रविवार, 21 जुलाई 2019

हाँ,,मै ही ज़िन्दा हूँ


#हाँ_मै_ही_ज़िन्दा_हूँ

चिथड़ों मे लिपटा
सरदी,गरमी,बरसात
हर मौसम में
सड़क के किनारे
फुटपाथ पर
दुकानों के शेड तले
और आजकल
बरगद के पेड़ के नीचे
अपना डेरा जमाए है
खुद में बड़बड़ाता
खोखली निगाहों में
ना जाने क्या कुछ भरता
जी रहा है,, या मुर्दा है?
नही पता !
खुड़दड़ी सड़क पर
अपनी पीठ को
घस घसकर खुजलाता
मंदिर के पास लगे
नलके के नीचे
जब तब खुद को भीगाकर
गरमी को दुलारता
वो जी रहा है,,या मुर्दा है?
नही पता!
एक कम्बल और
गुदड़ी की पोटली
सी सम्पत्ति
को खुद से चिपकाए
वो खुद गठरी बना
निश्चिंत सोता मिलता है
अक्सर मुझे
और मैं,,,,,
डबल बेड के आरामदायक
फैलाव में फैलकर भी
ठंडे एसी के सुकून
भरे माहौल में भी
बेचैन,,थकी,,और उलझी हुई!!!
शायद जीवन तो मै ही जी रही
वो तो मुर्दा है,,!
अपने होने का कारण
खोजती
लक्ष्यों की लिस्ट बनाती
उन तक पहुँचने
के पथ खोजती
हाँ,,,, मै ही ज़िन्दा हूँ,,
लिली😊

मुझे तुम याद आते हो,,


मुझे तुम याद आते हो
ढली शामों संग आते हो

वो गलियां फिर चहकती  हैं
दबी हसरत मचलती हैं

मुझे तुम  याद आते हो,,,

ये दूरी बन गई क़ातिल
होकर भी नही हासिल
कहो किसको कहें जाकर
अकेले हैं मिलो आकर

मुझे तुम याद आते हो,,,

जुड़े दिल, फिर भी टूटे हैं
तसव्वुर में भी छूटे हैं
तुम्हारे साथ के सायें
ना जाने रूठे रूठे हैं

मुझे तुम याद आते हो,,,

मै सावन की घटा घिरती
बरस कर भी मैं सूखी हूँ
भींगे दिल मोहब्बत में
वो मंजर फिर नही आते

मुझे तुम याद आते हो,,


शुक्रवार, 28 जून 2019

हमारा अंतहीन शून्य

   (खत्म होता दिन और शुरू होती रात परन्तु वो भी अगली सुबह खत्म हो जाए)


तुम क्या खत्म कर देना चाहते हो?
हमारे बीच जो है
वो तो शुरू ही होता है
खत्म होने के बाद
तो ऐसा है
सुनो मेरी बात
आओ पहले जो खत्म होने
वाला है उसे खत्म करें,
ये रात खत्म होती है
और उसके बाद
जो दिन शुरू होता है
वो भी खत्म हो जाता है
रोज़ाना यही चक्र
घूमता रहता है
हम इस चक्र के साथ
थोड़े ही घूम -घूम कर
रोज़ एक दिन
और रोज़ एक रात
खत्म करेगें,,,
कुछ समझे? या नही?
हम तो शुरू होंगें
इस 'खत्मचक्र' के
खत्म होने के बाद,,,
क्योंकि,,,,,
उस शुरू का उद्गम शून्य में
होता है, ,
और मुझे ऐसा लगता है
शून्य में सब कुछ
अंतहीन होता है,,,

बुधवार, 26 जून 2019

स्पाॅन्ज

                      (चित्राभार इन्टरनेट)

स्पाॅन्ज

अपने हर एक पोर को खुला रखना
आसपास का गीलापन
खुद में जज़्ब करना,
जब सामर्थ्य से अधिक भर जाए
पोर-पोर 
कस्स के निचोड़कर 
खाली देना खुद को
और तैयार हो जाना
अपने आसपास के गीलेपन को
सोख लेने के लिए 
एक स्पाॅन्ज की तरह
लिली😊

शुक्रवार, 31 मई 2019

ग़ज़ल

                     (चित्राभार इन्टरनेट)

पैरों में पहन पायल,
झनकती सी उतरती है
नदी सी ग़ज़ल कोई
छू पहाड़ों को मचलती है।

चूमती है शम्स-ए-निगाह
चिंगारी सी छिटकती है
क्यों तासीर तरावट की
अंगारों सी दहकती है।

पत्थर के उभारों को
लहर से सहलाकर,
सिहरन से बाहवों को
ले झम्म से गिरती है।






इश्क,,

गीली रेत पर फिसलती मछली,
आसमान की दाहिनी पीठ पर
दो जलते सितारों से तिल
समन्दर नहलाता है
ज़ार-ज़ार
ना मछली की तड़प कमती है
ना तिल की जलन धुलती है,,
दो पाटों पर इश़्क
भींगता सा
पर सुलगता हुआ,,,,
लिली😊

गुरुवार, 23 मई 2019

अजय कुमार जी की समीक्षा 'अतृप्ता' पर,,




लिली जी की अतृप्ता अब मैंने भी पढ़ ली है.. आद्योपांत... और इस किताब पर लिखी गयी  कुछ समीक्षाएं भी...यूं तो बहुत कुछ कहा जा चुका है इस बहुचर्चित किताब के बारे में... पर फिर भी मैं इस पुस्तक के संदर्भ में कुछ बातें  रखना चाहूंगा...
        पहले एक बात कविता के बारे में मेरी समझ को ले कर...हर अंतस का एक मौलिक और एक निर्दोष  आईना होती है एक सच्ची  कविता...जिसमें कोई पाठक भी बरबस ही अपना चेहरा , अपना मन और स्वयं के जीवन को देख सकता है...
          और अब उनकी  किताब अतृप्ता..जिसके आवरण पर स्वयं उन्होंने लिखा है.."अपनी अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी रचनात्मकता को विकसित करने का प्रयास है ये"....मैं कहूंगा और कि लेखिका के द्वारा ये अपने मन और अनुभव से खुद को ही टटोलने का एक तटस्थ और बेबाक प्रयास है...जिसके आईने में हमें अपनी जानी पहिचानी लिली जी अपनी पूरे गांभीर्य और एक स्पष्ट सोच के साथ परिलक्षित होती दिखती हैं...
        अपने 'स्व' की हर मुमकिन सींवन को स्वयं बेरहमी से उधेड़ना...अपने मन के एकान्त विवर में जो भी भाव छुपा बैठा हो उसको कविता दर कविता उद्घाटित करना
सचमुच एक प्रशंसनीय और ईमानदार  कार्य है...किताब का शीर्षक 'अतृप्ता' ही जैसे ये किताब हर कविता के पढ़ने के बाद हर बार
एक सिक्के की तरह आपके जेहन में छन्न से उछाल देती है...पर इसके बारे में भी एक बात कहना चाहूंगा...एक स्त्री की  अतृप्ति का आयाम केवल सामाजिक और आर्थिक ही नहीं होता...बल्कि एक सभ्य शालीन महिला से ये भी अपेक्षा की जाती है कि वह शारारिक तौर पर भी हर संयम और हर मर्यादा को बरते ..किसी किस्म की भी प्रगल्भता या वाचालता को  चाहते हुए भी न दिखाए...ये केवल और केवल पुरूषों का युगों से क्लासिक क्षेत्र है..पर बस इसी आयाम में ये किताब सर्वाधिक मुखर सर्वाधिक निर्भीक दिखाई पड़ती है...इसी बात को रेखाकिंत करती हैं इस किताब की ये तीन कविताएं...वो दिसंबर की भोर...भूड़ोल और शीर्षक कविता अतृप्ता...पर  यही  प्रेम एक पूर्णता एक अध्यात्म और अपने ही अस्तित्व को भी तलाशता नजर आता है..मेरे आत्मसंगी...सुनो मेरे वट और समुद्र लहर सा पाती हूं...कविताओं में...
किताब की पहली चार कविताओं में लिली जी ने अपनी इस काव्य यात्रा अपने शिल्प और शैली पर आत्मकथ्यात्मक कविताएं लिखीं हैं जो हर कवि का बेहद निजी और अनुसंधान का क्षेत्र है...इस बारे मैं कुछ भी नहीं कहना चाहूंगा...पर हां एक और कविता है...एलिफैंटा के भित्तिचित्र ..जिसमें कवयित्री विस्मित है एलिफैंटा की गुहाओं के प्रस्तरों पर उकेरे गये भित्तिचित्रों को देख कर...पर मेरे ख्याल से सायास ये कार्य उन्होंने स्वयं कर डाला है हमारे समक्ष अपने मन के भित्तिचित्रों को एक काव्य संकलन के् रूप  में प्रस्तुत कर के...और उनको नये सिरे से समझने का हमें एक मौका दे कर...
         इस किताब के लिए मेरी  उनको हार्दिक बधाई और उनकी इस कमाल की निड़र रचनाक्षमता पर मेरा उनको सलाम और उनके कावित्व के सतत उज्ज्वल भविष्य के लिए सादर शुभकामनाएं....