शनिवार, 28 अक्टूबर 2017

निज जीवन तुम पर वारा है,,,

                        (चित्राभार इन्टरनेट)


हृदय  कुंड में  प्रेम  सरीखे ,
जल की  अविरल  धारा  है ।
भाव  समर्पण  के   पुष्पों से,
निज जीवन तुम पर वारा है।

तुम कहते  हो   मैं बँट जाऊँ,
व्यवहार कुशलता दिखलाऊँ।
तो सुन लो सिरजन हार मेरे!
यह बात तुम्हारी ना रख पाऊँ।
कोई प्रस्तर खंड सी धंसी हुई,
हिल जाऊँ तनिक ना गवारा है।
भाव    समर्पण   के  पुष्पों  से,
निज जीवन तुम पर वारा है।

जलधार हुई कभी बाधित तो,
अश्रुधारा से उसको भर दूँगीं।
प्रीत सुमन सब रहे सुवासित,
मन बंसत क्षणों से भर लूँगीं।
व्यथित हृदय ,रूधिर कंठ हो,
सब कुछ मन ने स्वीकारा  है।
भाव समर्पण   के   पुष्पों  से,
निज जीवन  तुम  पर वारा है।

हृदय   कुंड   में  प्रेम  सरीखे,
जल की  अविरल    धारा  है।
भाव   समर्पण  के  पुष्पों  से,
निज जीवन  तुमपे  वारा   है।

🌺🍃🌺🍃🌺🍃🌺🍃🌺
🌺लिली 🌺

बुधवार, 25 अक्टूबर 2017

तुम टिप्पणी रच दो,,

                      (चित्राभार इन्टरनेट)

मेरे शरीर के भूगोल का
मानचित्र तुम रच दो,,
हर उभार हर ठहराव पर
अपने पथचिन्ह रच दो,,
उभरे पहाड़ों को अपनी
हथेलियों से मथ दो,,
मेरी गहराइयों में अपने
प्रेम का सागर भर दो,,
आहों का बवंडर तुम्हे
ले कर उड़ जाए ,,
दो खंडों का मिलन
एक धरातल कर दो,,
गीत कोई गा उठे
तुफान उच्छावासों का
तुम झूमकर उस पर
अपनी टिप्पणी रच दो,,,,,।

रविवार, 22 अक्टूबर 2017

कोना भी जगमगाया है,,,,,

             (" किसी कोने को भर दिया उजाले से
              एक बाती,थोड़ा सा तेल,एक माटी के दियाले से")

     🌺🍃इस सुन्दर चित्र के लिए मेरी मित्र 'सोनू' को हृदयातल से आभार,, चित्र देखकर ही मन में एक रचना जल उठी🌺🍃

वो रात अंधेरी थी,,,पर बहुत उतावली थी। घर के उस कोनें की,,धड़कने बेचैन थीं। छत की खुली एक फांक से आसमान भी कुछ खोजती निगाहों से ताक रहा था।
         बेसब्री से शाम को विदा कर 'कोना' फिर से बैठ गया दिल को दबोचे,,के शायद धड़कनों को थोड़ा सुकून मिले,,,! तभी पूजा घर से आने वाली धूप, कपूर की भक्तिपूर्ण सुगन्ध ने किसी के आने का शंखनाद कर दिया था।
       एक सुर में गूंजते आरती के स्वर, शंख,घंटी की आवाज़,,अब उस कोने को उतावला बना रही थीं। सब स्वर धीरे धीरे वातावरण में धूप की गंध से विलीन हो गए।
      तभी गृहलक्ष्मी एक थाल में कई प्रज्जवलित दीपों को सजाए ,,आभामंडित मुख मंडल लिए दीपकतार सजाने लगी।
      प्रतीक्षारत् उस कोने पर रूकी और दो जलते दीपों को बड़े प्रेम के साथ वहाँ सजा दिया। दीपों के प्रकाश से 'कोना' असीम आनंद के प्रकाश से जगमगा उठा।
       वर्ष भर की लम्बी प्रतीक्षा के बाद आज वह 'कोना' भी झिलमिलाया है,,,मिलन के प्रकाश ने अमावस की रात को चांदनी रात सा सजाया है। दीपों की शिखाएं हल्के हवा के झोंकों से थर्राती थीं,,,कभी एक विपरीत दिशा में मुड़ती,,,तो  कभी आपस में चिपक जाती थीं। रह रह कर उजाला आस-पास को सहलाता था,, उस कोने के हृदय को एक गर्म एहसास से छू जाता था।
      आसमान भी उस ऊर्जा के प्रकाश को पेड़ों की आड़ से ताकता है,,,,जैसे हल्की सरदी से ठंडे पड़े हाथों को तापता है।
         ना जाने कितने ऐसे अन्दर और बाहर के कोने एक दिये के प्रकाश से चमके होंगें,,,,,तम के हरण और अंतस के उजास की दीपावली में चहके होंगें।

शनिवार, 21 अक्टूबर 2017

एक शाम प्रतीक्षारत,,,,

                           (चित्राभार इन्टरनेट)
दिन बीत गया बेचैन खामोशियों के साथ,,,।
शाम की हवा भी बड़ी उदास,,,, एक झलक तो मिले नज़रों में छुपी एक यही आस,,,,,,,,। पर तुम तो जैसे अमावस के चांद से छुप गए हो,,,,। एक हल्की सी आवाज़ भी शोर लगती है। बस तुम्हारे तस्व्वुर में तन्हाइयां बजती हैं,,।
      चुपचाप सा चीत्कार सुनाई देता हैं,,,,पर अधरों पर गहन मौन का पहरा है। उदास हवाओं ने तुम्हारी यादों के पुष्प पग पग पर बिखराए हैं,,,,,। मैने चुनकर इन पुष्पों का एक गजरा बनाया है,,,अपनी वेणी में गुथ तुम्हारे सानिध्य को पाया है।
        तुम्हारी बातें सुनकर ही मेरी चंचलता बन तितली मंडराती है,,बिन तुम्हरी बतियां सूनी रात के झींगूरों सी झीनझीनाती हैं। सब कुछ बेरंग,,,स्याह रात सा काला है,,आ जाओ बस तुम्हारे आने में ही चरागों सा उजाला है।
          दो शब्द तुम्हारे , मेरे एकान्त का तम हर लेगें,,,,वरना अंतर का वीराना हम आमावस की रात से भर लेगें। कितना निष्ठुर हैं प्रियतम तुम्हारा व्यस्तता भरा दिन!! एक पल भी लेने नही देता मेरे नाम का पल-छिन,,,,!!
           डूबते सूरज के संग मेरा मन भी डूबता जाए ,,,भेज दो कोई संदेस के अब रहा ना जाए। मन करता है हर दीप बुझा दूँ,,,,,चुपचाप अपने अस्तित्व को अंधकार में गुमा दूँ। कुछ पल की प्रीत भरी बतिया ही तो मांगू,,,, इन्ही एहसासों की महक लिए सोऊँ और जागूँ,,,।
      एक शाम प्रतीक्षारत,,,,,,,

खामोशियों में खुसफुसाहट सुनती रही

                   (चित्राभार इन्टरनेट)

खुद ही मना कर
उसके आने की राह
तकती रही
लम्बी खामोशियों
में उसकी खुसफुसाहट
सुनती रही।

बंद पलकों से
अश्कों की धार
टपकती रही
मै अपनी हथेलियों
में उसकी लकीरें
तकती रही।

गहरी उदासियों में
उसकी खनक
बजती रही
मेरी पेशानियों
पर उसकी तस्वीर
उभरती रही।

पहचानी गलियों में
उसकी धूल सी
उड़ती रही
हर आहट पर
नज़र खिड़कियां
झांकती रही

उसके इश्क की
गलियां गुलाबों से
महकती रही
दूरियां बीच की
काटों सी
चुभती रही।









गुरुवार, 19 अक्टूबर 2017

मन आंगन में मने दीवाली,,,,

                     (चित्राभार इन्टरनेट)
 
तेरे मेरे इस
बंधन की
एक बंदनवार
बनाई है,,,,
अंतर मन के
द्वारे पर इसकी
लड़ी सजाई है।

अपनी प्रीत के
हर रंग से मैने
अनुपम रंगोली
बनाई है,,,,
निरख चटख रंगों
की छटा हर्षित
मन अरूणाई है।

नयनों के दीप
जला कर मैने
दीप कतार
लगाई है,,,,
तेरे नयनों की
प्रज्जवलित बाती
हर दीप शिखा
लरजाई है।

हरित वसन पर
जड़ित बूटियां
स्वर्णिम आभा
बिखराई है,,,
धारण कर मैं
लगूँ सुहागन
अनुभूति बहुत
सुखदायी है।

मन आंगन में
मने दीवाली
पावन पर्व बेला
मधुमायी है,,,
साथ चलों तुम
पग पग पर
अभिलाषा ऐसी
जायी है,,,,।

मंगलवार, 17 अक्टूबर 2017

बेसबब बेवजह की ये बातें

                        (सोचा आज अपनी ही फोटो लगा दूँ😀)


बेसबब बेवजह की ये बातें
***********************

बस तुमको रोके
रखने के खातिर
बुनती हूँ कितनी
बातों की महफिल
बेवजह,बेअदब
बेसबब हैं ये बातें,,
तुम्हे भी कभी तो
थकाती हैं ये बातें,,,

कहाँ तुम संग
कोई गृहस्थी है मेरी
एक बादल के टुकड़े
सी हस्ती है मेरी
फिर कहाँ से लाऊँ मैं
सागर सी बातें
कभी खत्म ना होने
वाली वो बातें,,,

जीवन का साथी
बनकर के चलना
पथ की धूप-छांवों
में जलना-सम्भलना
वो पूजा की वेदी पर
साथ मंत्रों का पढ़ना
कुछ भी तो नही है
जिसका दंभ भर लूँ
फिर क्या तर्क छेड़ूँ?
मै क्या बात कर लूँ?

बड़ी अनबुझी
पहेली से ये रिश्ते
खामोश रातों में
चीखते से ये रिश्ते
नही कोई मंज़िल
नही कोई ठिकाना
बस चले जारहे हैं
गुमराह से ये रिश्ते
आनंद देती हैं बस
बंधनों की ये बातें
समाज की मोहरों
पर खरे उतरते
संबन्धों की बातें

खत्म करना भी
चाहूँ तो लिपटती
बहुत हैं, झटकना
भी चाहूँ तो चिपटती
बहुत हैं,,,
बेसबब, बेअदब
बेवजह की ये बातें,,,,,,,।

लिली 😊