सिकुड़ कर मेरी निगाहों
की शोखी छुपाएं,,
तुम्हारे होंठ तब भी,,
"ओ निगाहे मस्ताना"
गीत गुनगुनाएं😃😃😃😃😃

बस अब और नही,,
नही तो तुम कहोगे
बस बस!!!
रूलाएगी क्या बावली? 😃😃😃


दोहा-गीत

                        (चित्र लिलीदास जी द्वारा)

मन की गठरी बांध ले,
झूठी है हर ठौर,
राम नाम की धुन जपें,
राह सही नहि और।

तेते पांव पसारिए,
जेती लाम्बी सौर,,

यौवन का मद है क्षणिक,
कौन करेगा गौर,
उम्र संग तो ये ढले,
भूले बीता दौर।।

तेते पांव पसारिए,
जेती लाम्बी सौर।।

निज स्वार्थ के सामने,
परहित झूठा कौर।
सब अपनी झोली भरे,
कैसा अद्भुत तौर।।

तेते पांव पसारिए,
जेती लाम्बी सौर।।

नियति दिया स्वीकारिए,
फल देगें सिरमौर,
उचित समय पर ही फरे,
अम्र गाछ पर बौर।

तेते पांव पसारिए,
जेती लाम्बी सौर।।

शनिवार, 3 मार्च 2018

दिल,,,,,एक अंतहीन मैदान,,

                        (चित्राभार इन्टरनेट)

लगता था कभी,
 ये दिल,,
एक मुट्ठी मे समा
जाता है,,
पर,,,
अनुभवों का बहाव
 एक नया आकार
बनाता है,,
अब ये दूर तक फैले
निर्जन मैदान सा
दिखता है,,,,
समय की धूप से
इसका कण-कण
तपता है,,और
'मै',,,
किसी पत्थर पर
खड़ी,
क्षितिज तक पहुँचने
का सफर नापती हूँ,,,
आँखों पर हथेलियों
की छतरी लगा,
अपनी क्षमताओं
को आंकती हूँ,,,

खुश होती हूँ ,,,
ये सोच,,
के ज्यादा नही चलना होगा,,
वो जहाँ मिल रहे,
धरती और आकाश
मेरी आँखों के आगे
मुझे यहीं से दिख रहे,,
सीमा के वो धागे,,,


हर एक कदम पर
वह धागा दूर खिसक
जाता है,,
हर ठहरन पर
एक पड़ाव बनता
जाता है,,,
सफर तय करते
हुए जब थोड़ा
रूकती हूँ,,,
बस यूं ही अपने सफर
की तय दूरी को
पलट कर तकती हूँ,,
देखकर खुद पर
ही हैरत करती हूँ,,
वो जो निर्जन सा
मैदान धूप में तपता था ,,
धूल भरी आंधियों का
भंवर जहाँ पकता था,,,
वहाँ एक पूरा शहर बसा
आई हूँ,,
कहीं पेड़,,,कहीं घर,,,
कहीं बागीचे
लगा आई हूँ,,,
वह मेरी मंजिल का
धागा अब भी मुझे
 दिखता है,,,
ना जाने कितने और
शहरों की बानगी
का आगाज़ लिखता है,,,

एक मुद्दत बाद
यह समझ सा
आता है,,,
आदमी एक सफर में कितने
अप्रस्तावित सफर
तय कर जाता है,,
सफर में सफर का
यह सफर,
यूँ ही चलता रहता है,,
मुट्ठी में समाने वाला
दिल,,
किसी अंतहीन मैदान
सा लगता है,,,,

शुक्रवार, 2 मार्च 2018

राजू,,,

                      (चित्राभार इन्टरनेट)

विश्वविद्यालय का परास्नातक सत्र एक वर्ष विलम्ब से शुरू होता था,,अतः स्नातक पूरा कर मैं छात्रावास से घर आ गई थी।
  पिता जी का स्थानान्तरण अब इलाहाबाद ही हो चुका था तो वैसे भी छात्रावास में रहना बेवजह था।
     अब घर के कामकाज, टेलीविज़न देखने के अलावा कोई और काम नही था। पड़ोस में तिवारी अंकल जी की बड़ी बेटी शालिनी दीदी जो कि,,पास ही के एक प्राइवेट स्कूल की प्राचार्या थीं, उन्होने एक दिन मेरी माता जी से कहा-' लिली को भेज दीजिए हमारे स्कूल में एक अध्यापिका की आवश्यकता है,,वैसे भी अभी वह खाली ही बैठी है।"
   माँ को भी लगा पास ही तो जाना है,,मन भी लगा रहेगा उन्होने हाँ कर दी। मात्र 300/ रु• वेतन पर मैने अध्यापिका के रूप में अपने जीवन की पहली नौकरी आरम्भ की।
     मुझे छोटे बच्चों के बीच रहना बहुत प्रिय रहा है शुरूवात से ही,,,और उनको पढ़ाने में भी बड़ा आनंद आता था,,,। किसी किसी दिन सबक पूरा होने पर,,, मन गढ़न्त कहानियां सुना दिया करती थी,,जिनके पात्रों के नाम बड़े उट-पटाँग से हास्योत्पादक होते थे। बच्चे कितने मनोयोग से मेरी ऐसी कहानियों को सुनते थे,,,मुझे बड़ी सुखद अनुभूति होती थी यह सब देखकर।
    फिर तो बच्चे इसी लालच में अपना काम जल्दी पूरा कर लेते थे कि -आज लिली मैडम नई कहानी सुनाएगीं। आज संस्मरण के तौर पर यह लिखना फिर से उसी परिवेश में पहुँचा रहा है। चलचित्रों में देखते हैं हम,,कैसे सोचते सोचते,,हमारे ख्याल सजीव होकर हमारे सामने चलने बोलने बतियाने लगते हैं,,,ठीक वैसी ही अनुभूति से मैं गुज़र रही हूँ।
      वैसे तो मैं छोटी कक्षाओं के बच्चों को पढ़ाती थी,, इसके साथ कक्षा छः के विद्यार्थियों को हिन्दी भी पढ़ाती थी। उस कक्षा में एक छात्र था 'राजू' नाम से,, एक बड़ी विचित्र आदत थी,,,उसकी गलती पर उसे डांटने पर वह हंसता था। जिसे देख डांटने वाले अध्यापक का गुस्सा और परवान चढ़ जाता था।
      वह अक्सर लिखने में मात्रिक अथवा वर्तनी दोष करता था। श्याम-पट पर लिख देने के बावजूद उसके लेखन में बहुत गलतियां होती थीं। मैने कई बार उसको इस गलती पर डांटा,,परन्तु उसको हंसते  देख मुझे बहुत झुंझलाहट होती थी। धीरे धीरे मैने उसको कुछ बोलना ही बंद कर दिया।
     अब उसकी उत्तर-पुस्तिका जांचते समय,मैं गलतियों को सुधार कर के खुद ही लिख दिया करती थी,क्योंकि मुझे लगने लगा था कि,वह त्रुटियां जान-बूझकर नही करता था। मेरे ऐसे व्यवहार से राजू  में काफी परिवर्तन नजर आए थे। कम से कम मेरी कक्षा में वह प्रयास ज़रूर करता था अपनी त्रुटियों को यथा-सम्भव कम करने की,,,,परन्तु,ऐसा हो नही पाता था। भले ही अन्य अध्यापकों की कक्षा में वह ढींट पन दिखाता रहा हो,,पर हिन्दी की कक्षा में खुद को अनुशासित रखने की उसकी चेष्टा स्पष्ट रूप से मैं महसूस कर पाई थी।
      सरदियों के दिन थे। गणित के मास्टर साहब ने कक्षा छः के बच्चों को श्याम-पट,चाॅक समेत बाहर धूप में बुला लिया। अचानक मास्टर साहब कि गुस्से से तिलमिलाई आवाज़ पास की कक्षाओं तक आने लगी-
"गद्हा नही ते,,,सकूल में बाप महतारी के पैइसा उड़ाए खातिन आवत है।खोपड़िया में गोबर भरे है का बे,,,?"
मैं देखने के लिए बाहर आई,,, तो देखती हूँ सारे बच्चे गोला बनाकर खड़े देख रहे हैं,,, मास्टर साहब बेरहमी से बेंतों और खिसियाएं शब्दों की बारिश राजू पर अंधाधुंध किए जा रहे थे।
     मै देखकर आश्चर्य जनक रूप से हतप्रभ थी,,, कि इतनी ज़ोर और बलपूर्वक प्रहार सहने के बाद भी 'राजू' हंस रहा था,,,,,,,,,,,,।
     थक कर मास्टर साहब ने बेंत पटक दी,,और राजू हाथों को रगड़ता हुआ चुपचाप बैठ गया।
      मेरा अंतस अंदर तक दहल गया,,,समझ ही नही आ रहा था कि- राजू दया का पात्र है,,,या सहानुभूति का,,???
       एक सह अध्यापिका ने बताया,,,कि एकबार चारा काटने वाली मशीन से इसकी एक अंगुली कट गई थी,,, राजू फिर भी नही रोया था,,!'
         उस दिन मैं बहुत बेचैन हुई थी,,मैने घर आकर माँ को भी यह बात बताई। माँ ने एक बहुत गहरी बात बोली- "उसका हंसना ही उसके आंसू हैं। दर्द की भीषणता जितनी अधिक होती है 'राजू' उतना अधिक हंसता है।"
       वह दिन और आज का दिन,,,मेरे हृदय की गहराइयों से 'राजू' का व्यक्तित्व एक अमिट छवि छोड़ गया। पर आज इतने सालों बाद उसे कलमबद्ध करते हुए भी मैं यह नही समझ पा रही,,,,क्या वास्तव में राजू 'क्रोध का पात्र' था,,,,,,?

मंगलवार, 27 फ़रवरी 2018

भूडोल,,

                        (चित्राभार इन्टरनेट)


अंदर
तक थर्राई थी,
वो खुश थी,
या घबराई थी???
शायद भूडोल
का कारण
आज जान पाई थी!!

संवेदनाओं का तरल
कहीं अनंत
गहरे आत्म-पातल में
दबा होता है,
कई परतों के मोटे
आवरणों में
छिपा होता है,,,

कोई भेद जाता है,
अपने अगाध
प्रेम चुम्बित
स्पर्श से,,,
और,
कर जाता है
समस्त अभिव्यक्तियों
को अवाक्,,,
तरल की हलचल
फिर किसी
तूफानी समन्दर
से होती नही कम
डोल जाता है
भूगर्भ,,
फट पड़ती है
ऊपरी सतह
लिए गहरे फांक,,

नही पता खुश थी?
या
घबराई थी?
पातल की गहराइयों
से बाह्य तक
'वो'
किसी भूडोल की
चपेट में आई थी,!!

होता है कोई
'अतिविशिष्ट' जो
पातल के तरल
तक को देख
पाता है,,
सामान्य को तो
अचला का
आँचल ही
नज़र आता है,,,

शायद अपने
गर्भीय रहस्यों को
उसके मुख से
सुन तनिक नही,
अधिक भावुक
हो आई थी,,
पातल की गहराइयों
से बाहर तक
भूडोल की
चपेट में आई थी,,,



शनिवार, 24 फ़रवरी 2018

मैना रानी,,,,,

                       (चित्राभार इन्टरनेट)

👶#बालकविता👶

🐦🐦🐦मैना रानी🐦🐦🐦

आँखों में सब करती कैद,
मैना रानी   बड़ी   मुस्तैद।

नपे पगों   से चलती डेढ़,
जैसे   फौजी  करे परेड।

एक अकेली फिरे दुखी,
दो दिखे तो मिले खुशी।

मीठे सुर में  गाती    गान,
पीला अंजन आँख मे तान।

दल में रहती हैं ये साथ
भूरी काली इनकी गात।

कभी घास कभी बैठी तार,
भिन्न रंग और कई प्रकार।

लिली🐦

मंगलवार, 20 फ़रवरी 2018

🐴अड़ियल टट्टू🐴

                       (चित्राभार इन्टरनेट)

👶बालकविता👶




भोंदू भाई   अड़ियल टट्टू,
अपनी ज़िद के बने हैं रट्टू।

रत्ती भर ना   हड़िया ठेलें ,
दिनभर सोवें बड़े निखट्टू।

अड़ जाएं जब बात पे अपनी,
टस्स से मस्स ना होते गट्टू ।

भोंदू भाई अड़ियल टट्टू,
अपनी ज़िद के बने हैं रट्टू।

लिली 🐴