मंगलवार, 23 अक्टूबर 2018

यथार्थ

                       (चित्राभार इंटरनेट)

#यथार्थ
🌵🌷🌵🌷

ऊपर वाले का
करिश्मा,,
क्या कहिए,,!!

दिमाग़ बनाया
दिल बनाया,,
फिर
पेट बना दिया,,
और
आकार इसका
दिल और दिमाग़
से थोड़ा नही,,
बहुत बड़ा बना दिया,,
फिर क्या था,,,,
पेट भरने के लिए,,
दिमाग़ ने सोचना,,
और
दिल ने धड़कना शुरू कर दिया,,

दिमाग़ ने खिलाफ़त की,,
तो
पेट की भूख ने आकार बढ़ा लिया,,
दिल ने बग़ावत की
तो
दिमाग़ ने उसे समझा दिया,,
जीत आखिर पेट की हुई,,

ख़याल,सोच,एहसास,जज़्बात
अब रोटी के निवाले
से ही चलते हैं,,
भावनाओं के पाचक रस
भी पेट की चौखट पर
मथ्था टेक के निकलते हैं,,,
लिली😊

बुधवार, 10 अक्टूबर 2018

कविता,,हम स्त्रियों सा बिहेव क्यों करती हैं,,,,,,,?

                          (चित्राभार इन्टरनेट)

आज एक बहुत ही खूबसूरत कविता पढ़ी,,और दिन ब दिन कविताओं पर बढ़ती मेरी आसक्ति पर आज कुछ ऐसी अभिव्यक्ति निकल पड़ी,,
🌿🌷🌿🌷🌿🌷🌿🌷🌿🌷🌿🌷🌿🌷🌿

हर कविता यही चाहती है,,
'सम्पूर्ण एकाधिकार",,,,
'उस पर,,,,,
जिसे वह चाहती है'!!

धीरे-धीरे जकड़कर
कैद कर लेना चाहती है
उसकी सोच,,,उसका शरीर,,
उसकी नींद,,,,उसका चैन,,,
उसका हास्य,,,उसका रुदन
उसकी रुचि,,उसकी अरुचि
उसके अस्तित्व के हर पोर
में फंसा कर अपने
'सम्पूर्ण एकाधिकार' की जड़ें,,
'#लाॅक' कर देना चाहती हैं,,,,

फिर भीड़ में,,एकान्त में,,
जड़ में,,,चेतन में
प्रस्फुटित अंकुर सी
आतुर दृष्टि लिए,,
सदा यही एक धुन
सुनना चाहती हैं,,,,,

"तुम मेरी हो!!"
"तुम मेरी हो!!"
"तुम मेरी हो!!"
भले ही होंठ हिला
कर कहने में
हिचकिचाती हों,,,
पर कहने से भी चूकती नहीं,,,,
हर बार नए रूपधर
समर्पिता सी ,,
बिखर जाती हैं
हृदय के नरम बिछौने पर,,

कोई बताएगा मुझे,,,,,,,
ये "कविताएं भी क्यों,,
हम 'स्त्रियों' जैसा '#बिहेव'
करती हैं?????"
🤔🤔😄😄

लिली🌿🌿

मंगलवार, 2 अक्टूबर 2018

ये वही तुम हो,,,,,,?


                     (चित्राभार इन्टरनेट)

ये वही तुम हो,,,,?
,,या ,,
मैं अब वैसी ना रही?

 खिंचने लगीं ख़ामोशियां?
,,या,,
बे-चैनियां वैसी ना रहीं?

सरक गया सूरज भी,
नज़रें बचा कर उफ़क में
 रात भीं तो सो गईं
वो भी तड़पती ना रहीं,,,

ये वही तुम हो,,?
,,या,,,
मैं अब वैसी ना रही,,?

हसरतों की टकटकी,
पलक सी झपकने लगीं,,
इन्तज़ार भी थक चला,
लौट कर,न जाने कहीं??

चौखटें मायूस सी,
सूखी नज़र लिए खड़ी,
आस फिर भी एक टक
सूनी गली तकने लगीं,,,

ये वही तुम हो,,?
,,,या,,,
मैं अब वैसी ना रही??

लिली🌿

बुधवार, 26 सितंबर 2018

दीवारें

                    (चित्राभार इंटरनेट)

#दीवारें🌿

दीवारों का वजूद भी,
अजीब होता है
होना भी ज़रूरी
और
ना होना भी अजीज़
होता है,,

मौजूदगी इनकी
डराती भी है,,,
'धीरे बोलो',,,
"दीवारों के भी कान होते हैं",,,!!
तो वहीं,,,,
चार दीवारों और उनपर
टिकी छत कमाने के लिए,,
लोग,,खून पसीने की
फ़सल बोते हैं,,,

नफां भी कमाती हैं
नुकसान भी दिखाती हैं,,
दिली नफ़रतों की नींव पर
मज़बूती से खड़ी होती हैं,,,
अपने जिस्म पर प्यार की
बानगी भी लिए होती हैं,,,

ना जाने कितने रंगों में
रंगीं होती हैं,,
यूं तो महज़ ईंट-गारे
की बनी होती हैं,,

इंसानी आबरू को
पनाह भी यहीं मिलती है,,
,,,तो,,
इनकी आड़ में बेरहमीं से,
लुटती भी यहीं दिखती हैं,,,

कभी ये सीली,,
तो कभी,,
सूनी दिखती हैं
ढलती उम्र के बिस्तर पर
यादों के एलबम सी
दिखती हैं,,,
लाचार शरीर की गवाह
बनी,,
बड़ी बेचारगीं से तकती हैं,,

और भी बहुत कुछ है,,
मगर,,
इतना ही काफ़ी है,,,
अभी और पढ़ लूं मैं इनको,,
इनकें कोनों में छिपा,,
बहुत कुछ बाकी है,,,,।

लिली 😊

शनिवार, 22 सितंबर 2018

आश्विनी अनुभूति,,,,



अश्विन मास के लगते ही,,,प्रकृति जैसे देवी-देवताओं के धरा आगमन की तैयारी में जुट जाती है। गणेशोत्सव के साथ शुभ का शंखनाद आरम्भ हो जाता है।
       आकाश का नीलाभ जैसे खुद को श्रावणी वृष्टि से धो पोछकर नीलम रत्न सा चटख चमकदार हो जाता है। ग्रीष्म के ताप से वाष्पित बिन्दुओं से भरे काले मेघ,,,,बरस कर भारमुक्त हो चुके हों जैसे,,,सब पंतग से हल्के हो कर श्वेतमाल से नील गगन पर इधर-उधर उत्सव की तैयारी में जुटे ,,तत्परता से तैरते नज़र आने लगते हैं।
          आसमान पर जैसे होड़ मची है उत्सवी शामयाना सजाने की। धरा ने भी खुद का श्रृंगार उतनी ही कुशलता से करना आरम्भ कर दिया है। धुले-धुले से गाछ-पात,,,हरित दूब के नरम गलीचे,,,हरश्रृगांर के फूलों से लदे पेड़,,जो  हवा के स्नेहिल स्पर्श से किसी नव यौवना की चंचल हंसीं से बिखर पड़ते हैं घास पर। हवा का नटखट झोंका भर कर स्वयं में उन शिवली का सुवास बह निकलता है आत्मशीतल कर अन्यत्र कहीं। दूब का फैला आंचल एकत्र कर प्राजक्ता के फूल,,,गुथने लग जाते हैं पुष्पमाल,,,देवी को अर्पित करने हेतु।
              नदी के जल से भर अपने यौवनी उन्माद में किल्लोल करती अलमस्त बही जा रही,,,। सूर्य की रश्मियों की गुनगुनाती ऊष्मा से हो उल्लासित उसकी अल्हड़ता मृणालिनी बन चली है। धरा निकली है नहा कर नदिया के तट पर,,और धारण किए हैं लहलहाते कास-पुष्पी वसन। जिसका लहराता आंचल बार-बार उद्धत है आकाश  छूने को।
       उधर गांव में ढाकियों ने शुरू कर दिया है अभ्यास,,, दे रहे हैं दिन-रात ढाक पर एक नव आशा की थाप,,,,,!! इस बार 'माँ' आएगीं उनके लिए लेकर शुभ उन्नत जीवन का आशीर्वाद। जिससे दूर होंगें उनके संताप। छोटे बालकों हाथों में लिए कास्य थाल,,मिला रहे अपने पितृ संग ताल,,,,उन्हे है आस इसबार माँ लाएगीं उनके लिए स्वादिष्ट भोग-प्रसाद। स्त्रियां मन में संजोने लगी हैं नए स्वप्न , स्वामी कमा कर लाएगा कुछ अधिक 'मूल' इसबार,,,साथ होंगें  नूतन वस्त्र,आलता-सिन्दूर । उनका असल उत्सव तो शुरू होता है 'माँ' के वापस जाने के उपरान्त । जब लौट कर आते हैं उनके स्वामी परदेश से ।
          हर हृदय में घुलने लगी है उत्सवी श्वास,,होंगें कितने ही परिवार एकत्र एक वर्ष बाद। वयोवृद्ध माँ-पिता आशान्वित हैं,,,आने वाले हैं पुत्र-पुत्रवधु और पोते-पोतियां। सब मिलकर बिताएगें कुछ सुखद क्षण फिर एकबार।
       धरा,गगन,मानव मन सब जुट गए हैं 'देवी के आगमन' की तैयारी में।
 आज मोन आमार ओ होए एलो पूजो-पूजो(आज मेरा भी मन पूजा की पूर्वानुभूतियों से आन्दोलित हो उठा)।
  मेरे मन का आकाश भी आश्विनी आभास से आनंदित हो नर्तन कर उठा।

🌷दुर्गा दुर्गा ⚘

देवी आगमनी,,,

(चित्राभार इंटरनेट)


नील-अश्विन आकाश पर,
 हैं तैरते
सफेद बादलों के,
उत्सवी गुच्छ,,,

मंद हवा के झोकों में,
कुछ है शीतलता का पुट,,
किया धरा ने धारण
लहलहाते कास-पुष्प,,

किलक कर झरते
बयारी स्पर्श से,
'शिवली',,
पा दूब्र का हरित आलिंगन
द्रवित हुआ अंतर शुष्क!!

ढाक स्वर किल्लोलित
सरित जल में,,
आगमनी गा रही
हर दिशा हो अनुष्क,,

आ रही हैं देवी
फिर लिए ,
आनंदोत्सव
फिर व्योम उल्लासित
हो इन्द्रधनुष,,,
लिली🌾🌿🌼






रविवार, 16 सितंबर 2018

पिघलती बर्फ़ हिमालय की,,,,

           (चित्र साभार मेरे मित्र सौरभ पांडे की सौजन्य से)
              कसौनी की खूबसूरत वादियों से

  • फेसबुक पर सौरभ द्वारा अपलोड की गई ये खूबसूरत छवि,,देख कविता भी रुक ना पाई,,,😊 



गरम चाय के प्याले
से उठते धुंएँ से,
पिघल रही है बर्फ़
हिमालय की,,
ठिठुरता सा था
जो आसमान ठंड से,
लेकर नीलाभ
फैल गया था दूर तक,,
जो धुंध थी छाई
हरितिमा पर,सब झर
चुकी थी धरा पर,,,
सब साफ़ सा,
सब स्पष्ट सा निखरा हुआ,
खिला खिला उजियाला लिए,,
पोछ दिए हों लेंस कैमरे के,
',,,,,और,,,,,
निकलती हो तस्वीर,,
'हाई रेज़्यूलेशन' क्वालिटी लिए,,
रफ़्तार पकड़ती सोच,,
किसी व्यस्त शहर की
सड़कों सी,,
हर घूंट के साथ
लक्ष्य पकड़ते हौंसलें,
तैयार करते खुद को,
एक और दिन की शुरूवात
के लिए,,,
ये महज़ प्याला नही,
एक कप चाय का,,,,
ये है सूरज मेरा,,,
मेरी बालकनी की
रेलिंग पर टिका,,,,
लिली😊