शुक्रवार, 10 मई 2019

पिय तुम्हरी अंजुरी में भर जाऊं



मन भटके, या
हो बोझिल,,
प्रीत हिया की
तब हो झिलमिल
पिय तुम्हरी अंजुरी में
भर जाऊं
सब तज मोह जाल
इह जग का
स्नेहिल थपकी पा
सो जाऊं

हो तृप्त आत्म का हर
स्नायु
अतृप्त लगे यह
लम्बी आयु
किल्लोल करे तेरे
संग का स्पंदन
सांस सांस जैसे
हो चंदन,

तृष्णा साजन से
मिलने की,
ले अंतस में ही
गोता खाऊं
प्रेम मणिक से
कर खुद को प्रज्जवलित
जनम जनम
तेरी हो जाऊं

प्रीत हिया की
जब हो झिलमिल
पिय तुम्हरी अंजुरी
में भर जाऊ,,

लिली😊

बुधवार, 8 मई 2019

सड़कें



                      

सड़कें


चित परिचित सी सड़कें,
वही राहें,वही ख्याल
बस वक्त बदला..
ये 'बस वक्त का बदलना'
इतना सरल भी नही था,
एक कठिन सफ़र तय हुआ था
खुद का खुद तक...
परिवर्तन हुआ 
सड़कें गवाह रही हैं।
ये बहुत अच्छी श्रोता हैं,
तब भी सुनती थीं मेरे मौन संवाद
आज भी सुनती हैं,
कंकरीटों की फाँकों और
तारकोल की तहों में
सहेज कर रख रखी थीं उन्होने
मेरी नितान्त अपनी बातें..
स्कूटर के पहियों नें
उन फाँकों को कुरेदकर..
और खोजा
मैं बस कौतूहल लिए
अपने सफर के पन्ने
पलटती रही,
कुछ भींगे थे,कुछ खिलखिलाते से थे
कुछ सिहरे से थे..आज भी मौजूद
उसी ताज़गी के साथ,
शायद मैं उन्हें कहीं दर्ज ना कर पाऊं,
आज लगा वो बहुत सुरक्षित हैं
कंकरीटों की फाँको में।
वर्तमान को जीना है
और जिए वर्तमान को
इन सड़कों की..
कंकरीटों की...फाँकों और
तारकोल की तहों में
सहेजते जाना है।
क्योंकि भविष्य में जब
वक्त और बदल जाए,
खाटी शुष्क यथार्थ को
वर्तमान मान जीना पड़ जाए
तब..
अपने इतिहास की भीगी
नितांत अपनी बातों को
 पुनः जी सकूँ,
बदलते वक्त के साथ
नए वर्तमान को आत्मसात
करने का नया सफ़र
इन्ही सड़कों संग तलब कर सकूँ

लिली😊

बुधवार, 1 मई 2019

प्रेम मत खोजना

                   (चित्राभार इन्टरनेट)


अब प्रेम मत खोजना
क्योकि वो अब 'परिपक्व' हो चुका है
और 'परिपक्वता'
प्रर्दशनलोलुप नही होती,,
'प्रेम' शब्द के 'ढाई' में
जो 'आधा-अधूरा' सा है
वह वहीं है,,,
अब प्रेमाकुल हृदय को
प्रेमरंजित प्रत्येक अनुभूति को
एकान्त में घूंट-घूंट
गटकना प्रिय हो चला है,,
वो गटकन का स्वर, कंठ से निकल
दोनो कानों तक टंकार लगाता
हृदय  प्रशान्त में
घुल जाता है,,,,,
इस असीम परमान्द
की अमृतानुभूति
की,,,,,मैं अब प्रदर्शनी लगाने की
इच्छुक तनिक भी नही हूं,,,,
इसलिए,,,,
सुनो हे!
मेरी कविताओं में अब 'प्रेम' मत खोजना,,,
वो परिपक्व हो चुका है अब
लिली🌷

सपनों_का_श्राद्ध


सपनों से प्रेम किया
,,,,और,,
हकीकत से दुनियादारी
सपने सरल थे सरस थे
भोले भाले थे,,
ना जाने कब उनके दिल
की दीवारों पर महत्वाकांक्षाओं
की बेल पनपने लगी,,
ना जाने कब वे बंद आँखों
से निकल खुली आँखों की
दुनिया में शाखाएं फैलाने लगीं,,,
हकीकत से अक्सर ईर्ष्या खाने लगीं
और दुनियादारी पर भी
अपना अधिकार जताने लगीं,,
ये दो अलग-अलग ध्रुवों का
टकराव ले डुबा,,
वजूद अस्मंजस में
के अब करना क्या है?
सपनों के साथ दुनियादारी निभानी है
या ,हकीकत को आसमान
पे सजाना है?
एक वजूद के
दो ध्रुवों की जंग में
किसी एक को वीरगति पा नी थी,,
हकीकत के वार तगड़े थे
सपनों की महत्वाकांक्षाएं खोखली,,
वे ढेर हो गई कुछ ही वार में,,
बस आज उनका श्राद्ध कर दिया गया,,
अब हकीकत का एकछत्र साम्राज्य है,,
लिली🌷

नारी हूं,,,,,घर सजाती हूं

             


नारी हूं
घर सजाती हूं
सारा संसार सजाती हूं
सजा कर रखना मेरी प्रकृति है
अस्त-व्यस्त कमरे,अलमारियां
टेबल,ऑफिस,फाइलें
घर-बाहर
सब व्यवस्थित कर सकती हूं

किसी भी जगह की
शांत सौम्य सुसज्जा मेरी मौजूदगी
का प्रमाण होती है,,

सीमित साधनों में
असीमित आशाओं का पूरण
करना मेरा गुण है
सबकी नज़रों से छुपा कर
रक्खी मेरी 'चोर-गुल्लक'
मेरी मितव्ययता का प्रतीक है
खाली जेब को बाहर निकाल
सिर पकड़ के माथे की
बल पड़ी पेशानियों को छुपाते
हाथों पर
हमेशा मैने उम्मीद की खनक
इन्ही 'चोर-गुल्लकों' से निकाल
कर रखी है,,,
भले ही 'बहुत ख़र्चीली' कह कर
हास-परिहास का विषय बनती रही हूं,,

बच्चे अक्सर कहते हैं
-"माँ तुम घर पर नही रहती तो खाने का मन नही करता,
पर तुम्हे देखते ही हमेशा भूख लगती है"
सुखद है ये अनुभूति
मै भूख को भी वात्सल्य से पकाती हूं,,,

जो मिलेगा मुझे मै सब
सजा दूगीं,,,
व्यथा,अवहेलना,उपेक्षा,दुत्कार सबकुछ
और इतने व्यवस्थित रूप में संवारूगीं,
के देखने वाले सोचेगें ,,,,,,,
अरे वाह! अद्भुत!
पीड़ा,वेदना,अवहेलना,उपेक्षा ,तिरस्कार भी
इतने सौन्दर्यपूर्ण होते हैं!!

सुनिए! ये मैं आपको सुना नही रही,
ये सब मैं खुद से कहती हूं,,
मैं स्वयं से सिंचिंत
मै स्वयं से चालित
मैं स्वयं से ऊर्जित होती हूं,,,
बस इसीलिए हर बात जैसी भी हो
बस कह कर हल्की हो लेती हूं😊

लिली मित्रा💁‍♀️

मंगलवार, 30 अप्रैल 2019

श्राद्ध

आवारा बेलगाम काल्पनाएं कितनी भयावह हो सकती हैं,इसका पूर्वानुमान नही लगाया जा सकता।
जब तक आप उस ब्लैक होल में खींच नही जाते
तब तक वीभत्स अंधकार और अनिश्चित पतन की
की ओर किस तेज़ी से गिर रहें हैं,,
उसकी गति,रूप, आकार का अंदाज़ा नही लगाया जा सकता।
परन्तु कुछ होता है हमारे अंदर जो रह रह कर हमे अनेक माध्यमों से चेताता रहता है। परन्तु हम किसी मदमस्त हाथी से महत्वाकांक्षी कल्पनाओं के रूपहले पाश में बंधे,आँखों को चौंधिया देने वाले प्रकाश से अनंत अंधकार की ओर खींचे चले जाते हैं।
     कुछ ऐसा ही सफर पर है शामली । अपने कंधों पर अपने अपूरित सपनों की खंडित देह लादे बैठी थी उनका अन्तिम संस्कार करने। मृत आकांक्षाओं के मुख पर मरणोपरान्त भी एक लोभनीय आकर्षण स्पष्ट दिखता था। जैसे कह रही हो -"मुझे मृत मत समझ, आ एकबार फिर मेरी आवारगी की चपेट में , थथार्थ की शुष्कता में कुछ नही धरा। जीवन का स्वर्ग मेरी पनाहो में है।"
"आजा ! क्यों मेरी मृत देह को अग्निकुंड में झोक रही मूर्ख?'
आ एकबार चूम ले मेरे मुखारविन्द को मैं पुनः जीवित हो तुझे फिर उड़ा ले चलूं, बादलों के पार आसमान के नीले समन्दर में। जहाँ धूप सुखाती नही है।
पुष्प झरते नही हैं।
बसंत जाता नही है । आ ना,,,,क्यों कान बंद कर रखें हैं तूने?
पर शामली पूरी तरह से श्राद्ध कर्म के अनुष्ठानों में मग्न थी।
सब सम्पन्न होने के उपरांत शान्ति जल का छिड़काव हुआ,,,और उसकी आँखें खुल गईं।
   वो अपलक अंधकार में कमरे की छत तलाशती, स्थिर शरीर में धड़पड़ाती दौड़ती दिल की धड़कनों को लिए शून्य सी पड़ी रही।
      किसी तरह मध्यरात्रि की उचटी निद्रा को पुनः सुला कर । प्रातः हुई। बहुत कुछ देखा सुबह की टहल वाले वही चित परिचित मार्ग पर। सूखी पात पथिकों के पांवों तले कचर कर धूल संग एकाकार हो गईं हैं। सूखी घास अब सींचने पर भी हरितिमा ना पाएगीं। कोयल की कूक खिसियाई सी लगी। धूप ने सुबह की हवा में लू सा असर कर दिया। सबकुछ जैसे शुष्क हो चुका है। स्वप्न में बेलगाम कल्पनाओं का श्राद्ध अपने हाथों कर जैसे शामली अब यथार्थ के असल धरातल पर चल रही थी।
       कुछ वर्ष पूर्व देव के उसके जीवन में आने के साथ उसने इस धरातल पर चलना छोड़ दिया था। वह उड़ रही थी।
आत्म के अंश पाने के उन्माद में बावरी सी अपने परमात्म की आवाज़ को भी अनसुना करती बस उड़ रही थी,,,बस उड़ रही थी। उसे खुद पर दंभ हो चला था कि- सच और स्वप्न का सही मिश्रण करना उसे आता है। परन्तु महत्वाकांक्षाएँ अट्टाहास कर रहीं थी उसके इस नादान दंभ पर और विजयी महसूस कर रही थीं अपने मासूम नादान शिकार पर।
     तमाम संकेतों को नज़र अंदाज़ करते हुए आखिर  वह ब्लैक होल के अंधेरों में आ फंसी। उसे अपनी उत्कट बेलगाम कल्पना जगत का श्राद्ध आज करना पड़ा।

रविवार, 28 अप्रैल 2019

#ऑनलाइन_मुहब्बत 🙃 लघुकथा

           (हिमोजी स्टीकर हिन्दी की पहली स्टीकर ऐप)



प्रेम ने बहुत देर तक व्हट्सऐप पर लगी सना की डी पी निहारने के बाद मैसेज किया,

सुनो! तुम्हारी आँखों का रंग क्या है???

सना - 'हाय री किस्मत! अब मेरे इतने बुरे दिन आ गए।
          खुद की आँखों का रंग आइने में देखूं !
          अरे तुम प्रेमी बन कर जीवन में किस लिए आए       हो?
प्रेम - अरे तुम तो शुरू हो गई बाल की खाल नोंचने

पूरा वाक्य प्रेम लिख भी ना पाया कि- सना ने फिर एक विस्फोटक कटाक्ष दे मारा।
  'चार साल से प्यार कर रहे मुझे मुझसे पूछो मुझे तुम्हारी आँखों का रंग ,बालों का रंग कंधे के तिल का रंग सब पता है।
  और तो और आज ये भी पता चल गया तुम्हारे दिल का रंग बड़ा गहरा काला है
😭😭😭😭😭😭😭😭😭

प्रेम- अरे बाप रे! तुम तो धोबी पछाड़ देने लगती हो।
        वो तो तुम्हारी डी पी में आँखे भूरी भूरी दिख रहीं।
        तो मुझे डाउट हुआ ,

सना- डाउट हुआ मतलब???? क्या डाउट हुआ?
         बोलो ? आज पता चल गया तुम मुझे ध्यान से देखते ही नही😪
       जितनी भी तारीफ़े करते हो सब झूठी होती हैं।
         कितने बड़े झूठे हो !!🤧🤧🤧🤧

प्रेम को महसूस हुआ उसने अन्जाने में एक बड़ी गलती कर दी है। बात मज़ाक मज़ाक में बढ़ती जा रही।
उसने तुरंत ढीली लगाम को खींचते हुए कहा-
      "जानू तुम्हारी  आँखें इतनी गहरी हैं, के इन्हे जी भर देखने से घबराता हूं। कहीं डूबा तो निकल ना पाऊंगां।
इतनी नशीली हैं के की मदहोशी में बहका तो सम्भल ना पाऊंगां ।
 मुझ गरीब की हालत तुम क्या समझों ।
 हाय ये 'भूरी काली गहरी आँखे' जिस दिन जी भर के देखा उस दिन ले डुबूगां अपने साथ तुम्हे भी मेरी क़ातिल

सना का दिल अब तक पिघल चुका वो बोली -"अरे तुम्हारा कोई दोष नही ये फोटो ही मैने फोटो शाॅप कर दी थी।

प्रेम - तभी तो,,,,,,,,! जानू मैं इतना भी नालायक नही के अपनी ज़िन्दगी को ना पहचानूं। इन आँखों के समन्दर में ना जाने कितने तलातुम के लुफ़्त उठाए हैं मैने ।
ये सब 'ऐप एडिटिंग' का दोष मुझ मासूम को कटघरे में खड़ा कर दिया।😪

सना ने तुरंत अपनी एक ताज़ा बिना एडिट फोटो प्रेम को भेज दी।
प्रेम - हाय क्यों जान लेने पर तुली हो?

         इन सुरमयी मयखानों में
         इतनी मुहब्बत से ना पिला साक़ी
         पयमाना तेरा दीवाना है वो भी
          काँच से बना,,,,,

सना- ❤

लिली