गुरुवार, 3 जनवरी 2019

न,,मालूम कौन बदल गया,,,?

                    (चित्राभार इन्टरनेट)

गुनगुनी धूप का छनकर आता
अर्क दिखता था,,
चाँद दिखता था,,
खुला आसमान दिखता था,,
अब उन्ही खिड़कियों से
धूप का अर्क़ धूल में घुला मिलता है,,
चाँद जालियों में कैद मिलता है,
आसमान नक्काशीदार फ्रेमों
से लैस मिलता है,,
न,,मालूम कौन बदल गया है,,,,,???
खिड़की के इसतरफ़ बैठी निगाहें,,
या,,
उस तरफ़ के नज़ारे,,??
या खिड़कियां ने ही कुछ
फेरबदल कर दी,,,,?????
आना कभी फुर्सत से,,
बैठकर बिस्तर पर मश्'वरा करना है,,,
खिड़कियों की छानबीन करनी है,,
नज़ारों का मुआएना करना है,,,
लिली😊

शनिवार, 29 दिसंबर 2018

तुम अब जिस्म से लगते हो,,,,,



अब तुम
जिस्म से लगने लगे हो,,
नही ,,,नही,,
इसे वासना से ना लपेटना,,
'जिस्म' केवल शारीरिक भूख
मिटाने का साधन नही,,,
वरन,,एक स्तम्भ भी होता है
जिसपर ना जाने कितनी ज़िन्दगियां
अपनी तमाम दुनियावी ज़रूरतों की पूर्णता
के लिए,,,कातर आंखों,,
फैलाए हाथ,,,
और
 मन भावनाओं के बिखराव
को समेटने की आस लगाए
देखते हैं,,,,
कभी-कभी मैं भी
कामना कर जाती हूं,,,,,
तुम्हारे ऐसे ही 'जिस्म-स्तम्भ' की,,
पर वह तो सम्भव नही,,,
वो तो हवाओं में बने,,,
बादलों से तैरते,,
कल्पना की परिकल्पना
से हमारे आत्मिक संबन्ध हैं,,,
उस 'व्योमी-समाज' में,,
इहलोकी नियम लागू नही होते,,,
लगता है,,सृष्टिकार ने
दो आंखें किसी ब्रश सी
और आकाश का विशाल कैनवास
दे दिया है,,,
कमरे की खिड़कियों का
फ्रेम जड़कर,,,
अपूरित सपनों के मनचाहे रंग
भरते रहो,,,
'आत्मअंश' की अलौकिक 'संकल्पना'
को चित्रित करते रहो,,,,
यहाँ 'जिस्म' नही बनाए जाते,,
यहाँ 'रूहें' बनाई जाती हैं,,
जन्मजन्मान्तर से भटकती हुई,,
कभी रोती तो ,,,
कभी मुस्कुराती हुईं,,,
ये नितांत अकेली,,,
एक आस लिए तड़पती ,,,,,
अगले जन्म हम मिलेगें,,,,,
हम दुनियावी जिस्मों में
ढलेगें,,,,
हम आसमानों में नही
ज़मीन से जुड़ेगें,,,

तो समझे क्या कुछ,,,???
पता नही मैने कहाँ से,,
क्या कहने को,,,?
क्या शुरू किया था,,,?
खुद ही भटक गई
इन 'आत्मअंशी-संकल्पनाओं'
के 'छलावे'में,,,
छलावे में नही भुलावे में,,
शायद किसी को बुरा लग जाए 'छलावा' शब्द,,,,
अच्छा 'अमृता' मिल चुकी होंगीं क्या????
'क्षितिज के उस पार,',???
नही बस एक कौतूहल जागा,,
तो लिख दिया,,
आदत हो गई हर मन की बात
लिख देनी की,,,
हाँ तो मैं कह रही थी,,,
तुम जिस्म से लगते हो,,,,,आजकल,,
'लगने' का क्या है,,,हर दिन कुछ
नया ही 'लगता' है,,,
उलझा रही हूं शायद ,,
इसलिए गुत्थी की डोर
यहीं तोड़ देती हूं,,,
तुम स्तम्भ बनों
सशक्त वाला,,,
किसी विशेष का ना सही,,
कइयों की दुनियावी ज़रूरतें पूरी करो,,,
यही धर्म कहता है,,
यही कर्म कहता है,,
यही जीवन कहता है,,,😊
लिली

बुधवार, 19 दिसंबर 2018

मोनोलाॅग,,,,,,,एक स्त्री का खुद से

सुबह के नौ बज चुके हैं,,ड्राइंगरूम में बैठी संजना इस समय अकेली होती है। बच्चे स्कूल जा चुके हैं पति ऑफ़िस। पूरी तरह से एकान्त ।
    रोज़ इस समय मोबाइल पर फेसबुक या व्हटसऐप पर वह सक्रिय रहती है। पर कल रात दोनो मोबाइल एप्लिकेशन्स् उसने डीलीट कर दीं । ऊब चुकी थी दिखावटी ढकोसलों से। बनावटी रिश्ते, एक बेबुनियादी होड़ हर तरफ़।
टेबल पर एक पत्रिका उठाकर पढने लगी।
एक कहानी में पात्रों के संवाद में एक जुमले पर निगाह अटक गई। उसने पत्रिका को वापस टेबल पर रख दिया । बस वही बात बार-बार दिमाग में चक्कर काट रही किसी धूल भरे बवंडर के की भांति,,,,,, "जर,जोरू,और ज़मीन इस संसार में हर फसाद का मूल",,,,
ना जाने क्यों आज यह जुमला उसे भीतर तक खोद रहा,,,,,!!!
        उसकी आँखें तमाम अनबुझे सवाल लिए सोफ़े को देखती हैं,,,तो कभी डाइनिंग टेबल को,,,कभी फ्रिज को देखती हैं,,,तो कभी सामने रखे दीवान को,,,।
      ये दीवान ना जाने कितने सालों से उसी एक जगह रखा हुआ है,,,,रोज़ उस पर लगा कवर,कुशन आदि झाड़ कर लगा दिए जाते हैं। आज गौर से देखा तो दिखा कि सनमाइका के एक कोने पर किसी चीज़ के धब्बे बड़े प्रकट रूप से दिखाई पड़ रहे,,,उसको लगा जैसे ये धब्बे उसके भीतर की कुंठा,पीड़ा जो बरसो दिल में दबी थी,,असह्य हो बाहर उजागर हो गई हो।
       संजना से जैसे वो दीवान कह रहा हो, ,,, क्या मैने कभी अपने वजूद की दावेदारी को लेकर कोई शिकायत की???? कितने सालों से एक ही जगह पड़ा हूं,,,।
      अचानक लगा जैसे किचन के पास ही रखा फ़्रिज एक हल्की सी हँसी के साथ कुछ कहने के लिए गला साफ़ करते हुए संजना से मुख़ातिव हुआ,,,,,
' याद है तुम्हारे सास-ससुर का बरसों पुराना 180 लीटर वाला केल्विनेटर  फ्रिज जब खराब हो गया था,,?? तुमने जैसे तैसे उससे ,अपने इलेक्ट्रीशियन महेन्द्र को बिना किसी दाम लिए  देकर निजात पा ली थी,,!!"
  ताकि तुम अपनी पसंद का नए चलन का नया फ़्रिज खरीद सको,,, तब इतने सालों तुम्हारे परिवार की खिदमत् में लगे रहे उस खराब पुराने फ्रिज ने तुमसे कोई प्रश्न किया,???? "
संजना ने बिना किसी रोध-प्रतिरोध के- सिर हिला ते हुए एक शब्द में जवाब दे दिया- "नही"।
      पर अचानक उसे लगा कि उसके पास एक वाजिब जवाब है,,;और उसे वह रखना चाहिए ,,, भूत के गलियारे में जाते हुए ज़मीन की तरफ़ देखते हुए वह बोल पड़ी -" पर तब वो खराब हो चुका था,,,,,।
 कितनी बार उसको ठीक कराती???
जितने पैसे उसको रिपेयर करवाने में लगे,,,,उतने में एक नया फ़्रिज आ जाता है"।
 "एक सामान था",,,,उसकी उपयोगिता अवधि उतनी ही थी,,,,जो तब पूरी हो गई थी,,,दे दिया।
"और फ़िर कबाड़ में थोड़े फ़ेका,,!!
महेन्द्र को दे दिया,,,,वो उसको ठीक-ठाक कर के कुछ और दिन इस्तेमाल कर लेगा।"
    कहते हुए उसकी नज़रे फ़्रिज से जा मिली,,,,और वो बस एक बड़ी सी मुस्कान लिए उसे देख रहा था,,, मानों कह रहा हो,,,,जिस वैचारिक बवंडर में तुम चक्कर खा रही हो,,,उसके हर प्रश्न-वलय का जवाब तो तुम जानती हो,,,,फिर क्यों अनजान बनी चक्रवाती थपेड़ खाती रहती हो?" खैर उसने इस मौन वक्तव्य संप्रेषण के अलावा कुछ और नही कहा।
       संजना कुछ देर शून्य दृष्टि से अपने घर के हर एक सामान को देखती रही,,,,सब मूक,जड़, और जिनका अस्तित्व बस उतना ही था जब तक उनकी उपयोगिता उसके घर में थी,,, अपनी जगह निर्जीव से गड़े हुए से दिखे।
      उथल-पुथल का तूफ़ान लिए वो उठी । अपनी दैनिक दिनचर्या के कामों को निबटाने लगी। उसे समझ नही आ रहा था,,,,
क्या वह भी एक फ़्रिज थी???
क्या वह भी एक सोफ़ा या दीवान थी,,,????
जन्म लेने से लेकर 23 साल की युवावस्था प्राप्त करने तक जैसे उसे तैयार किया जा रहा था,,,किसी वर्कशाॅप में????
उसकी डिज़ाइन,,रंग,उसकी मशीनरी सब ठीक तरीके से बना कर उसे आकर्षक पैकिंग में लपेट कर,,,नाम,'मैन्यूफ़ैक्चरिंग डेट',,,आदि,आदि आवश्यक जानकारियों समेत,,,, "हैंडिल विद केयर" की पंक्तियां  लिख दी गईं थीं।
    ऐसा लगता था मानो कारखाने के कारीगरों का सारा भावनात्मक जुड़ाव इन 'केयरिंग' पंक्तियों में परिलक्षित हो।
  फिर क्या,,,,कोई ज़रूरतमंद उपभोगता उसे अपनी ज़रूरत पूर्ति के लिए ,,,,अपने घर ले आया।
     उसे भी इन तमाम निर्जीव, जड़, साजो सामान के जैसे कोई तकलीफ़ ना होती,,,यदि वह अपने वजूद को तलाशने के लिए, अपनी खुशी तलाशने के लिए, उपभोगताओं के जैसे खुद को भी सृष्टि की तमाम लौकिक-अलौकिक  सौन्दर्य भोग करने के लिए उपभोक्ता बनने की बेवकूफ़ी ना करती।
     वह भूल गई थी इस सृष्टि के कारखाने में उसका सृजन मात्र 'भोग' करने के लिए हुआ है,,,वह मात्र एक भोग्या है।   जिसे यह पुरूष प्रधान समाज बस अपने दंभ और पौरूष प्रदर्शन के लिए करता है।  इसलिए ही शायद ये जुमला बना,,,
जर,जोरू,और जमीन,,,,,,,, "जर जोरू,पुरूष और जमीन " नही बनाया गया,,,,,,,,,

 



रविवार, 9 दिसंबर 2018

विदाई गीत

                     (चित्राभार इन्टरनेट)

बाबुल की सोनचिरैय्या
चली बगिया को छोड़ चली
यादे बचपन की महकी पुरवैय्या
दुल्हन बन पिया घर चली

बाबुल की सोनचिरैय्या,,,,

सीख अम्मा की भूल ना जाना
घर पीहर का उनसे सजाना
मंदिर सी पावन ठहर हो
तेरा अंगना हो सुख का ठिकाना

दे दुआएं हम ,,ओ नाज़ों पली!
दुल्हन बन पिया घर चली

बाबुल की सोनचिरैय्या,,,,

बेटी घर का है चंचल तराना
बन बहू अब है रिश्ते निभाना
मान सबका तू रखना जतन से
संग मिलजुल के सुख-दुख उठाना

दे दुआएं हम,,,,ओ जुही कली !
दुल्हन बन पिया घर चली

बाबुल की सोनचिरैय्या,,,,,,

भाई बहना की याद ना आए
ननद देवर में जिया रम जाए
भूले सखियों की चटख ठिठोली
मिले सजना की बाहें हिडोलीं

दे दुआएं हम,,, ओ बन्नो भली !!
दुल्हन बन पिया घर चली,,

बाबुल की सोनचिरैय्या,,,,

शनिवार, 8 दिसंबर 2018

साड़ी और साजन

#साड़ी_और_साजन

बना के साड़ी
तुम्हे लपेटूं अपने तन पर,,
हर घुमाव,
पर बनाऊं तुम्हारा पड़ाव,,
उभार पर बिठाऊँ
बड़े जतन से,,
हलचले अपने दिल की,,
छुपा लूं
करीने से,,आँचल तले ढांप कर,,
तुम्हारी लहर से फहरता हो
मेरे रूप श्रृंगार का परचम,,
पर,,,,,,,,,,,
सुनो!!!!!!!!!!🤨
,
,
जो तुम बहके ,,
पाकर मेरे रूप की मस्तियाँ,,,
,,,,और,,,
उन्माद की हवाओं
संग लगे उड़ने आँचल सम,,
एक कोन को पकड़,,,
खींच लूगीं,,,🤨😐
आँखें दिखाकर,,😐
और खोंस लूगीं,,
कमर पे,,
बेरहमी से🤣🤣🤣🤣
फिर ना सुनूगीं कोई
चिरौरी,,,
पड़े रहना दाँतों तले दबे
पान की गिलौरी😀😀

लिली😀😀😀

मंगलवार, 4 दिसंबर 2018

माँ

                     (चित्राभार इन्टरनेट)

।।1।।

गीले तौलिए को
लाख समझाने के
बावजूद बिस्तर पर
रख जाते हैं,,,
किताबों के ढ़ेर
बेतरबीबी से यहाँ वहाँ
छितर जाते हैं,,,
बाहर से आकर कपड़ों
को कभी फर्श कभी
कुर्सियों,सोफों पर कैसे
भी पटक,बड़ी बेफ्रिकी
से टी वी के सामने
बैठ जाते हैं,,,,

जानते हैं ये 'माँ' है ना,,!
थोड़ा चिल्लाएगी,,
थोड़ा खुद में ही
भन्नाएगी,,,,,,
"अगली बार नही करूँगी,
सब बाहर सड़क पर फेंक दूँगीं" ,!
जैसी अर्थहीन चेतावनियाँ
देकर हर बार सब सजाकर
रखती जाएगी,,

तुम्हे छुट्टियों का इन्तेज़ार
रहता है,,,,,
"आज क्या अच्छा
बनाओगी माँ"? का प्रश्न
रसोई के बाहर हर रोज़
खड़ा होता है,,,,
पर माँ के हिस्से में कभी
कोई अवकाश या इतवार
कहाँ होता है,,?

थककर इन रोज़मर्रा की
आपाधापी से,,
मशीन सी चलती दिमागी,
और दिली कार्यवाही से
कितनी बार ऐलान करती है,
"मै जारही हूँ,कहीं तुम सब से
दूर,,उफ्फफ मुझे भी चाहिए
कुछ पल का सुकून",,!!
पर क्या 'माँ' कभी ऐसा
कर पाती है,,,???

      ।।2।।

महसूस किया मैने 'माँ' बनने
और अपनी 'माँ' को खोने
के बाद,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
शब्दों में नही बांध पा रही
मैं अपने एहसास,,,
पता नही क्यों यह दृश्य
मस्तिष्क पटल पर सहज
नही लगता,,,
'माँ' कभी बिमार भी होती है,,?
'माँ' कभी आराम भी करती है,?
यह प्रश्न सदैव अटपटा लगता,,!
वो इतनी गम्भीर बिमारी में भी
सब करती गई,,
चली जाएगी कुछ समय बाद
यह बोध पा,भविष्य तक के लिए
कितनी अलमारियां सहेजती गई,,
मैने कभी उसको बैठे नही देखा,
बैठकर भी शायद बनाती रही वो
अपने कर्तव्यों की रूप रेखा,,

जानती हूँ मैं उपर जाकर भी
वह एकजगह नही बैठी होगी,
वहाँ जा कर भी कुछ अपने
बच्चों के लिए आशीष स्वरूप
कर ही रही होगी,,!

आज भी मन अवचेतना
में उसको पाता है,,
कितनी बार उसके फोन
के इन्तज़ार में भ्रमित
हो जाता है,,,
वह रास्ता जिनपर
हर शाम नियमानुसार
दौड़ती थी स्कूटर,,
वहाँ फिर से हैंडल घुमा
देने को हाथ कसमसाता है,,

उसकी वह फटकार
जो उसके रहते बड़ी
चुभती थी,,
अक्सर वह सुनने को
कान ललच जाता है,,,!

'माँ' कोई शरीर नही,,,
'माँ' भावनाओं का संबल है
वह एक अदृश्य चेतना,जो
भरता आत्मबल है,,,,
नही समेट सकती मैं
उसे शब्दों में,,,
कुछ अंश खुद में पा सकूँ
यही प्रार्थना प्रतिपल है,,।

लिली 😊

सोमवार, 12 नवंबर 2018

बर्थ डे कार्ड

                          (चित्राभार इंटरनेट)

बहुत रात तक जाग कर कैनवास पर कुछ रंगता रहा,,,ब्रश के स्ट्रोक रवि की सोच को संचालित कर रहे थे। हाथों,पर ब्रश की पकड़ ,अधिक प्रभावी थी। आंखों की पुतलियां ब्रश के क्रियाकलाप अवाक् हो कर देखती थीं बस। माथे की पेशानी पर कई बल थे। शायद वे भी समझ नही पा रही थीं आज रवि के मन का कौन सा शान्त निष्क्रिय पड़ा ज्वालामुखी अचानक फट पड़ा था और जिसका लावा उसके मन के धरातल से बहता हुआ सीधा कैनवास पर बिखरता जा रहा था!!!
        भोर के चार बज चुके थे । एक गहरी सांस लेकर रवि ने कलर प्लेट और ब्रश कैनवास बोर्ड के पास रखी टेबल पर रखा और सामने रखे काउच पर अपने शरीर को पटक दिया,,,और कब रंगों की लहरों पर मन के तूफ़ान उड़ेलता ,नीद की आगोश में चला गया उसे पता ही ना चला।
         निशा की यादें जब उसको बेचैन कर देतीं हैं, तड़प का सैलाब उसके पूरे जिस्म को तोड़ने लगता है तब अक्सर रवि अपने अंदर के तलातुम को कैनवास पर उतार देता है।
     निशा,,,रवि के बचपन का प्यार । नर्सरी से एकसाथ पढ़ते, एकसाथ खेलते, झगड़ते  निशा और रवि कब एक दूसरे के करीब आ गए वे खुद भी नही जान पाए।
     अक्सर निशा टिफ़िन में रवि के लिए माँ के हाथ का बना आम का खट्मिट्ठा मुरब्बा ज्यादा करके ले आती क्योंकि रवि को वो बहुत पसंद था,, और अपना टिफ़िन उसको पकड़ा कर उसको मज़े से खाते देखना उसको बहुत अच्छा लगता था।
       रवि हमेशा घर जाकर दोस्तों के संग खेलने लग जाता और अपना होमवर्क करना भूल जाता। सुबह स्कूल आकर निशा की काॅपी से देखकर जल्दी-जल्दी गंदी हैंडराइटिंग में अपना काम पूरा करता। काम में गंदगी देखकर टीचर से मार भी खानी पड़ती।
      स्केल रवि के हाथ में पड़ती और आँसू निशा के निकलते। पर अब तो ये रवि की आदत में शुमार हो चुका था। कभी-कभी तो वो लिखने का काम भी निशा पर छोड़ खुद  अपनी ड्राइंग काॅपी में निशा का पोट्रेट बनाने लग जाता,और जान बूझ कर उटपटांग चेहरे बना कर निशा को चिढ़ता ।
     निशा छुट्टी के बाद रवि के हाथों को चूमते हुए अक्सर रो पड़ती और एक ही बात कहती,,,
"तुम अपना काम कर क्यों नही लेते रवि?"
इतनी लापरवाही अच्छी नही,,,कभी मैं नही आ पाई स्कूल तब तुम कैसे करोगे अपना काम?"
रवि बोलता-"तुम हो ना मेरे साथ" और पता है नामी गिरामी लोगों की हैंडराइटिंग हमेशा खराब ही रही है। देखना एक दिन मैं भी कोई महान हस्ती बनूगां,,,और सरला मैडम की तब मेरी सफलता देखकर सोचेगीं -"हाय मैने इस बेचारे को कितना मारा",,,और जिसदिन तुम नही आओगी मैं भी छुट्टी कर लूंगा, स्कूल में पढ़ने कौन आता है?? मै तो अपनी निशा के लिए आता हूं स्कूल।"
और बोल कर जोर से हँस पड़ता।
निशा भी सर पीट लेती-" उफ्फ़ मैं तुमसे हारी बाबा ,पर अपने लिए रवि के दिल में इतना अगाध प्रेम देखकर निशा मन ही मन खिलती कुमुदनी सी निखर उठती !!!
      ऐसे ही चुलबुला बचपन कब जवानी की दहलीज पर पहुंच गया और कब वह बचपन वाली चाहत के रंग और गहराते गए,,, दोनो के दिल पर ना जाने कितने कैनवास प्यार की नई आकृतियां रचते गए।
     आज 11 नवम्बर था निशा का जन्मदिन और रवि के जीवन का सबसे खूबसूरत दिन,,,बचपन से रवि निशा को अपने हाथ से एक प्यारा सा कार्ड बनाकर देता था,। जिसपर पहले क्रेयाॅन की ड्राइंग होती थी पर अब वह ऑयल कलर से रंगे दिल के एहसासी रंगों में डूबे निशा के प्रति उसके गहरे जज़्बातों की अभिव्यक्ति होते।
     निशा ने भी बड़े जतन से अपने हर जन्मदिन पर रवि से मिले कार्डों को सम्भाल कर रखा था । उस को बड़ी उत्सुकता से इन्तेज़ार रहता था रवि के बनाए कार्डों  का।
  काॅलेज बंक कर दोनो ने साथ-साथ सारा दिन बिताया। 'सी पी' के 'कैफे काॅफे डे' में काॅफी पी, सेन्ट्रल पार्क में घंटों रवि निशा की गोद में सर रख उसकी नरम अंगुलियों की सहलाहट अपने बालों पर महसूस करता रहा। तो कभी आस-पास के लोगों से नज़रे बचा कर निशा के रसीले होंठों पर अपने गरम लबों की तपिश रखता रहा।
      शाम धीरे-धीरे उतरने लगी थी। निशा और रवि घर लौटने के लिए राजीव चौक के मेट्रो स्टेशन की ओर चल पड़े। पर ना जाने क्यों आज वे मेट्रों से ना जाकर 'लो फ्लोर्ड बस' पर चढ़ गए।
सारे दिन का साथ और मखमली एहसास अब तक उन दोनो को प्यार के रूपहले संसार से बाहर नही आने दे रहा था।
    बस में भी युगल एक दूजे में सिमटा सिकुड़ा रहा।
तभी एक स्टाॅप पर  कुछ आवारा मनचलों की टोली चढ़ी। उनके चढ़ते ही बस के भीतर का शान्त माहौल जैसे हुड़दंगी और छिछोरे ठहाकों से विरक्त होने लगा।
      वे निशा को बड़ी अजीब सी वहशी नज़रों से घूरते हुए भौंड़ कमेन्ट देने लगे-"अरे रानी! हमसे भी चिपक ले" इतने बुरे भी नही हम"।
   ये सुनते ही रवि आग बबूला हो उठा और घूर कर उनकी तरफ़ देखा।
 तभी दूसरा युवक बोला -"घूरता क्या है बे! खा जाएगा क्या? हिम्मत है तो आ!!
     निशा ने रवि को कस के पकड़ लिया और सहमते हुए बोली -" नही रवि इनके मुहँ मत लगो,,,जाने दो"।
    तभी तीसरा युवक ने कटाक्ष करते हुए अपनी खींसे निपोड़ता बोला - "हिजड़ा साला"!
     रवि ने तेजी से निशा का हाथ झटक कर अपनी सीट से उठा, और उस युवक के जबड़े को कस के दबोचता हुए पीछे ढकेल दिया।
 देखते-देखते हाथापाई जोर पकड़ गई सहयात्रियों ने भी बीच बचाव करना शुरू किया,, । निशा घबराई हुई अपनी सीट से उठ रवि की तरफ़ बढ़ी ,,इतने में झल्लाए हुए टोली के लड़के ने निशा की कमर पर हाथ फेरते हुए उसे पकड़ लिया,,,,असहज होती निशा ने एक झन्नाटेदार तमाचा उसके गाल पर रसीद दिया। वह युवक  तिलमिला  उठा और उसने बस के खुले दरवाजें से निशा को चलती बस से बाहर ढकेल दिया।
     सब कुछ इतने अफ़रा-तफ़री में हुआ के कोई कुछ समझ ही ना पाया कि,,आखिर हो क्या गया???
       बस के सभी यात्री चिल्ला उठे-"अरे बस रोको लड़की गिर गई"। आवारा लड़कों की पूरी टोली को यात्रियों ने तब तक धर दबोचा था।
पर रवि बुरी तरह अपना मानसिक संतुलन खोता हुआ निशा का नाम ले चीख पड़ा।
बस के रूकते ही बदहवास सा पीछे की ओर निशा ,,,निशा! करता दौड़ पड़ा।
     इतनी देर में वहाँ काफ़ी भीड़ इकट्ठी हो चुकी थी। रवि उस भीड़ को चीरता हुआ निशा के पास पहुंचा।
चलती बस से गिरने के कारण उसके सर पर चोट बहुत तेज़ लगी थी,,,खून बहुत अधिक बह गया था। निशा बेहोश थी।
     आस-पास एकत्र हुए लोगों में से एक अधेड़ सज्जन आगे आए और अपनी कार में अस्पताल ले जाने के लिए कहा। रवि ने निशा को गोद में उठा कर कार में लिटाया।
कार पास ही एक नर्सिंग होम पर रूकी और उसे एडमिट किया गया।
      रवि ने काँपते गले से निशा के घर फोन कर उसके माता-पिता और भाई को हाॅस्पिटल बुला लिया। पूरे शरीर में कई जगह गहरी चोट और अधिक रक्त बह जाने के कारण डाॅक्टर निशा की जान नही बचा सके।
     रवि निशा के मृत शरीर के पास एक पत्थर की मूरत बना बैठा रहा। निशा को दिया उसके बर्थ डे कार्ड पर अब केवल लाल रंग से रंग चुका था जो धीरे-धीरे सूख कर काला पड़ रहा था।
      इस घटना को आज 20 बरस बीत चुके थे । और आज तारीख 11 नवम्बर थी। कैनवास पर रवि ने निशा के लिए बर्थ डे कार्ड एक बार फिर बनाया था।
   क्योंकि निशा को रवि का दिया बर्थ डे कार्ड बहुत प्रिय था।
आज भी हर साल रवि 11 नवम्बर को कार्ड ज़रूर बनाता है,,पर निशा नही होती उसे देखने के लिए,,,,,,,,,,