बुधवार, 10 नवंबर 2021

 कहता है बादल ,सोचती है धरा



बादल जता रहा है शिकायत- 


एक पल के लिए  सही 

उड़ो न संग मेरे


दिखा रहा है वितान का

तना हुआ नीलाभ


सहला रहा है 

नरम पात की धानी 

हुई शाख को


बहो तो सही मेरे साथ 

एकबार बवंडर बनाते हुए.....


धरती चुपचाप सुन रही है 

अपनी धुरी पर सधी हुई

सोचती हुई ...एक ओर हल्की सी 

झुकी हुई.....

मेरी गति का मंथर प्रवाह क्यों

नही महसूसते तुम?

बदलती हुई ऋतुएं और दिन के बाद रात,,,!

क्यों तुम चाह रहे मैं तजकर 

अपना नियत-धैर्य 

घूम जाऊं किसी तेज़ दौड़ते

रथ के पहिए सी

'

'

'

क्यों प्रेम के उच्छृंखल आवेग 

में शिथिल पड़ जाता है तुम्हारा विवेक ?

भूडोल से कब हुआ है कुछ निर्माण ?

 क्यों चाहते हो कि तुबड़ जाए मेरी

पूरी देह और ध्वंस हो जाए 

मुझ पर बसा जीवन सौन्दर्य.... 


अब ये मत कहना

'ये तो बस मनबतियां थीं'


इन मनबतियों से भी दरक जाता 

है भीतर बहुत कुछ

विवशता में सूख जाता है

हर बार संवेदना का एक अंश 

तरल ... 

पत्थरा जाता है 

अंतस...


लिली


शुक्रवार, 30 जुलाई 2021

कविता के अवशेष

 


       (चित्र साभार सांत्वना श्रीकांत द्वारा )

बारिश का आख़िरी क़तरा

पात पर जमी धूल के

आखिरी कण को
साथ लेकर
जमीन की तृष्णा की अंतिम तरस को मिटाने के लिए
बस टपकने को है,,
पर क्या
ये पात का धुल जाना
ये धरती की तृष्णा का
मिट जाना
उस क्षण के बाद
फिर नही होगा?

या फिर बारिश ठहर जाना चाहती है पात पर
आखिरी क़तरा
सूखता आँसू है
बिछोह का,,
धरती की तृष्णा
मुहँ खोले
खींच लेने को आतुर है
बारिश का अंतिम कण?
पीड़ा किसकी घनीभूत है
बूँद की?
पात की?
धरा की?
या फिर बादल की?
जिसका प्रसंग इस पूरे विवरण में कहीं
आया ही नही?
गडमडाए से प्रश्न
घटनाओं के टूटते जुड़ते क्रम
जैसे आँखों को हड़बड़ी मची हो
जो देखा , सब भर ले
अपने गलियारों के गोदाम में,,
कोई कविता शायद
इसी हड़बड़ी में कुचल जाती है
पात के गाल से फिसलती
बूँद की राह पर
सूखे आसूँ के निशान की तरह
थी तो सही
पर अब अवशेष ही शेष

सोमवार, 8 मार्च 2021

रेगिस्तान के खजूर

 

मन एक लम्बे अरसे से बह बहकर जैसे खुश्क़ रेगिस्तान सा हो चुका था। इतना के हौले से रेत का सरकना भी कर्कश लगने लगा।
बस इतना ही कहा था करन ने प्यार से -
मुझे तुम चाहिए ,,,
मेरा उन्मुक्त आकाश ,मेरी सांसों का महकता स्पंदन!
मिला करो ना फिर से वैसे ही जैसे पहले मिलती थी।
चहकती सी, प्यार में मुझको भिगोती हुई।
और कुछ बोलता करन उससे पहले ही
शिखा  बोल पड़ी - मत बोला करो अब ऐसे।
कमरे में सामान हटाए -बढ़ाए जा सकते हैं । एक टेबल के जगह कोई और नई टेबल लगाई जा सकती है। और इसपर भी गुंजाइश उतनी ही होती है जितनी कमरे में जगह हो। गोदाम थोड़े बनाया जा सकता है। चलने-फिरने के लिए भी तो जगह होनी चाहिए ना?
पर दिल में इंसान की रिप्लेसमेंट नही हो सकती।
कोई किसी की जगह कभी नही ले सकता।
ये बात मैने खुद को बहुत अच्छे से समझा लिया है।
प्राथमिकता सदैव प्रथम ,,,'दूसरा' होने की अपनी अलग ही पीड़ा होती है। मुझे उस पीड़ा से हरी-भरी रहने दो।
मेरे तुम्हारे एकान्त के वो डेढ़ साल मेरे जीवन का सबसे खूबसूरत सावन  रहेगा।
अब मुझे लौटने को मत कहना।
"ठीक है जैसी तुम्हारी मरज़ी जैसे रखोगी वैसे ही रहूँगा" करन से कुछ और कहा ना गया। एक मंज़िल के राही दो  अलग रास्ते पर जाते दिखे।
इसी सोच के साथ , मन के रेगिस्तान फूटेगी कोई खजूर की पौध,यादों का सावन रखेगा उनको हरियाया,,
लिली


मंगलवार, 22 सितंबर 2020

तलब और ताल्लुक


 

अभी पढ़ा कहीं-"तलब हो या ताल्लुक,गहरा होना चाहिए''। तलब और ताल्लुक के बीच दौड़ने लगी सोच। कोई भी ताल्लुक तलब से ही बनता है। उसमें गहराई का गर्त होना ज़रूरी है ताकि ताल्लुक बनते बनते जब तलब कम होने लगे तब चाह कर भी ताल्लुक के गर्त से निकला ना जा सके। क्योंकि तलब तो निकल पड़ती है एक नए सफर पर, नए ताल्लुक खोजने। जो एक इकलौता इन सब अफ़रा-तफ़री के चक्की के दो पाटों में पिसता है वो है 'दिल'  बुरादा-बुरादा हो कर रह जाता है। 'पा' जाना मंज़िल नही होती शायद,,,, 'मंज़िल की तलाश' एक सबसे बड़ा छलावा। ठहर अगर गर्त में गिरने का नाम है तो फिर 'गहराइयों' से बचना ही अच्छा। हर तलब को लहर मान कर किसी तिनके की तरह ऊपर-ऊपर तैरते रहिए। तलबों के समन्दर बनाइए। ताल्लुक की गहराई अकेला कर देती है। कुछ महकती स्मृतियों के जलचर इर्द-गिर्द फैलाकर। जो आपकी भाषा भी नही बोल पाते। मौन एकतरफ़े संवादों संग बड़ बड़ाते रहिए गर्त के एक कोन से दूसरे कोन तक।

   सामने एक छोटे से सेरामिक पाॅट में पानी भर कर कुछ लाल फूलों के गुच्छे सजा रखे हैं। अपने खाली समय में किताब पढ़ते हुए पूरी एकाग्रता संग, कभी-कभी कोई फूल 'टप्पप' की आवाज संग टेबल पर झरता है। मेरा ध्यान अपनी ओर खींच लेता है। मैं उस फूल को उठाती हूँ ,अपनी अनामिका से सहला कर हल्का सा मुस्कुराती हूँ और फूल को हौले से प्रेस कर किताब के पढ़ चुके पृष्ठ तले दबा देती हूँ। ये स्मृति का पुष्प है मेरी तलब के ताल्लुक बनने की धरोहर। जिसे मैं भी दबा देती हूँ किताब के सफ़ों तले। वे दबे रहेगें ऐसे ही। साल दर साल,,,रंगों में आ जाएगा एक भूरापन पर फिर भी वे दफ़्न रहेगें उन्ही सफ़ों के तले। उनकी नियति में मोक्ष ना जाने कब नसीब होगा......

तिनका बनना चाहता है मन आज़ाद लहरों के ऊपर तैरता ,,गहराइयों में दफ़्न कर लिया बहुत कुछ,,अब और नही।

लिली🍁


इच्छाएँ


 छोटी-छोटी सी इच्छाएँ हैं,

किसी रोज़ ढलती शाम
समन्दर  किनारे
रेत पर बैठकर
ताकें सूरज को
एक टक,,,,,,
किसी सुबह,किसी पहाड़ के
सबसे ऊँचे शिखर पर
जहाँ सुनाई दे
तुम्हे मेरी
मुझे तुम्हारी साँसों
की कदम ताल,,
सूँघें हवा की हरी-गंध,
स्पर्श करें उगते सूरज की
स्वर्णिम किरण,
सुनें, नीचें दिखती
घाटियों की अनकही,,
रूह निकल कर तन के पिंजर से
बैठ जाए पीठ से पीठ
ठसा कर,,,
चाहना जाना चाहती है
सुदूर दक्षिण के
पुरातन गुहाओं, और मंदिरों
के प्राचीरों में
जहाँ सुनी जा सके
भग्न भित्ति चित्रों,
परित्यक्त देव प्रतिमाओं
के उच्छावास,,
देख सकें
चिर काल से बहते जलकुंड
शैवाल संग आलिग्न बद्ध
रह जाना चाहे
तन भी वहीं उन्ही पुरातन
गुहाचित्र एवं परित्यक्त देव प्रतिमाओं
संग,,
उनकी तरह ही जड़वत
आदि अनादि काल तक,,,,,,,,,,,,,
बताओ क्या इच्छाएँ मेरी
महत्वाकांक्षा सी प्रतीत होती हैं?
बोलो ?
लिली



बुधवार, 2 सितंबर 2020

बातें,,,

 


'बातें ' ढेर सारी भी नही 

और कम भी नही ,,

थोड़ी थोड़ी हर रोज़,, 

ना  कम ना ज्यादा

जैसे चाय में शक्कर 

और सब्ज़ी में नमक।

जार में रक्खी कुकीज़ को

हर रोज़ बस 

दो-दो कर के खाना

जैसे-

एक कप काॅफ़ी को 

छोटी-छोटी चुस्कियों में सिमटाना,,

हाँ, बहुत ज़रूरी है तेरा मुझसे

मेरा तुझसे किसी भी 'बात' पर

या तो उलझ जाना,,

या सुलझ जाना,,,,

जैसे धूप के पीले धब्बों से

दरख़्तों की दुखती पीठ

को सेंक जाना


बुधवार, 29 जुलाई 2020

दोहराव



दोहराव
*******
कान भी असहाय से
लाचारी में परदों को बाए
हर दोहराव को
प्रविष्टि देते जा रहे
'दोहराव'
वही एक सी बात,,
एक ही बात का
ना मुहँ थकते हैं
ना 'बातें' उकताती हैं,,
लकीर की फकीर सी
चलती हुई
बहुत गहरी धारियां बनाती,
जिसमें उनके खुद के ही पैर
धंस जाते हैं,,,
पर गन्तव्य प्रभावित नही होते,,
वे 'बेहया' से अपनी धुन में
अलमस्त,
हर दोहराव, का किसी
पीछे के गोदाम में
ढेर लगाते जा रहे।
अनगिनत मुहँ से निकली
एक ही बात
अनगिनत कानों तक का
सफर तय करती
एक ही बात
बार बार,,,,लगातार,,हरबार
खुद को दुहराती ,तिहराती
एक गोदाम में
कबाड़ की तरह जमा होती जाती हैं
लिली