सोमवार, 3 मार्च 2025

पलाश

 







सुनो मेरे पलाश...झर गए हो तुम मेरी हृदयभूमि पर लेकर अपनी रक्तिमा, मेरी हरित संवेदनाओं को भर रहे हो फाल्गुनी गुनगुनाहट से। बांध ली है मेरी मन मयूरी ने पग शिंजिनी। राग फाल्गुन में बजने लगा है ऋतु का सितार । कज्जल नयन हो रहें हैं चंचल। हस्तमुद्राएं बन गईं है...अंग भंगिमा आमद के लिए है तैयार। प्रकृति दे रही है संगत मन के उल्लास को। गूंज उठे हैं पठन्त के स्वर... थई तत् ता..आ थई तत् आ...

मंगलवार, 21 जनवरी 2025

खंडहर

(साभार गूगल)

बहुत मुश्किल होता है तबाही के बाद

फिर से बसना

बहुत कुछ बिखरा होता है आसपास

अतीत के अवशेषों के साथ

कुछ अनमना सा अचकचाया सा

अंगड़ाई लेता...बहुत नाजुक 

बहुत कच्चा, डरा हुआ...

ज़रा सी आवाज से चटख जाता है

छुप जाता है

भूल जाता है आरम्भ का 'अ' 

और अंत का 'त' 

घुमड़ती रहती है तो बस बीच की बेचैनी

वॉन गॉग की पेंटिंग के गहरे नीले सलेटी 

घुमावदार बादलों की तरह

जो न बरस पाती है न गरज पाती है

अपने ही भीतर चलने लगती है - - - बखिया की तरह

सी देती है अभिव्यक्ति का मुख 

कस देती है उंगलियों को ।

आदमी के भीतर बस जाता है 

एक अभिशप्त 'कुलधारा' 

अपने इतिहास को प्रेतात्माओं के रुदन

से बयान करता।





मंगलवार, 14 जनवरी 2025

'एडजस्टमेंट'






नीले सलवार-कमीज़ पर हरी बिंदी!!
कोई तुक बनता है क्या?
सूरज की रोशनी में घुटन
और
धुंध में जीवन का उजास
अटपटी सी सोच लगती है ना?
एक पिंजरे में कैद पंछी आसमान को देख 
जब पंख फड़कता होगा तो 
ऐसा ही कुछ मन में कल्पना करता होगा?
उस पंछी के लिए 'एडजस्टमेंट' बस इतना 
सा आशय रखता हो..,शायद
पर हर औरत ये कहती सुनाई देती है- 
थोड़ा सा एडजस्ट करो...हो जाएगा।
एडजस्टमेंट औरत के शब्दकोश का एक जरूरी शब्द क्यों है?
और यही एक आवश्यक शब्द जब 
विद्रोह का बिगुल बजाता है 
तो उसकी ध्वनि में अट्टहास का सुर नहीं
किसी जलतरंग की तरंग का लहरिया सुर होता है
जो पहले उसकी रगों में
फिर उसके परिवेश, तदांतर संपूर्ण ब्रह्मांड
में फैल जाता है।
वह जुट जाती है इस शब्द के कई पर्याय बनाने में,
इस शब्द की नई व्याकरण गढ़ने में।
पर्याय का हर शब्द नए सन्दर्भानुकूल अर्थ-परिधान में
उपस्थित होता है
वो इस 'एडजस्टमेंट' का पिंजरा तोड़ता नहीं है- 
पिंजरे की फांक से पूरा असमान खुद में
घसीट लेता है...
लिली 


(मृदुला गर्ग जी की कहानी 'हरी बिंदी' 
पढ़ने के बाद उपजी कविता)
 





मंगलवार, 21 मई 2024

चंचल मन


         (साभार: गूगल)


खड़े क्यों हो?

 बैठ जाओ...

नज़रे जमाकर उसके चेहरे पर 

कहा मुस्कुराते हुए...

पर वो टिका नही

पलक झपकने तक भी

ओझल हो गया कहीं

किसी गिलहरी की पीठ पर होकर सवार

या फिर किसी ठंडी हवा के झोके संग

उड़ गया बादलों के पार

सूरज उतार रहा था जहाँ गोधूलि के रजकण

लगता है खड़ा हो गया होगा धुंधले चाँद के पास

जो बटोर कर रोशनी सूरज से दिन भर

कर रहा होगा ज्योत्सना का रजत श्रृंगार

मेरी तरह चाँद ने भी उठाकर नज़र कहा होगा-

बैठ जाओ...खड़े क्यों हो? 

और उसने लगा दी होगी छलांग

और बैठ गया होगा किसी बहती नदी पर 

तैरती हरी पात पर

-लिली

शुक्रवार, 5 अप्रैल 2024

गीत




प्रिय तुम्हारे प्रेम में 

मैं दस्तकारी बन गई 

मूरत मेरी ही रही 

सीरत तुम्हारी बन गई


प्रिय तुम्हारे प्रेम में...


शब्द तुम्हारे दिलबाग में 

बन भ्रमर तितली उड़े 

मैं रीझती सी पुष्प की 

क्यारी तुम्हारी बन गई


प्रिय तुम्हारे प्रेम में..


मौन संप्रेषित हुआ 

नीरव हुआ हर दायरा 

प्रीत की रुनझुन कहो 

क्यों देह सारी बन गई


प्रिय तुम्हारे प्रेम में...


दक्खिनी झोका हवा के

 विधु रात्रि के मेरे लिए 

मैं एकटक रहूं ताकती 

खिड़की खुली सी बन गई


प्रिय तम्हारे प्रेम में...

रविवार, 17 मार्च 2024

तो क्या होता?



चेहरे को हथेली पर ना टिकाते तो क्या करते.. 
इब्न-ए-मरियम ना हुआ कोई.. 
मिरे इस दर्द की ना दवा हुआ कोई। 
तेरा करीब होना हुआ होता.. 
टिकाने को चेहरा.. एक कंधा नसीब हुआ होता। 
फिर किस बात का रोना हुआ होता!
 ऐ मुहब्बत तू लहराते समन्दर के दूसरे कनारे पर झुके हुए फ़लक सी, 
गुमराह करती रही मुझे, 
बता -क़दमों को आवारा ना किया होता तो क्या होता? 
बेख़ौफ़ अबशार सी बहती रही तू मुझमें, 
जो तुझे बाहर छलका दिया होता तो सोच - की क्या होता??
 कहती है दुनिया के- जां निचोड़ कर मुहब्बत कर, 
पर सोच जो मैने दिल-जां-जिगर निचोड़ दिया होता 
तो क्या होता !!
 मेरी दरिया दिली का शुक्र मना, 
मेरे बंद लबों का अहसान उठा- 
जो ये वा हुआ होता तो क्या होता......
लिली



 

शुक्रवार, 1 मार्च 2024

Setu 🌉 सेतु: कलम की नोक पर अधूरी कविता

Setu 🌉 सेतु: कलम की नोक पर अधूरी कविता: लिली मित्रा कुछ सोचा नहीं है  कोई विषय निर्धारित नहीं है मन में एक दिशाहीनता लिए कलम बन गई है - जीवन पथ पर किधर भी मुड़ जाते.. कहीं भी रुक ज...