शुक्रवार, 30 जुलाई 2021

कविता के अवशेष

 


       (चित्र साभार सांत्वना श्रीकांत द्वारा )

बारिश का आख़िरी क़तरा

पात पर जमी धूल के

आखिरी कण को
साथ लेकर
जमीन की तृष्णा की अंतिम तरस को मिटाने के लिए
बस टपकने को है,,
पर क्या
ये पात का धुल जाना
ये धरती की तृष्णा का
मिट जाना
उस क्षण के बाद
फिर नही होगा?

या फिर बारिश ठहर जाना चाहती है पात पर
आखिरी क़तरा
सूखता आँसू है
बिछोह का,,
धरती की तृष्णा
मुहँ खोले
खींच लेने को आतुर है
बारिश का अंतिम कण?
पीड़ा किसकी घनीभूत है
बूँद की?
पात की?
धरा की?
या फिर बादल की?
जिसका प्रसंग इस पूरे विवरण में कहीं
आया ही नही?
गडमडाए से प्रश्न
घटनाओं के टूटते जुड़ते क्रम
जैसे आँखों को हड़बड़ी मची हो
जो देखा , सब भर ले
अपने गलियारों के गोदाम में,,
कोई कविता शायद
इसी हड़बड़ी में कुचल जाती है
पात के गाल से फिसलती
बूँद की राह पर
सूखे आसूँ के निशान की तरह
थी तो सही
पर अब अवशेष ही शेष

सोमवार, 8 मार्च 2021

रेगिस्तान के खजूर

 

मन एक लम्बे अरसे से बह बहकर जैसे खुश्क़ रेगिस्तान सा हो चुका था। इतना के हौले से रेत का सरकना भी कर्कश लगने लगा।
बस इतना ही कहा था करन ने प्यार से -
मुझे तुम चाहिए ,,,
मेरा उन्मुक्त आकाश ,मेरी सांसों का महकता स्पंदन!
मिला करो ना फिर से वैसे ही जैसे पहले मिलती थी।
चहकती सी, प्यार में मुझको भिगोती हुई।
और कुछ बोलता करन उससे पहले ही
शिखा  बोल पड़ी - मत बोला करो अब ऐसे।
कमरे में सामान हटाए -बढ़ाए जा सकते हैं । एक टेबल के जगह कोई और नई टेबल लगाई जा सकती है। और इसपर भी गुंजाइश उतनी ही होती है जितनी कमरे में जगह हो। गोदाम थोड़े बनाया जा सकता है। चलने-फिरने के लिए भी तो जगह होनी चाहिए ना?
पर दिल में इंसान की रिप्लेसमेंट नही हो सकती।
कोई किसी की जगह कभी नही ले सकता।
ये बात मैने खुद को बहुत अच्छे से समझा लिया है।
प्राथमिकता सदैव प्रथम ,,,'दूसरा' होने की अपनी अलग ही पीड़ा होती है। मुझे उस पीड़ा से हरी-भरी रहने दो।
मेरे तुम्हारे एकान्त के वो डेढ़ साल मेरे जीवन का सबसे खूबसूरत सावन  रहेगा।
अब मुझे लौटने को मत कहना।
"ठीक है जैसी तुम्हारी मरज़ी जैसे रखोगी वैसे ही रहूँगा" करन से कुछ और कहा ना गया। एक मंज़िल के राही दो  अलग रास्ते पर जाते दिखे।
इसी सोच के साथ , मन के रेगिस्तान फूटेगी कोई खजूर की पौध,यादों का सावन रखेगा उनको हरियाया,,
लिली


मंगलवार, 22 सितंबर 2020

तलब और ताल्लुक


 

अभी पढ़ा कहीं-"तलब हो या ताल्लुक,गहरा होना चाहिए''। तलब और ताल्लुक के बीच दौड़ने लगी सोच। कोई भी ताल्लुक तलब से ही बनता है। उसमें गहराई का गर्त होना ज़रूरी है ताकि ताल्लुक बनते बनते जब तलब कम होने लगे तब चाह कर भी ताल्लुक के गर्त से निकला ना जा सके। क्योंकि तलब तो निकल पड़ती है एक नए सफर पर, नए ताल्लुक खोजने। जो एक इकलौता इन सब अफ़रा-तफ़री के चक्की के दो पाटों में पिसता है वो है 'दिल'  बुरादा-बुरादा हो कर रह जाता है। 'पा' जाना मंज़िल नही होती शायद,,,, 'मंज़िल की तलाश' एक सबसे बड़ा छलावा। ठहर अगर गर्त में गिरने का नाम है तो फिर 'गहराइयों' से बचना ही अच्छा। हर तलब को लहर मान कर किसी तिनके की तरह ऊपर-ऊपर तैरते रहिए। तलबों के समन्दर बनाइए। ताल्लुक की गहराई अकेला कर देती है। कुछ महकती स्मृतियों के जलचर इर्द-गिर्द फैलाकर। जो आपकी भाषा भी नही बोल पाते। मौन एकतरफ़े संवादों संग बड़ बड़ाते रहिए गर्त के एक कोन से दूसरे कोन तक।

   सामने एक छोटे से सेरामिक पाॅट में पानी भर कर कुछ लाल फूलों के गुच्छे सजा रखे हैं। अपने खाली समय में किताब पढ़ते हुए पूरी एकाग्रता संग, कभी-कभी कोई फूल 'टप्पप' की आवाज संग टेबल पर झरता है। मेरा ध्यान अपनी ओर खींच लेता है। मैं उस फूल को उठाती हूँ ,अपनी अनामिका से सहला कर हल्का सा मुस्कुराती हूँ और फूल को हौले से प्रेस कर किताब के पढ़ चुके पृष्ठ तले दबा देती हूँ। ये स्मृति का पुष्प है मेरी तलब के ताल्लुक बनने की धरोहर। जिसे मैं भी दबा देती हूँ किताब के सफ़ों तले। वे दबे रहेगें ऐसे ही। साल दर साल,,,रंगों में आ जाएगा एक भूरापन पर फिर भी वे दफ़्न रहेगें उन्ही सफ़ों के तले। उनकी नियति में मोक्ष ना जाने कब नसीब होगा......

तिनका बनना चाहता है मन आज़ाद लहरों के ऊपर तैरता ,,गहराइयों में दफ़्न कर लिया बहुत कुछ,,अब और नही।

लिली🍁


इच्छाएँ


 छोटी-छोटी सी इच्छाएँ हैं,

किसी रोज़ ढलती शाम
समन्दर  किनारे
रेत पर बैठकर
ताकें सूरज को
एक टक,,,,,,
किसी सुबह,किसी पहाड़ के
सबसे ऊँचे शिखर पर
जहाँ सुनाई दे
तुम्हे मेरी
मुझे तुम्हारी साँसों
की कदम ताल,,
सूँघें हवा की हरी-गंध,
स्पर्श करें उगते सूरज की
स्वर्णिम किरण,
सुनें, नीचें दिखती
घाटियों की अनकही,,
रूह निकल कर तन के पिंजर से
बैठ जाए पीठ से पीठ
ठसा कर,,,
चाहना जाना चाहती है
सुदूर दक्षिण के
पुरातन गुहाओं, और मंदिरों
के प्राचीरों में
जहाँ सुनी जा सके
भग्न भित्ति चित्रों,
परित्यक्त देव प्रतिमाओं
के उच्छावास,,
देख सकें
चिर काल से बहते जलकुंड
शैवाल संग आलिग्न बद्ध
रह जाना चाहे
तन भी वहीं उन्ही पुरातन
गुहाचित्र एवं परित्यक्त देव प्रतिमाओं
संग,,
उनकी तरह ही जड़वत
आदि अनादि काल तक,,,,,,,,,,,,,
बताओ क्या इच्छाएँ मेरी
महत्वाकांक्षा सी प्रतीत होती हैं?
बोलो ?
लिली



बुधवार, 2 सितंबर 2020

बातें,,,

 


'बातें ' ढेर सारी भी नही 

और कम भी नही ,,

थोड़ी थोड़ी हर रोज़,, 

ना  कम ना ज्यादा

जैसे चाय में शक्कर 

और सब्ज़ी में नमक।

जार में रक्खी कुकीज़ को

हर रोज़ बस 

दो-दो कर के खाना

जैसे-

एक कप काॅफ़ी को 

छोटी-छोटी चुस्कियों में सिमटाना,,

हाँ, बहुत ज़रूरी है तेरा मुझसे

मेरा तुझसे किसी भी 'बात' पर

या तो उलझ जाना,,

या सुलझ जाना,,,,

जैसे धूप के पीले धब्बों से

दरख़्तों की दुखती पीठ

को सेंक जाना


बुधवार, 29 जुलाई 2020

दोहराव



दोहराव
*******
कान भी असहाय से
लाचारी में परदों को बाए
हर दोहराव को
प्रविष्टि देते जा रहे
'दोहराव'
वही एक सी बात,,
एक ही बात का
ना मुहँ थकते हैं
ना 'बातें' उकताती हैं,,
लकीर की फकीर सी
चलती हुई
बहुत गहरी धारियां बनाती,
जिसमें उनके खुद के ही पैर
धंस जाते हैं,,,
पर गन्तव्य प्रभावित नही होते,,
वे 'बेहया' से अपनी धुन में
अलमस्त,
हर दोहराव, का किसी
पीछे के गोदाम में
ढेर लगाते जा रहे।
अनगिनत मुहँ से निकली
एक ही बात
अनगिनत कानों तक का
सफर तय करती
एक ही बात
बार बार,,,,लगातार,,हरबार
खुद को दुहराती ,तिहराती
एक गोदाम में
कबाड़ की तरह जमा होती जाती हैं
लिली

बुधवार, 3 जून 2020

कुछ रोमानी ❤ गतांक से आगे,,

गौरी दी! ओ गौरी दी! कहाँ हो?
आवाज़ देते हुए अपर्णा ने अपना पर्स टेबल पर रख सभ्यसाची की दी हुई फोटोज़ वाला इन्वलप निकालने लगी।

गौरी दी- बोलो खुखूमाॅनी! क्यों पूरा घर सर पर उठा रखा है।
मै बुढ़ी इतना दौड़-भाग नही सकती हाँ,,गौरी दी ने थोड़ा रुसियाते हुए कहा।

अपर्णा -अरे तुम ऐसे कैसे बुढ़ी हो गई गौरी दी! (थोड़ा छेड़ते हुए चुटकी ली) सदाबहार लगती हो ।

गौरी दी - उफ़्फ़ इस लड़की का मै क्या करूँ ठाकुर !
अच्छा बोलो क्यों आफ़त मचा रखी है

अपर्णा एकदम फुदक कर बोली वही तो ,, तुम अपनी ही सुनाने में लगी हो मै तुम्हे ये फोटोज़ दिखाना चाह रही हूँ और एक तुम हो,,,,,देखो देखो,,,वो पिछले महीने सभ्या के साथ गई थी ना घूमने पहाड़ों पर ,,उसने कुछ तस्वीरें उतारी थी वही ले कर आई उसके घर से। बोलकर एक कर अपनी तस्वीर पहले खुद निहारती फिर गौरी दी की तरफ़ बढ़ा देती।

गौरी दी एकदम मुग्ध होकर हर तस्वीर देख रही थीं। बोली नज़र ना लगे मेरी खुखूमाॅनी को देखो तो कितनी खूबसूरत दिख रही।
  फिर कुछ सोचते हुए अचानक से बोली खूखूमाॅनी तुम ये कैमराबाबू से शादी क्यों नही कर लेती?
बोलो तो मैं कितना दिन तुम्हारी देखभाल करती रहूँगीं।
 मेरा भी तो उमर हो गया,,,,, तुम शादी बनाओं हाँ,,स्वर में एक ममत्वपूर्ण अह्लादित निवेदन सा भर गौरी दी बोलीं।
अपर्णा को फिर से फाजलामी सूझी - अच्छा गौरी दी ,, मान लो तुम्हारे कैमराबाबू से मैने शादी कर ली?
तो क्या कैमराबाबू वो सब काम मेरा कर देगें जो तुम करती हो मेरे लिए?
बोलो ना,,मै ऐसे घर को सर पर उठा लूँगीं तो वो तुम्हारी तरह मुझे प्यार से शान्त कर सकेगें??

गौरी दी- ने अपना एक हाथ सर पर पीटते हुए ओ माँ गो माँ ! एई मे टार मुखे कोनो कॅथा आटकाए ना( इस शरारती लड़की के मुहँ में कोई बात नही अटकती)
जो  मन में आता है बोल देती है।
और अपर्णा ज़ोर का ठहाका लगा कर हँस पड़ी।
गौरी दी थोड़ा खीझ गईं और भुनभुनाते हुए किचन की तरफ़ चल पड़ी - इस लड़की को कुछ समझाना माने दीवार से सर मारना ।

अपर्णा फिर से अपनी तस्वीरों को देखने लगी और खुद पर ही रीझने लगी। फिर उठकर दिनभर की थकान उतारने के लिए फ्रेश होने चल दी
___________________

स्टडी टेबल पर बैठ अपने कल के लेक्चर की तैयारी करने के बाद । उसने फ़्रिज से रेड वाइन गिलास में निकाली और बारमदें की चेयर पर आकर बैठ गई।
 उसको रह रहकर सभ्यासाची का वो चेहरा याद आने लगा,,,कैसे वो उसकी हर तस्वीर में असली अपर्णा को खोज रहा था। वो फिर से हँस पड़ी।
वाइन के छोटे छोटे सिप लेते हुए तारों से भरे आसमान को निहारती अपर्णा,,,,खुद को दुनिया का सबसे आज़ाद परिन्दा समझ जैसे हर तारें पर फुदकती फिर रही थी।
ना जाने कब छोटे-छोटे घूँट ग्लास की वाइन को खत्म कर गए।
फिर से उठकर वो ग्लास भर लाई,,,उसे अपने नज़रे के दायरे पर बिखरे हर तारे तक पहुँचना जो था।
हल्का सुरूर अब तक अपर्णा पर छा गया था। उसने फोन उठाया और सभ्यासाची को डायल किया।

फोन उठते ही वो बोल पड़ी- वाइन पियोगे? और हँस दी
सभ्यासाची - ओह तो मैडम वाइन पी रही हैं? पहले बताती तो आ जाता । तुम चाहती ही नही थी मेरे साथ इसलिए तो ऐसे इन्वाइट दे रही।
अपर्णा - मै होती ना तो आ जाती। वाक्य खत्म होते ही उसने प्रश्न दाग दिया - हे सभ्या शादी करोगे मुझसे?

सभ्यासाची - एकदम अप्रत्याशित हो गया,,थोड़ा सकपकाते हुए आश्चर्य से बोला - शादी !!
ये अचानक नया भूचाल कैसे उठ गया मैडम ?

अपर्णा - वो आज गौरी दी बोली के मै तुमसे शादी क्यों नही कर लेती? तो मैने सोचा पहले तुमसे पूछ लूँ,,,,,अब कल को मैं बारात लेकर अचानक पहुँच गई तुम्हारे घर तो वो भी ठीक नही होगा ना।
सभ्यासाची  से उसकी इस भोली सी मासूम बात पर हँसे बिना नही रहा गया। और वो दिल खोल कर खूब देर तक हँसता रहा।
दूसरी तरफ़ अपर्णा निःशब्द हो सभ्या की हँसी सुनती रही।

अचानक सभ्यासाची  रूका और बोला - हैलो! अपर्णा!
अपर्णा -सभ्या की हँसी में डूबी हुई बस हौले से बोली -" हूँ''
सभ्यासाची - ओह तुम हो मुझे लगा फोन डिस्कनेक्ट हो गया?
अपर्णा - तुम हँसते हुए कितने क्यूट लगते हो! मन करता है मैं बस तुम्हारी हँसी के समन्दर में गोते लगाती रहूँ।

सभ्यासाची - थोड़ा लजा सा गया फिर समज होते हुए बोला सोना नही है? कल काॅलेज बंद है क्या तुम्हारी शादी की खुशी में ? बोल सभ्या फिर हँस पड़ा।
अपर्णा - ''अरे ना बाबा काॅलेज तो जाना है ''बोलते हुए उसने मोबाइल की लाइट में घड़ी का समय देखा 12.30 बज चुके थे। अच्छा चलो अभी रखती हूँ । इस वीक एन्ड आती हूँ तुम्हारे घर फिर 'शादी की प्लैनिंग 'करते हैं वाइन और डाइन संग । गुडनाइट
सभ्यासाची - गुड प्लैनिंग ! डन !  गुडनाइट