मंगलवार, 12 फ़रवरी 2019

मैने बांध लिए निज प्राण,,

                   (चित्राभार इन्टरनेट)


#रवीन्द्रगीत_अनुवाद
#आमी_तोमार_शोंगें_बेंधेछी_आमार_प्रान

मैने संग तुम्हारे बांध लिए
निज प्राण,,
हृदय स्पन्दन के सुर संग तान लिए
निज प्राण
तुम ना जानो प्रियतम्!
तुम जानो ना,,,,
बंधी प्रीत अंजाने साधन संग
जिसमें घुलती पुष्प सुगंध
जिसमे घुलते कवियों के छंद
तुम ना जानो प्रियतम!
तुम जानो ना ,,

आच्छादित तुमको कर रखा मैने
छंद-गंध की छाया से
अरूप सुवासित छवि तुम्हारी,
है प्रज्जवलित फाल्गुनी काया से,,
बासंती बंसुरि के सुर
गुंजित सुदूर दिगदिगंत
सोनाली आभा से है कंपित
नील उत्तरीय भर आनंद
तुम ना जानो प्रियतम
तुम जानो ना

मैने संग तुम्हारे बांध लिए
निज प्राण
हृदयस्पंदन के सुर संग तान लिए
निज प्राण

लिली😊

शुक्रवार, 1 फ़रवरी 2019

झूठे ख़्वाब,,

                     (चित्राभार इंटरनेट)

 

देखूं तुम्हे छूकर
करीब से 'झूठे-ख़्वाबों',,,,
पलकों पर सजा देते हो
झिलमिलाते अनगिनत
सितारों के मखमली अहसासी-शामियाने,,,
जिनकी क्षणिक चकाचौंध से,,,
भरमा जाता है यह 'मूढमन',,
भूल कर चिमिलाती धूप
जीवन की,,,
झूम जाता है लोलुप मनगगन,,
और फिर दिखाते हो तुम अपना
असली रंग,,,
अपने करीब होने का देकर
भरकस भरम,,,लुप्त हो जाते हो
अगले ही क्षण,,,,
बिलखती आशाएं और विक्षुप्त आत्म
छूकर,पलकों को
तुम्हे बार-बार खोजती हैं
व्याकुल अंगुलियां,,,
शायद मिल जाओ पलकों की
कोरों पर छुपे ,,,
पर तुम नही मिलते,,,जा चुके होते हो किसी की
संवेदनाओं को छल कर,,,,
मै देखना चाहती हूं तुम्हे छूकर ,,
तुम्हारे छद्म हृदय को छूकर,,,
कोई प्रतिक्रियाएं उठती हैं
तुम्हारे हृदय में?
या अंतस तुम्हारा पाषण है,,,?
लिली😊

प्रेम




जो कहता है प्रेम त्याग का नाम है
प्रेम अधिकार नही चाहता,
प्रेम दूर रहकर भी खिला रहता है
प्रेम जलता दरिया है
प्रेम बहती नदिया है
प्रेम शून्य है
तो बता दूं आपको-
प्रेम जब अपनी गहनतम्
गहराइयों में पहुँच,
अपने प्रियतम् को छुपाता है,
उस गहराई में जाकर कोई
दुनियावी कर्तव्य अपना आधिपत्य
जमाने का प्रयास करता है,
तब प्रेम 'त्याग' की परिभाषा भूल जाता है,
तन से लेकर मन के रोम-रोम में
बसा कर रुधिर कणिकाओं का अंश
बने प्रेम ,पर कोई अन्य अपना वर्चस्व
जमाना चाहता है तब-
 प्रेम में 'अधिकार' का स्वर प्रचंड नाद
सा चिल्लाता है,
भौगोलिक दूरियों की सीमाएं एक हद
के बाद सह पाना दूभर हो जाता है,
एक अंतराल के बाद सुकोमल भावों
के पुष्प सा 'प्रेम'
किसी विषैले चोटिल विषधर सा
बौखला उठता है
और एक स्नेहिल स्पर्श की अनुभूति
पाने के लिए..
अंधाधुंध फुंफकारता..विष वर्षा करने पर आमादा हो जाता है,
अहसासों का शीतल जल
आग का दरिया
और
शून्य का वृहद किसी बूंद सा...
सिमट जाता है आँखों के पोरो पर
इसलिए निवेदन है
उदारवाद का पैराहन जबरन
बिचारे प्रेम की मूक अभिव्यक्तियों को मत पहनाओ
चरम के उत्कर्ष पर प्रेम बहुत उग्र है।


रविवार, 27 जनवरी 2019

हवामहल ने कहा,,,


   
#हवामहल_ने_मुझसे_कहा

#जयपुर_डायरिज़

बेजान इमारतों
में जान भरने को
ना जाने कितनी नक्काशियां करता है
दिवारों में झरोखे,,
और झरोखों पर रंगीन कांच मढता है,,
धूप के रंगीन पैबंध
अंधेरे कमरों में कुछ तो उम्मीद भरते हैं,,
चारदिवारों में कैद़ दिल की
हसरतों को आवारगी नज़र करते हैं,,,
वरना,,,
इन पुख्ता मोटी दीवारों के बाहर कि दुनिया,
बड़ी हैवान है,
आँखों पर पलकों का नक़ाब धरे
घूरता शैतान है,,,
आबरू का सौदा एक झलक देखकर
ही हो जाता था,,
फिर तो उसे लूट लेना का मसौदा
तूल खाता था,,
और ना जाने कितनी पदमावतियों
को जौहर की आग में जलाता था,,,
शायद इसलिए ही कफ़स को
इतना आबाद किया होगा
हवाओं में घोल कर कृत्रिम बसंत
परिंदों को प्रांगण 'आज़ाद' दिया होगा

लिली😊

मंगलवार, 22 जनवरी 2019

फुटपाथ ने कहा,

लिखित-अलिखित,वाचाल-मौन सबकुछ पढ़ने की आदत पड़ जाए तो कभी-कभी लेने के देने पड़ जाते हैं😃😃 सबकुछ हमसे कुछ बोलता सा ही नज़र आता है।🤓 रोज़ जिस फुटपाथ पर टहल करती हूं उसको खोदकर रख दिया है। उस पर बिछी सीमेन्ट की छोटी डमरू आकार जैसी टाइलों पर नज़र जमा कर चलना, थोड़ा खिलवाड़ करते हुए अपनी धुन में कदमों को जमाना अच्छा लगता था।
    मै पागल नही हुई हूं।आदत का जिक्र कर रही हूं। क्या पता आपके साथ भी होता हो?
आगे सुनिए । तो हुआ ये की आज हैरत में पड़ गई मैं,,! जब फुटपाथ ने भी कविता सुना दी मुझे बोली--
     विकास अक्सर विध्वंस
     के मलवे पर अपनी
     नींव बनाता है,,,
     परिवर्तन का दौर
     निर्ममता से सारे
    मोह-बंधनों को
    खोद,
    नए स्तम्भो के लिए
    जगह बनाता है,,,
    हाँ,,,,आगत निश्चय ही,
     विगत को बेहतर बनाने
     के लिए ही होता है,,,
     पर फावड़े की चोट,
      अंतस के गहनतम्
      एहसासों को खोद
       देता है,,, 
     
        फुटपाथ-
मै  कविता की संवेदनशीलता से भीतर तक स्पर्शित हो चुकी थी। फुटपाथ अब खामोश था। जत्र-तत्र खुदे हुए अपने शरीर के भागों को देखता । मै उसकी कही काव्य वेदना की समीक्षा करती सड़क पर आगे बढती रही।

गुरुवार, 17 जनवरी 2019

नीरव सा कुछ,,,,




नीरव सा कुछ लिख जाऊं
बस तुम समझो,वह कह पाऊं
जग सारा खोजे शब्द-सृजन
मै काव्य शून्य सम रच जाऊं...

जो दिखकर भी ना दिखता हो
अनुभूति प्रबल आधिक्यता हो
आभास सबल परिभाषित हो
रख शब्द परे,बहती जाऊं
मै काव्य शून्य सम रच जाऊं

नीरव सा कुछ लिख जाऊं
बस तुम समझो,वह कह पाऊं

रंग बहुल पर बेरंग दिखे
भावप्रवण पर निर्भाव लिखे
गीतों का सुर निःशब्द बजे
जग खोजे और मैं मुस्काऊ
मै काव्य शून्य सम रच जाऊं

नीरव सा कुछ लिख जाऊं
बस तुम समझो,वह कह पाऊं
लिली❤






मंगलवार, 8 जनवरी 2019

ओ साथी मेरे मन के,,,,,,, गीत



ओ साथी मेरे मन के
मनवीणा तुझे पाकर झनके
प्रीत मेरी थी अधूरी
बिखरे बिखरे थे मनके
ओ साथी मेरे,,,,,,,

सूनी थीं मन की गलियां
मुरझाई होठों की कलियां
बगिया की बुलबुल गुमसुम
खोए मक़सद जीवन के

ओ साथी मेरे ,,,

सूखी धरती का दामन
चिरता था यूं मेरा मन
कोई बादल आकर बरसे
झरते नयना बिरहन के

ओ साथी मेरे,,,,

सांझ सिंदूरी सजकर
ड्योढी पर ताके रस्ता
आएगें प्रितम् मेरे
दीप जलेगें आंगन के

ओ साथी मेरे,,,,

तुम्हे पाकर सूरज चमका
चंदा का भाल है दमका
हर जनम तुझको पाऊं
मन्नत से धागे बंधन के

ओ साथी मेरे,,