बुधवार, 24 अप्रैल 2019

तभी बात बनती है

                   (चित्राभार इन्टरनेट)


बाज़ारीकरण के इस दौर में, हर चीज़ समसामायिक हो
तभी बात बनती है।

कही बातें भी फैशन के अनुकूल  बदलें लिवाज़
तभी बात बनती है।

टेक्निकल जुमलों के दौर में,मुहावरे बाबा आदम के दौर के!!

कुछ अपग्रेडेड साफ़्टवेयर के तड़के लगाओ सनम,
तभी बात बनती है।

शिव जी पर रचे भाव  मंगलवार को लिख दिये !
ईद का हो माहौल और इस्टर की कह दिए!

उम्ह! कुछ सेवाइयों की छेड़ो मिठास,,
तभी बात बनती है।

कहाँ दिल,चाँद,ज़मी,आसमां,इन्द्रधनुष मे सुकूं खोजते हो,

दहकते मुद्दों की बदलती बिसात पर करो बात
तभी बात बनती है।

इसकी करो खिंचाई,उस पर करो हमला आत्मघात

भाई,,भाई का करे हर बात पर प्रतिवाद
तभी बात बनती है।

लिली😀

दीवाने हो गए

                    (चित्राभार इन्टरनेट)


कुछ इसकद़र बढ़ी मुहब्बत
के दीवाने हो गए
जिस गली में था उनका घर
उसी से बेगाने हो गए,,

जिस चेहरे को कहा चाँद
और चाँदनी से नूर था
बेनूर बना लिया इसे,और
उसी से अन्जाने हो गए।

मौजूदगी मेरी थी कभी
हवाओं में घुली मिली
मनचली हुईं फ़िजाएं,और
बदले मेरे ठिकाने हो गए

बिन कहे ना दिल कि
बात उनको करार था
बस सोच मुस्कुरा दिए,
सुने उनको तो अब ज़माने हो गए।

बुधवार, 17 अप्रैल 2019

कल्पनाओं को अपना 'यथार्थ' मिल चुका है,,,

                   (चित्राभार इन्टरनेट)

कैनवास फट चुका है
और रंग सूख चुके हैं
तूलिका विक्षिप्त पड़ी है,,
जब से 'कल्पनाओं' को
उनका जगत 'यथार्थ' में
मिल गया है,,
अब वे खुश हैं अपनी
संकल्पनाओं को मूर्त रूप
में पाकर,
वे अब मोहताज नही रहीं
किसी प्रेम चितेरे दो जोड़ी
हृदयों की 'एहसासी उधारी' की,,

कविताएँ बेरोज़गार हो गई हैं
कलम गर्त खोदने के काम
में लगी हैं,,
क्योंकि कावित्व को उसका
वास्तविक रसातल मिल चुका है,,
वह भी मोहताज नही रहा अब
कवि मन की प्रसव पीड़ा का,,

आस,प्यास,उजास सबने
सन्यास ले लिया है,,
जाओ बाबा! अपने दुनियावी
काम निबटाओ,,
ये बेकार की ख्याली मगजमारी
में हाथ रूक जाते हैं,
कामों के ढेर लग जाते हैं,,
मिलना-मिलाना कुछ नही होता,,
झमेले कम हैं इस जान को?
जो चले आते हो मुँह उठाए,,,,
हुह्ह,,,,,,,कैनवास पर कल्पनाओं
के रंग उकेरने हैं,,,!
कागज़ पर शब्दों का कावित्व
बहाना है,,,,!
जाओ बाबा जाओ,,
काम करो !



बुधवार, 13 मार्च 2019

पतझड़


                    (चित्राभार इन्टरनेट)

हल्की बारिश हो गई
लगता है मेरी कविता पढ़ ली होगी,
'शुष्क आँसू' हवा के
पतझड़ को खुश्क़ बनाते हैं...
खैर,
धूल ज़मीन की सतह पर बैठी मिली,
पर हवा तब भी बह रही है,
बहुत रोने के बाद
आवाज़ में जैसे हिचकियों सा स्वर है,
सड़क पर टपक रहे बड़े-बड़े पीले पत्तों की
ठप्पप् सी आवाज़ में
ज़मीन की दुनियां पर अनजान पथिक से ये सूखे पत्ते!
 किसी वाहन की तेज़ गति के बहाव में
दूर तक लुढ़क कर सरकते
देख कर लगा जैसे...
हरी पात की उम्र में टहनियों  से चिपके
दूर से बस इन वाहनों को आते-जाते
देख ही पाते थे
क्या पता इनका मन करता हो इन दौड़ते-भागते
शोरगुल करते वीरान शहरों को
जीवन्त बनाते वाहनों को करीब से देखें
 स्कूटर का पीछा करता
एक पीपल का पीला पत्ता
दूर तक गया पर स्कूटर को छू भी ना पाया
और फिर थक कर वहीं पड़  गया, सड़क पर
ऐसे ही ना जाने कितने वाहनों का
पीछा करने के विफल प्रयास करता
किसी के पैरों तले कचर गया
या किसी पहियें के तले मसल गया
तो कुछ पीले पात...उसकी तरह
चंचल प्रवृत्ति के नही थे
सो पेड़ के इर्द-गिर्द ही घास पर
ढेर से इकट्ठे होते गए
किसी म्यूनिसिपलटी के सफ़ाई-कर्मी
द्वारा झाडूं से समेट,आग की आहूति
चढ़ा दिए गए
और इस तरह पत्तों के एक जीवन-काल
का दौर पूर्ण हुआ पतझड़ के रूप में
नई कोपलें तैयार हैं,
एक नए जीवन-क्रम का आगाज़ लिए,
एक नए मौसम के साथ..

सोमवार, 11 मार्च 2019

पतझड़ की हवा

हवा की आवाज़ में
एक कराहट सी सुनी
दर्द पुराना अरसे बाद
उभरा है शायद,
सांय-सांय में टीस
इतनी की...टसक से
पेड़ बदहवास से डोलते दिखे
हवाओं की पीर
दरवाज़ों को खड़काती
तो कभी खिड़कियों
से टकराती,
गुहार लगाती फिरीं
दर्द की चीख से
चीरती वेदना को जब
कुछ ना मिला तो
वह बहा चली सड़कों पर पड़े
सूखे पत्तों को मुट्ठियों में
दबोच कर,
पतझड़ की  हवा
आद्रता आँसुओं की सूख चुकी है
खुश्क,कराहती सांय-सांय,,
कोई दर्द पुराना
उभरा है शायद


रविवार, 10 मार्च 2019

कालचक्र

                      (चित्राभार इंटरनेट)


कभी-कभी कुछ
नही लगता
बस सब कुछ 'चल'
रहा होता है
क्योंकि 'चलते जाने' ही
नियम है,,,
ना ही कुछ अच्छा है,,,ना ही कुछ बुरा,
बस 'है' क्योंकि उनका 'होना' ही
नियम है,,,
एकान्त में जब सामना होता है
स्वयं से,,
सवाल उठते हैं और उठ के
शान्त हो जातें हैं,,
क्योंकि प्रश्नों का उठना और शान्त
हो जाना ही नियम है,,
ना खोने दुख, ना पाने की खुशी,,
सब लगता है एक छलाव
खुद को बनाए रखना है
अंत तक
क्योंकि बनाए रखना ही
नियति है,,
ना अधूरे होने का गम ना पूर्णता
का एहसास
सब कालचक्र की चाल
घूम रहा है क्योंकि 'घूमना' ही
नियम है,,
लिली😊

गुरुवार, 7 मार्च 2019

महिला दिवस पर एक महिला की अभिव्यक्ति: अतृप्ता



#अतृप्ता 😊

लिखते-लिखते कभी-कभी अंदर से एक हूंक उठती है की - मैं इस भाव को शब्द नही दे पा रही। काश के, मुझे चित्रकारी करनी आती! काश के मुझे रंगों की भाषा समझ आती! मै कागज़ पर मन की बात लिखने के साथ-साथ हथेली भर के अपने भावों के अनुकूल रंग भर कर कागज पर फैला पाती! वो फैले हुए रंग अपने वृहदत्तम और अपने सूक्ष्मतम् रूप के हर भाव को ,विभिन्न आयामों को परिलक्षित करते हुए मेरी अनुभूतियों का सम्प्रेषण कर पाते।
        तो कभी लगता है स्वर लहरियों की एक छोटी सी तरंग मेरे उर में भी होती जो कंठ की स्वर ग्रन्थियों से निकल मेरे मन के संगीत को सरगम रूप में संप्रेषित कर पाते। ऐसा भी कई बार पाया की कुछ अभिव्यक्तियाँ पाँवों को थिरका कर, अपनी ग्रीवा, नेत्र, भुजा, कटि, को मटका कर भावभंगिमाओं के माध्यम् से स्व अनुभूतियों को प्रेषित कर सकूं।
      कभी कभी लगा कि मैं एकदम शान्त होकर सुनूं...वह सब जो सुन्दर है या असुन्दर है मेरे आसपास... सुन कर उसे नापूं,तौलूं,आंकू। स्वीकार करूं..अस्वीकार करूं.. निहारूं अपलक बिना किसी लज्जा,भय, बाधा के।
      बहुत कुछ अभेद्य है। कितना अपूर्ण पाती हूं खुद को। कोई एक कैसे किसी जीवन में अस्तित्व को पूर्णता प्रदान कर सकता है? अचम्भित होती हूं सोचकर। खुद को अलग कर के जीने का सोचा तो हर पल निर्भरता को तरस उठी। निर्भरता के साथ पोषित करना चाहा तो शोषित महसूस करने लगी। फिर अचानक एक निष्कर्ष खड़ा कर लिया, जीवन की सार्थकता समग्रता को समेटते हुए आत्म की एकाग्रता में ही निहित है। क्या नारी? क्या पुरूष ? जीवन सबके लिए चुनौतीपूर्ण है। अधूरापन हर तरफ़। लगता है फेंक दिया गया है इस भवसागर में। जाओ सीखो तैर कर पार लग जाना या डूब कर तलहटी की रेत बन जाना।
       सम्प्रेषित करने के लिए इतना गहन...कोई एक माध्यम् कैसे चुनूं? बहुत अपूर्ण हूं! बहुत अतृप्त हूं !
लिली😊