रविवार, 23 जुलाई 2017

मनमीत,

(चित्र इन्टरनेट से)

                      मै रंग बनूँ तुम नीर
                   घुल कर एक दूजे संग
                हम बिसरावें पीर

                           मै शब्द बनूँ तुम गीत
                       ताल बिठा एक दूजे संग
                    हम बन जावें संगीत

                   मै दिया बनूँ तुम बाती
                          जलकर एक दूजे संग
                                     हम चमकाएं राती

           मै मोती बनूँ तुम धागा
                बिथकर एक दूजे संग
                       हम गुथ जाएं माला

     मै प्रीत बनूँ तुम रीत
              प्रेम सिन्धु मे बहकर
                     हम बन जाएं मनमीत

स्वरचित*
लिली😊

शनिवार, 22 जुलाई 2017

सफर मे हमसफर की तलाश,,,

                       (चित्र इन्टरनेट से)
 *******लघुकथा****

'नवोदित यौवन' उम्र का एक अद्भुत एहसास,,,एक छोटे मेमने सा जो कौतुहलवश इधर-उधर बौराया सा कूलाचें भरता रहता है। मन मे उठती हैं कितनी नवयौवनी तंरगें,,हर तरफ एक तलाश लिए,,। कुछ ऐसी ही मेमने सी कौतूहली कूलाचें उठती थीं साक्षी के मन में।


 बी ए प्रथम वर्ष इलाहाबाद विश्वविद्यालय मे प्रवेश पाया। पिता रेलवे कर्मचारी मिर्ज़ापुर के पास चुनार रेलवे स्टेशन पर ,स्टेशन अधीक्षक के पद पर कार्यरत।
      अतः पढ़ाई हेतु साक्षी को 'हास्टल' मे रहने पड़ा।परिवार से अलग, नए दोस्त, नया परिवेश,एक अद्भुत स्वतंत्र वातावरण की अनुभूति साक्षी को आनंदित कर रही थी। अक्सर छुट्टियों मे वह प्रयाग स्टेशन से चलने वाली पैसेन्जर ट्रेन से घर अकेले ही आ जाया करती थी।

अकेले ट्रेनयात्रा करना उसके लिए बड़ा रोमांचकारी होता था। जिसको वह पूरी शिद्दत से जीती थी।

        कुछ हल्के-फुल्के गुदगुदाते किस्से हो जाया करते थे। किसी चेहरे पर नज़र टिक जाती थी,,,या किसीकी नज़र उसके चहरे पर ठहर जाती थी।

होता कुछ भी ना था बस, कुछ चुलबुलाती हसरतें मचल जाती थी। नए-नवेले यौवन की मस्ती झलक जाती थी। गंतव्य स्टेशन के आते ही सारी मस्तियां, यादें बन आंखों मे बस जाती थीं।
      साक्षी इन किस्सों को बड़े उत्साह और व्यग्रता के साथ मन मे संजो कर रखती थी।हाॅस्टल लौट कर जब तक अपनी सखियों से इसकी चर्चा कर के चटपटे-चुटीले,,ठहाकों के साथ सुना  ना लेती,,तब तक उसकी वह रोमांचक यात्रा समाप्त नही होती थी।
     एक ऐसा ही साक्षी का सुनाया किस्सा पता नही कैसे जहन मे तरंगित हो उठा सोचा लिख लूँ ,,,,।

शायद दशहरे की छुट्टियां हुई थी,,,, ठीक से याद नही पर वह अपना बैग रात मे ,पैक कर सुबह सात बजे ही प्रयाग स्टेशन के लिए निकल पड़ी। महिला-छात्रावास से काफी करीब था पैदल जाया जा सकता था।
      अक्सर पैदल ही जाती थी साथ मे उसकी रूम मेट रोमा भी जाती थी। पैदल जाने का एक विशेष और नटखटी कारण होता था। सुबह-सुबह आस-पास के पुरूष-छात्रावास के लड़के 'लल्लाचुंगी' पर चाय पीने आते थे। चाय की चुसकियों के साथ 'नयनसुख' दोनो तरफ से भरपूर उठाया जाता था।
       शरारती खुसुर-फुसुर दोनो तरफ हुआ करती थी। ऐसा भी होता था कभी-कभी कोई मनचली टोली स्टेशन तक पीछे-पीछे चली चलती और ट्रेन तक बिठा आती। संवाद आपस मे ही होते थे पर इतना मद्धम की आगे चल रही बालाओं के कान तक पहुँच जाएं।
यदि युवतियां की खनकती हंसीं ,दबी सी आवाज़ मे निकल गई तो टोली की सुबह बन जाती थी।
       तो बस इसी तरह थोड़े दूर की यह चुलबुली यात्रा एक खलबली एक रोमांच के साथ समाप्त हो जाती।
   खैर साक्षी की गाड़ी आ गई वह रोमा को बाय बोलकर बैठ गई। ट्रेन पर बैठते ही एक सरसरी निगाह से टटोल लिया शायद को हमसफर मिल जाए इस दो,ढाई घंटे के सफर मे तो एक नया किस्सा मिल जाएगा अपनी सखियों संग चटखारे मार सुनाने को।
      चेहरे पर एक मासूमियत थी साक्षी के ,जो बरबस ही किसी को भी आकर्षित करने की क्षमता रखती थी। अपनी ही धुन मे मस्त साक्षी को एक आभास हुआ कि- उसकी सीट के सामने ही एक नवयुवक बड़ी देर से उसे निहारे जा रहा है। यह एक मनोवैज्ञानिक तथ्य ही है शायद के जब कोई आपको ही देखता है एकटक निगाहों से तो मन भांप ही लेता है।
      साक्षी उस नवयुवक की उस अपलक निहार से थोड़ी असहज सी हो गई। उसने अपने बैग से 'इंडिया-टुडे' मैग्ज़ीन निकाली और पन्नों को बड़ी गम्भीर मुद्रा बना इधर-उधर पलटने लगी।
   इन भावों का प्रदर्शन मात्र एक दिखावा ही था।असल मे मन मे एक झनक सी उठ चुकी थी। चेहरे को किताब की आड़ में छुपा कर यह देखने का प्रयास की वह युवक उसे देख रहा है ,,या नही?।
       महाशय की नज़र तो मानों गीली मिट्टी में अन्दर तक खूँटे के भांति धंस गई थी। अब वे हल्की मदमाती मुस्कान भी देने लगे थे।
   नयनो का टकराना,लजाना,और झुक जाने तक का सफर तय कर लिया था इस सफर ने।साक्षी भी अभिभूत हो रही थी इन क्षणों की उल्लासी कोमलता से।
       पता नही कैसे और कब समय बितता गया,,अचानक से 'वह' अपनी सीट से उठ साक्षी की तरफ बढ़ा।
   उसके हर कदम के साथ साक्षी के दिल की धड़कन तेज़ होने लगी।उसको लगा कहीं कलेजा बाहर ही ना निकल आए। 'वह' बड़ी शालीनता से साक्षी के सामने रूका,,,मुस्कुराती आंखों से उसकी ओर देखते हुए बोला-' क्या मै आपकी यह मैग्ज़ीन ले सकता हूँ?" साक्षी का कलेजा गले पर आकर जैसे अटक चुका था, घबराहट से जैसे हाथ-पांव ठंडे हो गए थे।
      उसके मुहँ से निकला-'जी ज़रूर',इतना कहकर मैग्ज़ीन उस युवक की तरफ बढ़ा दी। एक मनभावनी मुस्कान के साथ वह किताब लेकर वापस अपनी सीट पर बैठ गया। साक्षी ने एक गहरी सांस छोड़ थोड़ा सामान्य होने के लिए ट्रेन की खिड़की से बाहर देखना शुरू कर दिया। जैसे किसी तुफान से बाहर आई हो।
       पर मन गुहार लगाने लगा,,,देखले जी भर के इस सफर के हमसफर को,,अभी तो मंज़िल आ जाएगी,,फिर तू कहां?? और वो कहां???
    साक्षी ने तुरन्त गरदन उसकी तरफ मोड़ ली,, वह कुछ लिख रहा था किताब पर। कुछ अटकलें,,कुछ कौतूहल फिर से कूदने लगा,,, "क्या लिख रहा होगा???"
       थोड़ी ही देर में वह अपना सामान उठा साक्षी की तरफ बढ़ने लगा,,शायद उसका स्टेशन आने वाला था। किताब साक्षी को पकड़ाई और एक अविस्मरणीय मुस्कुराहट के साथ बड़े विनम्र शब्दों में "धन्यवाद" बोलकर वह गेट की तरफ चल पड़ा। ट्रेन रूकी मिर्ज़ापुर स्टेशन पर और वह उतर गया।
      साक्षी ने सबसे पहले मैग्ज़ीन का वह पन्ना खोजा जहाँ,, वह कुछ लिख गया था। एक पृष्ठ खुला जिसपर बड़ी सुन्दर लिखावट के साथ एक फोन नम्बर(जो अब याद नही आ रहा) लिखा था-

 "आपके चेहरे की मासूमियत और मुस्कुराहट दोनों बहुत मुलायम हैं,,,,,,,इसे यूँ ही सजाएं रखिएगा। कभी मन करे तो फोन ज़रूर कीजिए गा,,,
                   समरेन्द्र"

कई बार इन मोतियों जड़ित भावों को पढ़ती रही साक्षी। मन ही मन आनंदित होती रही।पर उसने अपने भीतर की गुदगुदाहट को चेहरे पर आने से रोके रखा।
   चुनार स्टेशन तक का सफर इन्ही भावनाओं की लहरों मे बहते हुए कट गया। वह भी अपने गर चली गई। कई किस्सों मे एक यह भी किस्सा जुड़ गया।
    सहेलियों को खूब चटखारे लेकर कुछ मन गढ़तं संशोधनों के साथ यह किस्सा सुनाया गया।
 कई सालों तक साक्षी ने उस 'इन्डिया टुडे' को सहेज कर रखा। अक्सर निकाल कर एक मीठी मुस्कान के साथ वह संदेस पढ़ लेती थी। फोन नम्बर को भी बस देख लेती।
    शायद 'वह अजनबी' फोन का इन्तेज़ार करता रहा हो?

      अंत मे बस इतना ही,,,,,,, सफर मे एक हमसफर की तलाश सभी को है, जो मिल गया तो अच्छा,,जो नही मिला तो,,तलाश जारी है दोस्त,,,,,,

गुरुवार, 20 जुलाई 2017

क्या गलत करती हूँ मै,,,,,,,,?

                              (चित्र इन्टरनेट से)

🌺मै परीकथाएं लिखती हूँ,क्योंकि जीवन का 15% यथार्थ, 85%कल्पनाओं की परीकथा से ही संवरता है,,और मुझे अपना यथार्थ भी परीकथाओं सा स्वप्निल चाहिए🌺


कहीं किसी ने कहा मेरी रचनाओं को पढ़कर-"खूब परी-कथाएं लिखिए" !!
तब से सोचती हूँ हर रोज़,,



क्या गलत करती हूँ जो,
हर तरफ लगी संम्प्रदायिकता की आग पर,
मै कुछ कोमल कल्पनाओं की
हल्की फुहार डाल,तपिश को 
कम करने की कोशिश करती हूँ???

क्या ग़लत करती हूँ जो,,
इस प्रतियोगिता के दौर मे,अपने साथी
को ही पीछे छोड़ने की होड़ में,
मै कुछ मधुर-मिलन की चांदनी रात्रि
की ज्योत्सना बिखरने की कोशिश करती हूँ,,,,??

क्या गलत करती हूँ जो बिना बारिश
के फटती ज़मीन के दर्द को, सावनी
कजरी से पाटने की कोशिश करती हूँ,,???

क्या गलत करती हूँ जो बारिश मे डह
गई गरीब की झोपड़ी के अवशेषों को
स्वप्न महलों की नींव से गढ़ती हूँ,,,??

क्या गलत करती हूँ जो धर्म के नाम पर,
इंसानियत को काटने वाले खंजर 
के जख्मों को प्रेमगीत के मोर पंखों से
सहलाने की कोशिश करती हूँ,,,??

क्या गलत करती हूँ जो नारी मन 
को रौंदकर गुजरते क्रूर सामाजिक 
अश्वारोहियों की दमघोटूँ धूल से बचने 
के लिए, नारी स्वाभिमान का 
सांस लेता आसमान देखने की कोशिश
करती हूँ,,,????

आप ही बताइए,हर तरफ फैली विद्रुपताओं,
कुप्रथाओं,जटिलताओं से कुछ पल के लिए राहत देती,अन्तर्मनी बातों की परीकथाएं 
लिखने की कोशिश करती हूँ, तो मैं, 
क्या गलत करती हूँ,,????


बुधवार, 19 जुलाई 2017

मन की कोठरी

                          (चित्र इन्टरनेट से)

          *एक पल की छोटी कहानी *


बारिश मद्धम् हो चुकी है। चाय का कप लिए नलिनी अपनी बैठक के बारामदे के स्लाइडिंग डोर को खोलकर जमीन पर बैठ गई है।
    सुबह का यह वक्त बेहद नीजि पल होता है नलिनी का,,,।बच्चे स्कूल जा चुके होते हैं । पतिदेव सो रहे होते हैं। कोई आवाज़ नही ,कोई बाधा नही।नलिनी अक्सर इस समय मोबाइल मे पोस्ट देखती है,,या फिर अपने मन के भावों को अपने ब्लाॅग पर उतार देती है। आज कुछ करने मन नही कर रहा उसका। रात से लाइट नही  आरही,, वाई फाई नही चल रहा और मोबाइल का डेटा खत्म होने की कगार पर है। इसलिए आज सब बंद कर के वह तेज़ बारिश मे भीगे पेड़ों को देख रही है।
      कनेर के पेड़ों की शाखाएं जैसे बूँदों के बोझ से नीचे की तरफ झुक गई हैं। हल्की फुहार ,चिड़ियों की चहक, चाय की चुस्की और ठंड़ी हवा का झोंका नलिनी को अपनी आगोश मे लेता जा रहा है।
      सबकुछ तो है उसके पास कोई कमी नही,, फिर भी मन का कोई एक कोना है जो बंद कोठरी सा है। जब वह कभी अपने साथ इस कदर खोई होती है,तो अक्सर इस कोठरी मे चली जाती है। बहुत सी अभिलाषाएं,इच्छाएं,कल्पनाएं यहाँ छुपाकर रखी हुई हैं नलिनी ने। एक-एक को उठाकर देखती है। मुस्कुराती है,उन पर बड़े अनकहे भावों के साथ हाथ फेर भावुक हो जाती है। फिर जल्दी से खुद को सम्भालते हुए दूसरी तरफ बढ़ जाती है।
     भूत के अवशेष,वर्तमान की आशाएं, और भविष्य की कल्पनाएं सब टटोल डाली आज। एक दबी सी चाहत है जिसपर कल्पनाओं की जबरदस्त धूल है,,उसे नलिनी झाड़ना नही चाहती,,क्योंकी धूल के हटते ही एक साफ-सुथरा यथार्थ सामने खड़ा हो जाएगा। जिसको जानते हुए भी मन स्वीकार करने से आनाकानी करता है।
     बस देखकर उसे वापस रख दिया उसकी जगह पर,,नलिनी की आत्मा बसती है इस चाहत में। कोठरी से निकलने से पहले वह अपनी आत्मा को आलिंगन करके झटके से बाहर आ जाती है।
         किवाड़ बंद कर के वापस खुद को चाय के कप के साथ, बरामदें से बाहर देखता हुआ पाती है। अरे चाय कब खत्म हो गई !!!!! पता ही न चला। इतनी देर मे पतिदेव ने बेड- टी की गुहार लगा दी है।
     जल्दी से खुद को समेट नलिनी किचन मे जाकर चाय बनाने लगी। मन की वो कोठरी अब रोज़मर्रा की चहल-पहल मे गुम हो गई।
        क्या ऐसी 'कोठरी' केवल नलिनी के मन मे ही है? कभी बैठिए खुद के साथ चाय का कप लेकर,,और उतरिए अपने मन के आंगन में,,,,आपके अंदर भी शायद ऐसी कोई कोठरी हो,,,,,,,,,,,!!!
शुभदिन
शुभदिवस🌼

शनिवार, 15 जुलाई 2017

कुछ यूँ ही,,,

                        (चित्र इन्टरनेट से)

जाने लगे जब वो परदेस
हमने कहा-'कुछ रख जाओ
हमारे लिए प्यार भरा संदेस',,,,

वो बोले-'प्यार भरा क्या होता है?
प्यार तो तुमसे ही शुरू,
तुममे ही खोता है,,,,

हमने कुछ यूँ कहा-

'कुछ बोल जो सहलाएगें
कुछ एहसास जो महकाएगें
रोज़ तो यूँ ना मिल पाएगें हम
उन तन्हा लम्हों मे काम आएगें'

वो अपनी तस्वीर दे गए हैं
उन तन्हा लम्हों की तकदीर दे

मोहे सावन न भाए (कजरी)

(चित्र सभार इन्टरनेट)


अबके बरस मोहे सावन ना भाए
मोरे साजन गए परदेस रे
चूड़ी ना भाए कजरा ना भाए
मोरे साजन गए परदेस रे

बदरा से कहि देओ
ऐसे ना बरसें
मन मोरा झुलस
जाए रे
कोयलिया से कहि देओ
ऐसे ना कूकें
सजन मिलन की
हूँक उठी जाए रे

 अबके बसर मोहे सावन ना भाए
मोरे साजन गए परदेस रे


झूलन से कहि देओ
ऐसे ना झूलें
सजन की बाहों
के याद दिराए रे
महेंदी से कहि देओ
ऐसा ना महके
पिय के देह गंध
को तरसाए रे

अबके बरस मोहे सावन ना भाए
मोरे साजन गए परदेस रे

चूड़ियन से कहि देओ
ऐसे ना खनके
उनकी बतियन के
खनक याद आऐ रे
चुनर धनी से कही देओ
ऐसे ना लहरे
मन पिय के देस
उड़ी जाए रे

अबके बरस मोहे सावन ना भाए
मोरे साजन गए परदेस रे!

लिली मित्रा

मंगलवार, 11 जुलाई 2017

यह कैसा प्रश्नशील प्रभात,,????

                          (चित्र साभार इन्टरनेट)

कोई कल्पना साकार नही आकार ले रही है। अदृश्य प्रकट नही लोप हो रहा है। कोई कविता विधाओं से परे लयबद्ध गढ़ रही है। यह क्या हो रहा है,???? साहित्य का सृजन हो रहा है? या विज्ञान का मर्दन हो रहा है?
     कोई विशेष से अशेष हो रहा है,विस्तृत से व्यापक हो रहा है। नयन झरने का उद्देश्य शोक है या आनंद? मन की क्लांती अशांति का द्योतक है या शांति का? दृष्टि का केन्द्र शून्य है या शून्य का परिवेश?
      मन किधर का रूख कर रहा है ,,इतने प्रश्न?????? कौन सा गूढ़ सत्य प्रकट होने को है? विकट है या सूक्ष्म?? सूक्ष्म के लिए इतने उद्गार,,? ना,,अवश्य ही कुछ विराट है जो सामान्य से परे,,असामान्य से मुक्त है।
        इन्द्रियां सुप्त हैं या जागृत? मन अधीर है या धैर्यशील? प्रभात का सूर्य प्रश्नों की घनी बदलियों मे छुपा है,,,दिनमान का आभास तो है पर विश्वास कहीं संदिग्ध है। हवा है तो, श्वास का आवागमन भी है,, पर शरीर क्यों चेतना शून्य है,?? अचेतन जागा है क्या??? क्यों जागा है? क्या दिखाने को प्रयासरत है? कोई संकेत है??? शुभ है या अशुभ है? शुभ,अशुभ से मन भयभीत क्यों होता है? पढ़ा तो है कई बार,,शुभ -अशुभ, पाप-पुण्य, सही-गलत,न्याय-अन्याय, सब भ्रम है,,, एक मात्र कर्म ही सत्य है ,अन्य ईश से ही उत्पन्न और उसी मे निहित है।
       आज लेखन का शीर्षक क्यों शून्य है। चिन्तन प्रवाह निर्झर तन्द्रा मग्न, विषय विहीन,उत्कर्ष-निष्कर्ष विहीन,भावना-सम्भावना निहित या विहित है। कोई भंवर मे फंसा है क्या? भंवर के चक्कर तेज़ गति से सब खींच रहे हैं । सब खिंच रहा है,,एक बड़े घेरे से संकरें घेरे का आकार लेता। पाताल की ओर। वहाँ जाकर ठहराव मिले शायद,,,,,,,।
    आज आरम्भ भी प्रश्न और शेष भी प्रश्न ही रह गया। ऐसा भी होता होगा कभी-कभी,, यदि होता है तो बड़ा 'विचित्र' है। ये शब्द किसने बनाए हैं??????????  जब सब मिथ्या और छलावा है तो अस्तित्व मे क्यों आया है? मौन क्यों नही रहता सब?
      'छलावा' छल रहा है मन को ,यदि यह ज्ञान है, तो उसको अवसर क्यों देना? जान कर एक आस की प्यास को जागृत रखना ही जीवन है क्या? एक तृष्णा के पीछे भागना ही जीवन है क्या? यदि यही जीवन होता तो गौतम बुद्ध सब तज कर तप क्यों करने लगे। एक तृष्णा एक प्यास उनमे भी थी,,,। इतने सारे प्रश्नों का उत्तर पाने की।
         पर सांसारिकता का त्याग कर,दायित्वों को बिलखता छोड़ वह चले गए। क्या यह उचित था? जीवन के मर्म को समझने के लिए बंधनों का त्याग आवश्यक यदि है,,, तो यह विशाल अनंत जनसमूह किस चक्र मे फंसा है? सब तप क्यों नही करने चले जाते,,? तप का कर्तव्य विरलों को ही क्यों प्रदत्त? मनुष्य बुद्धिशील प्रजाति फिर बुद्धि का प्रयोग मात्र सीमित तक ही सीमित क्यों?
   उफ्फफफफ् यह कैसा प्रभात है??? जैसे प्रश्नों का उजास है।
बससससससससस अब और नही विराम,,,।