बुधवार, 14 फ़रवरी 2018

गुब्बारे,,,,, (लघुकथा)

                      (चित्राभार इंटरनेट)

"भाभी आज कौन सा दिन है?"

ज़मीन, पर अपने कौतुहल को दबाते हुए,,बड़े अनमने ढंग से झाड़ू फेरते हुए हेमा ने सरिता से पूछा,,,।

सरिता ने यह सोचते हुए कि, यह गरीब इंसान क्या जानेगी के आज पूरा ज़माना प्रेमोत्सव में ढूब 'वेलनटाइन डे' मना रहा है,,,
 जवाब दिया-  "शिवरात्रि है आज",,।

सरिता के जवाब से संतुष्ट ना होते हुए हेमा ने फिर पूछा-- 'शिवरात्रि के अलावा क्या दिन है आज,,??'

बाहर वाली मैडम कि नई बहू आज पूरा घर 'दिल आकार के गुब्बारों से सजा रही हैं,,।
मैने पूछा उनसे तो खूब हंसीं,,, और कुछ अंग्रेजी में नाम बताया,,,,

तभी सरिता ने हंसते हुए जवाब दिया,,, वैलनटाइन डे !!!

हेमा के चेहरे पर भी एक हंसी की आभा फूट पड़ी और बोली-- " हाँ वही बे-ल-न-टा-इ ,,,पता नही मेरे तो मुँह से निकल भी नही रहा,,, बोलकर हंसने लगी ,,।

सरिता ने भी पूरे प्रसंग का आनंद लेते हुए बोला - " हाँ आज प्यार का दिन है,,,"

हेमा ने हंसते हुए अपनी कुर्ते की पाॅकेट से कुछ लाल-सफेद दिल आकार के गुब्बारे निकाल मुझे दिखाते हुए बोली,, -"नई वाली भाभी ने ये गुब्बारे मुझे भी दे दिए,,

बोली हैं- 'तुम भी लगा लेना',,, और अपने पति को भी -"है-प्-पी,, बे-ल-न-टा-इ -डे बोल देना,,,,,,
बोल हेमा थोड़ा लजाते हुए हंस दी।

फिर हेमा नई भाभी से प्राप्त 'बे-ल-न-टा-इ दिन की हतप्रभ करती विशिष्टताओं को बड़े उत्साह के साथ बताने लगी,,,।

"भाभी बोल रही थी-" आज के दिन गुलाब बहुत महंगें मिलते हैं,, एक गुलाब,, 50- 60 से कम नही,,और कैसे उसकी बाहर वाली मैडम की नई पुत्रवधु,, नानाप्रकार के 'प्रेमसूचक सजावट समाग्रियों से घर सजा रही थी।

सरिता पूरे वृत्तांत को बड़ी रोचकता के साथ सुन कर आनंदित हो रही थी।

सरिता ने पूरे प्रंसग का मज़ा लेते हुए थोड़ा हेमा को छेड़ते हुए उससे पूछा-
' तो हेमा,,तुम ये गुब्बारे अपने घर पर सजाओगी,,?"

"अब नई वाली भाभी दीं हैं इतने गुब्बारे ,,, तो घर जा कर मै भी सजा लूँगीं ,,,,
रोज़ कि वही घिसी-पिटी कामकाजी भागदौड़ से ऊबी उसकी आत्मा,,,क्षणिक ही सही परन्तु एक आकर्षण पूर्ण नवीन पल को जीने के मनोभाव को छुपाने का प्रयास करते हुए,,बड़ा भोला सा जवाब दे गई,,।

सरिता ने भी उसके मन को भांपते हुए ,हल्के से मुस्कुराते हुए कहा-"हाँ अब दिया है तो सजा लेना",,, और अपना काम करने किचन में चली गई।
****समाप्त****

मंगलवार, 13 फ़रवरी 2018

ठहराव,,,

                       (चित्राभार इन्टरनेट)

ठहराव भी शून्य सम

तिमिर का गहराता तम

चक्षु का फैलता आकार

खोजते हों खोया मम्

बहता जीवन नवीनतम्

नित नए अनुभव महत्तम्

शैवाल पकड़ता ठहराव

बहाव लिए दिशा निरन्तम्

बयार करती प्रयास लघुत्तम्

होती तरंगित लहरें मध्दम्

उदासीनता लाता ठहराव

जलजीव रखें सक्रिय हरदम

पिय बिन रचना बोलत नाही,,

                      (चित्राभार इन्टरनेट)

पिय बिन रचना
बोलत नाही,
पट हिरदय के
खोलत नाही।

कुंज कंवल के
रवि मुख ताकैं
नटखट मुसिकाएं
कछु बोलत नाही।

पुष्पपात से ढकि
रहे ताल,
लहरन की गति
दीखै नाही
कहो कैसे मैं भाव
दिखाऊँ?
शब्दजाल अब
बुनते नाहीं,
प्रिय बिनु रचना
बोलत नाहीं ।

बढ़ि बढ़ि उचकैं
पंखुरि फैला करिं
पिय मुख सम्मुख
पावत नाहीं,,
भये उदास,
टूटत है आस,
प्यास मिलन
की तरतै नाही,
प्रिय बिनु रचना
बोलत नाही।
पट हिरदय के
खोलत नाहीं।
 लिली

सोमवार, 12 फ़रवरी 2018

दांव ज़िन्दगी के,,,

                        (चित्राभार इन्टरनेट)


ज़िन्दगी
के दांव
बड़े झोलिदा
निकले,,,,

खुद  को
मीर समझते थे
जो,
किस्मती कफ़स
में कैद,
शतरंजी
प्यादा निकले,,

नाशिनास
बड़े,
सोचते हैं,
उफ़क
रंगीन है
उनके दम से,
अफसोस ज़ेहन
के बड़े
कमतर निकले,,

ख़ुद से
अग्यार
ग़ैरों  को
ऐयाश
कहते हैं,
उनसे कहो,
 ऐब़ अपने
झांककर निकलें,,

कमज़ोर पर
उक़ूबत कर
सिकन्दर ना बन,
वही पाता है
नुसर्त,,
जो सबको
गले लगाकर   
निकले,,

लिली 😊

बुधवार, 7 फ़रवरी 2018

बसंत,,, (हाइकू)

                        (चित्राभार इन्टरनेट)

हाइकू

🌻बसंत🌻

छाया बंसत
सुरभित पवन
पिया की याद

कोकिल कहे
कुहूँ कुहूँ पुकार
प्रियतम आ

आँखियां रोवें
उठे कसक जिया
बैरी बसंत

पीत वसन
लहराती वसुधा
गोरी उदास

लिली 😊

मंगलवार, 6 फ़रवरी 2018

डायरी

                         (चित्राभार इन्टरनेट)

                   कहानी
              ----------------
     


डायरी के पन्नों मे छुपी मन की कोमल अनुभूतियां !!!!! निश्चित रूप से किसी फूल को हाथ में पकड़,, ऊँगलियों से उसकी हर एक पंखुड़ियों को पूरी तन्मयता के साथ,,उसे अनुभव करने जैसा लगता है,,। अतीत के गलियारों का जैसे कोई कोना,,अपनी तरफ खींच लेता हो,,,। एक आलिंगन एक चुम्बन के लिए,,,,,,,। कुछ पल की यह सिहराती अनुभूति,,लम्बे समय तक मुस्कुराहट बिखराती रहती है। 
       आज पता नही कैसे याद आ गई प्रिया को अपनी 'डायरी',,,जो सालों से दबी थी 'बाॅक्स बेड' की गहराइयों में।
      'अपना समय' 'अपने साथ' गुज़ार रही थी। बच्चे- पति सब स्कूल आॅफिस जा चुके हैं। प्रिया तल्लीन होकर एक-एक पन्ने को पढ़ रही है,,,,अपने अतीत से रूबरू हो रही है।
     कभी आंखें नम हो रही हैं,,कभी लाज से गुलाबी हो रही हैं,,,,। कितने भाव समेटे हुए है हर पन्ना,,,,,,!!!!!!!
      15 जनवरी के एक पन्ने पर आंखें अटक गईं,, एक कौतूहल लिए। प्रिया ने पढ़ना शुरू किया,, पंक्ति के हर भाव उसके चेहरे पर तैरते हुए,,,जैसे एक बार फिर जी रही हो,,,,,,,,
    ' आज 'मूड' कुछ ठीक नहीं था। शनिवार के दिन बाज़ार जाने का कार्यक्रम था,,,। पर किन्ही कारणों से हो नही पाया,,,( प्रिया ने ज़ोर डाला,,क्या हो सकता होगा वो कारण,,,,? )खैर वह आगे बढ़ी,,,,,,,,।
      इतवार के दिन जाने का मुकर्र हुआ। पर नीरज की कार में कुछ समस्या आ गई और वह कार को दिखाने के लिए चले गए,,,,। 
     बोल कर गए की दोपहर का खाना खाने के बाद निकलेगें। खाना खाने के बाद 'पूल' खेलने चले गए,,,,,
( छुट्टी के दिन 'पूल' खेलने जाना भी एक नियम था,,,, प्रिया अपने आपसे ही बोलने लगी,,,चेहरा ऊपर उठाकर सामने देखते हुए,,,अब तो नीरज ने जाना ही बंद कर दिया है) मन ही मन बुदबुदाई,,,कितना कुछ बदल गया है,,,,,हाआआआआआ,,एक गहरी सांस छोड़ते हुए,, आगे बढ़ी।
       छुट्टी के दिन भी चले जाते हैं,,,,पता नही क्यों मुझे बहुत खराब लगता है,,। बस लगता है आंखों के सामने बैठे रहें ,,,,,,!! मुझे इसी बात पर बार-बार रोना आ रहा था,,,,तो कभी ये ख्याल के -" कितने खराब हैं,,पूरे हफ्ते ऑफिस जाते हैं,, सारे दिन में बस 2-3 घंटें मिलते हैं,,साथ रहने को,,,।छुट्टी के दिन तो साथ रहें,,,।
     माँ- बाबा से कितनी बातें करूँ मैं,,? वैसे भी वह इतने बड़े हैं मुझसे के समझ नही आता क्या बात करूँ,,,??
      फिर लगता है,,मैं क्यों अपना मूड खराब करती हूँ,,? सप्ताह भर ऑफिस का तनाव भरा काम,,एक दिन अपनी इच्छानुसार उसे बिताया तो क्या गलत है,,????
      दोनो तरह की विचारधाराओं की उठा पटक जारी थी,,पर मेरा स्वार्थ मुझपर पूरी तरह हावी था,,।
     इसीलिए मैं सो गई,,,,, हलांकि मै सोई नही थी,,,,हर आने वाले स्कूटर की आवाज़ पर चौकन्नी हो जाती,,,और खिड़की से झांक कर देखती,,,नीरज तो नहीं,,,,,,,?(प्रिया हंस पड़ी अपनी इस पंक्ति को पढ़)
        4 बजे आकर नीरज मेरे करीब आए,,और बाजार जाने के लिए बोला,,,मैने गुस्से को छुपाते हुए,,'नही जाने का मन है' का बहाना बना दिया,,,,। 
      वो समझ गए थे के मेरा मिजाज़ उखड़ा है,,,,। बेचारे बार-बार 'माफी' मांगते रहे,,,,। पर मैं पूरी कोशिश के साथ गुस्से को अंदर दबोच कर लेटी रही।
       नीरज फिर किसी काम से बाहर चल दिए। नीरज के जाते ही बिजली की तरह मेरा हृदयपरिवर्तन हो उठा,,,। मुझे अब खुद पर गुस्सा आने लगा,,, नीरज अब मेरे मन को 'बेचारे' लगने लगे,,,,(प्रिया हंसी रोक ना पाई) । बिचारे मेरे लिए जल्दी-जल्दी आए और मैं मुहँ फुलाए बैठी रही,,,,।
     उस समय लगने लगा,,काश कहीं मिल जाएं नीरज,,,,और मै उनको गले से लगा लूँ,,,,,,। अपनी हरकत पर पछतावे का उफान आ रहा था।
    लौटकर आते ही वह मेरे पास आए,,,मैं लेटी ही थी,, झट से उठी और नीरज को गले से लगा लिया,,,,,।(प्रिया आह्लादित भावों से भर उठी)
       नीरज मेरे पास आकर बैठ गए,,,,और बार-बार पूछने लगे-" बताओ तो सही हुआ क्या है?" लेकिन मै उतनी ही बार -"कुछ नही,,कुछ नही " करती रही,,,,, धीरे से उनके कंधे पर सिर रख दिया,,,और लगा सब कुछ भूल गई,,,। 
      न जाने कौन से सुख की अनुभूति होती है,,जब मैं नीरज के कंधे या सीने पर सिर रख कर आंखें बंद किए पड़ी रहती हूँ,,,,,,,,! लगता है,,,मेरा सर्वस्य यहीं समाया है।
     नीरज को पति रूप में पा अपने भाग्य को सराहती हुई,,,एक पल को खुद को कोसने भी लगी थी,,,,मै कितनी बुरी हूँ,,,अब से कभी भी ऐसे इनको कष्ट ना दूँगीं।"
        प्रिया ने बड़े मुस्कुराते हुए,,,पूरी नज़ाकत के साथ अपनी डायरी को बंद कर साइड टेबल पर रख दिया,,,,।
      थोड़ी देर सामने का खुला आकाश देखने लगी,,और ना जाने किन भावों में डूब गई,,,,,,। तभी पास रखा मोबाइल बज उठा,,और प्रिया की तंद्रा भंग हो गई ,,।
     'हैलो',,,, "जी शायद आपने गलत नम्बर डायल कर दिया है,,,आप कृपया नम्बर जांच लें।"
थोड़ा झुन्झलाई सी प्रिया रसोई की तरफ बढ़ चली
  

    सोफे से किचन तक के सफर में,,, यही सोचती रही,,,अब ऐसे क्षण नही मिलते,,,,कितना कुछ बदल गया है,,। अब रूठती हूँ तो नीरज बार-बार नही पूछते,,,"हुआ क्या है,,बताओ ना?"
      या फिर मेरे एक बार "कुछ नही" बोलने पर मेरे पास आकर नही बैठते,,,,,,,,। 
        शायद अब हम बिना बोले ही एक दूजे को अच्छी तरह समझने लगें हैं,,,,,समय के साथ परिपक्व हो गए हैं,,

गौरैया,,,,

                      (चित्राभार इन्टरनेट)

कहानी

************
सोफे की गद्दी को फर्श पर रख कर,, औंधे मुँह बड़ी फुरसत से लुढ़की पड़ी है,,लता । बरामदे के जाल के दरवाजें से आसमान की तरफ अपनी दृष्टि जमाए।
      मौसम आज अच्छा है,,बादल छाए हैं और हल्की-हल्की हवा चल रही है। आज कोई काम नही है,,। वरना शाम का समय बच्चों को ट्यूशन, खेल के मैदान,माँ के घर आने-जाने मे कैसे कट जाता है,,वह खुद ही नही समझ पाती।
       आने वाले चार दिनों की छुट्टियां हैं ,,एक अजीब सा सुकून है,,भाग दौड़ से राहत है। शायद इसी लिए मन की गौरेया थोड़ी अपनी मस्ती मे है,,,,,।

     गौरैया बहुत भाती हैं लता को,,छोटी सी,,काया,,भोली सी सूरत,,और चंचलता अपार,,। उसके काॅलोनी में गौरैया का झुंड अक्सर मिट्टी में चहचहाता हुआ,,बिजली के तारों और खिड़कियों पर फुदकता हुआ दिख जाता है।
     इन सबके अलावा एक विशेष लगाव है लता को गौरैया से,,,,। किसी का 'आह्लादित सम्बोधन' याद आ जाता है,,,इस नन्ही सी फुदकती चिड़िया को देखकर,,,और लता रोक नही पाती अपने चेहरे पर छा जाने वाली शरमाई,,गुलाबी आभा को।
      ऑनलाइन मुलाकात हुई थी सुमित से,,उसकी स्वाभाविक रचनाओं  ने बहुत प्रभावित किया था लता को। अक्सर लता सुमित से कुछ लिखने का आग्रह कर जाती थी। रोज़ ऑनलाइन मुलाकतों का सिलसिला बढ़ने लगा था। दोनो ही एक दूजे की प्रतीक्षा में रहते,,,,परन्तु बात करने की प्रबल चाहत होते हुए भी एक हिचकिचाहट रहती थी लता में,,वह थोड़ी देर के लिए आती,,,सुमित से बात कर के चली जाया करती थी,,।
     इतवार की छुट्टी थी,,। सुमित अपने परिवार से दूर दूसरे शहर में एक रूम लेकर अकेला रहता था। लता से ऑनलाइन परिचय होने के पश्चात छुट्टी के दिन,,बेसब्री से उसके आने की प्रतीक्षा में ढेरों कविताओं की रचना कर पोस्ट करता रहता,,। हर कविता जैसे पुकार रही हो,,,,, "आ जाओ अब",,,,,,!
      लता भी छुप-छुपकर उसकी कविताओं को पढ़ ,,बेचैनी का आनंद लेती,,मन ही मन मुस्कुराती। सुमित से बात करने की अपार इच्छा होते हुए भी वह खुलकर सामने नही आती थी। एक दिन सुमित की कुछ पंक्तियां आईं,,,
  
"यूँ आती हैं पल भर में चली जाती हैं
जैसे गौरेया मुंडेर पर फुदक जाती है

कई रंगों में गौरेया भी ढल जाती है
चहकती है और दिल मे उतर जाती है

यूँ फूदक कर  हर तनाव हर जाती है
होकर आकर्षित नित मुंडेर पर आ जाती है

गौरेया से मुंडेर की भावना की बंधी डोर है
शोर न चिल्लाना बस आती है फुदक जाती है"

बस इन पंक्तियों की गौरैया उसके व्यक्तित्व की पहचान बन गई,,। धीरे -धीरे हिचकिचाहट के बंधन लता को नही बांध पाए,,। कब लता सुमित की गौरैया बन गई वह खुद भी ना जान पाई।
अक्सर बड़े लाड़ से सुमित उसे 'मेरी प्यारी गौरैया!' बोलता था,,,और लता जैसे उदकती फुदकती सुमित के दिल की मुंडेर पर चहचहाने लगती थी।
       यह सिलसिला आज भी चल रहा है,,,,। गौरैया जैसे छत की मुंडेर या खुली खिड़कियों के पल्लों पर ही चहचहाकर ,,फुदक कर फुर्र हो जाती हैं,,। किसी ने प्यार से दाना-पानी  रख दिया तो दिन में कई बार आकर फुदक जाती हैं। वह उस मुंडेर से परच जाती हैं। पर उसकी  सीमा बस वहीं तक होती है।
        कभी घर के अंदर नही आतीं। ठीक उसी तरह लता भी सुमित की गौरैया है। उसकी मुंडेर से परची हुई,,।सुबह शाम आती रहती दाना चुगनें।
     कभी-कभी ऐसा भी होता है,,मुंडेर का मालिक दाना नही रख पाता,,व्यस्ता के कारण,,फिर भी गौरैया आती है,,,,परची हुई है ना,,,,,,,,। सूखे पानी के पात्र,,और कुछ पहले के पड़े दानों पर अपनी चोंच पटक कर,,,,इधर-उधर कूद जाती है,,,,। थोड़ी मायूसी दिखती है उसकी चहक में,, बेचैनी दिखती है उसकी फुदकन में। पर गौरैया आती है फिर भी मुंडेर पर।
    
      सुमित की गौरैया भी आती रहेगी उसके घर की मुंडेर पर,,,,,,। इन्ही ख्यालों मे खोई लता की आंखे छलक उठीं,,,,। कैसा अनुराग है यह,,,? जानती है कि कभी चाहकर भी मुंडेर लांघ कर अंदर नही आ सकती,,,पर एक आसक्ति है,,दोनों के बीच एक अदृश्य सा बंधन है,,,। इस बंधन में कसाव नही है,,किनारों का बंधन ही सही,, पर नदी सा बहाव है।
       तभी दरवाज़े की घंटी बजती है,,,,सुमित की मुंडेर से उसे उड़ना पड़ा ,,, और गौरैया का रूप तज लता दरवाज़ा खोलती है। बेटा खेल कर आ गया है,,,। लता जुट जाती है,,अपने कामों में,,,। जीवन का यथार्थ सुमित की मुंडेर से उसके घर के भीतर तक कभी नही ले जाएगा लता को। इस दर्द की टीस के साथ ही जीना है,,,।
      सुमित का 'मेरी प्यारी गौरैया' ! सम्बोधन एक मखमली सहलाहट सा सुकून दे जाता है। लता को कुछ पल फुदकने के लिए एक मुंडेर दे जाता है,,,,,,,,,।


*******समाप्त********