रविवार, 17 सितंबर 2023
कोई बात ना हो फिर भी
गीत
कोई बात ना हो फिर भी
कोई बात निकलती हो
मैं नज़रे उठा कर कहूं
तुम मुस्का के सुनते हो
खामोश किनारों पर
लहरें भी चुप सी हों
बन लहरों सी छू जाऊं
तुम तट से गीले रहो
कोई बात ना हो फिर भी
कोई बात निकलती हो
कहने सुनने को अब
कुछ भी ना रहा बाकी
मैं आँचल सा सागर हूं
बन सूरज ढल जाओ
कोई बात ना हो फिर भी
कोई बात निकलती हो
जब बूंदों ने छूकर
लहरों को तृप्त किया
मैं नीरव मौजे हूं
तुम इन पर लहराओ
कोई बात ना हो फिर भी
कोई बात निकलती हो
मैं नज़र उठा के कहूं
तुम मुस्का के सुनते रहो
नदी और गुलाब
--------------‐------
उसने एक गुलाब दिया
बंद पंखुड़ियों को
खोलते भँवर दिखाए
और कहा- ये नदी सा गुलाब है
जो तुम्हारे अंदर बहती है
करती है आमंत्रित इन भँवरों
में डूब जाने को,
रंगत सुर्ख लाल है इसकी
ग्रहण के बाद के चाँद सी..
अब नदी उछल रही है
पत्थरों पर लहरों की
अंगड़ाइयां चटखाती
किल्लोलती....
अपने मैदानों को भीगोती
अपने पहाड़ों पर रीझती
मैंने कहा-रुक जाओ! बस करो!
गुलाब के इन
भंवरों पर और उंगलियां मत फेरो।
इतना साध नही पाएगी नदी
झर जाएगीं पंखुड़ियां गुलाब की भी
सोमवार, 11 सितंबर 2023
बगावत
बगावत
--------------
अलग बहना चाहे
नदी की कोई एक लहर,
कोई बूँद छिटक कर सागर से
फिर से बन जाना चाहे बादल,
जिस डगर जाते हों
हवा के झोंके झूमते
कोई एक झोंका तोड़ कर खुद को
चुपचाप निकल जाए,
किसी ख़ामोश से
जंगल के झुरमुटों तरफ ...
कभी ऐसा होना सम्भव हो सके तो बताना मुझे भी,
मै भी एक टुकड़ा तोड़कर खुद से
उस नदी की लहर,
उस सागर की बूँद
और
उस हवा के बागी झोके संग
भेज देना चाहती हूँ।
बगावत की सुगबुगाहट को
कुचलने का अब जी नही करता।
मंगलवार, 5 सितंबर 2023
गुरु
चित्र साभार गूगल
गुरु बिना नहीं तर सके, तम सागर का छोर
कारे आखर जल उठे, उजियारा सब ओर।।
धर धीरज धन ज्ञान का, मिलती गुरु की छाँव
ज्यों पीपर के ठाँव में , बसे विहग के गाँव।।
ज्ञान मिले ना गुरु बिना, ज्ञान बिना ना ईश
सूने घट सा मन फिरे, बूँद बूँद की टीस।
लिली
सोमवार, 28 अगस्त 2023
अपराजिता
आसमानी चादर के चारों कोंने समेट कर
सूरज को बांध कर पोटली में
हवाओं ने समेट लिया है
कल्पनाओं का असीम फैलाव
कैद हो गए हैं मन के
मनमौजी पक्षी
बन गया है वक्त किसी क्रूर बहेलिया सा।
मैं समझा रही हूँ आसमान की ओर
बढ़ती अपराजिता की बेल को
ऊपर नही मिलेगी तुझे कोई पकड़।
एक नरम सी फुनगी मुस्कुरा कर कहती है-
किसी पकड़ की आस नही है मुझे
जीवन का छोटा सा आसमान
मेरा उन्माद का विस्तार
और जमीन की मजबूत पकड़
है विस्तार की सीमा..
,
बंधन की उन्मुक्तता
में ही खिलती है
जीवन की अपराजिता
मंगलवार, 22 अगस्त 2023
मेरा ही जलाया अग्नि-कुंड
भस्म होने दो मुझे
आहिस्ता-आहिस्ता...
क्या कहूँ?
किससे कहूँ?
क्या कोई समझ पाएगा?
अहेतुक मेरी ज्वाला
की धधकती आग में
अपनी कुंठित सोच की रोटियाँ पकाएगा..
इसलिए
छोड़ दो मुझे
और...जलने दो !
और घृत डालो
आक्षेपों का,
लपट दूर तक उठनी चाहिए...
वह चटपटाती सी एक
चिलकती ध्वनि,
मेरी लपटों से आनी चाहिए
हाँ,यह मेरा खुद का जलाया
अग्नि-कुंड है
धू...धूकर जलना चाहिए।
देखो इसके आस-पास
यज्ञ वेदी की दीवार मत बनाना,
वेदों की ऋचाओं के पाठ कर
पवित्रता का पुष्प मत चढ़ना,
दावानल सा दहकने दो,
हाँ यह मेरा जलाया
अग्नि-कुंड है
मुझे सब भस्म हो जाने तक
भड़कने दो...
इतना अवश्य करना,
मेरे गर्म भस्मावशेषों पर
कुछ छींटे अपने प्रीत जल के
छिड़क देना,
मेरी भस्म को अधिक देर तक
सुलगने मत देना...
एक चिटपिटाती छन्नाती आह के बाद
मैं चिरशान्ति में लीन हो
जाऊँगीं,
खुद को जलाकर ही
अब मेरा आत्म मुस्कुराएगा
शायद यही मेरा सर्वश्रेष्ठ
प्रायश्चित कहलाएगा।
अब छोड़ दो मुझे,
जलने दो !
बुधवार, 10 नवंबर 2021
कहता है बादल ,सोचती है धरा
बादल जता रहा है शिकायत-
एक पल के लिए सही
उड़ो न संग मेरे
दिखा रहा है वितान का
तना हुआ नीलाभ
सहला रहा है
नरम पात की धानी
हुई शाख को
बहो तो सही मेरे साथ
एकबार बवंडर बनाते हुए.....
धरती चुपचाप सुन रही है
अपनी धुरी पर सधी हुई
सोचती हुई ...एक ओर हल्की सी
झुकी हुई.....
मेरी गति का मंथर प्रवाह क्यों
नही महसूसते तुम?
बदलती हुई ऋतुएं और दिन के बाद रात,,,!
क्यों तुम चाह रहे मैं तजकर
अपना नियत-धैर्य
घूम जाऊं किसी तेज़ दौड़ते
रथ के पहिए सी
'
'
'
क्यों प्रेम के उच्छृंखल आवेग
में शिथिल पड़ जाता है तुम्हारा विवेक ?
भूडोल से कब हुआ है कुछ निर्माण ?
क्यों चाहते हो कि तुबड़ जाए मेरी
पूरी देह और ध्वंस हो जाए
मुझ पर बसा जीवन सौन्दर्य....
अब ये मत कहना
'ये तो बस मनबतियां थीं'
इन मनबतियों से भी दरक जाता
है भीतर बहुत कुछ
विवशता में सूख जाता है
हर बार संवेदना का एक अंश
तरल ...
पत्थरा जाता है
अंतस...
लिली






